देश

बेगूसराय में खौफ का साया: कहीं पैसे के लालच में दोस्त बना कातिल, तो कहीं तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बुझाया घर का चिराग

Bihar Crime News: रविशंकर शर्मा/बेगूसराय: बिहार का बेगूसराय जिला इस वक्त अपराध और हादसों की दोहरी मार झेल रहा है. पिछले 24 घंटों के भीतर जिले से ऐसी खबरें सामने आई हैं, जिन्होंने न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि आम जनता के मन में भी खौफ भर दिया है. कहीं पैसों के लिए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, तो कहीं एक मासूम बच्चा तेज रफ्तार का शिकार हो गया.

डेढ़ लाख रुपए के लिए दोस्त की हत्या

पहली झकझोर देने वाली घटना एफसीआई थाना क्षेत्र के बिहट गांव की है. यहाँ 24 दिसंबर से लापता एक युवक, राहुल कुमार का शव आज एक पानी भरे गड्ढे से बरामद किया गया. राहुल की मौत की खबर मिलते ही बिहट गांव में मातम और गुस्से का माहौल है.

परिजनों ने जो कहानी सुनाई, वह किसी का भी दिल दहला सकती है. राहुल के पिता नीरज कुमार सिंह ने बताया कि 24 दिसंबर को राहुल अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था. उसके पास करीब डेढ़ लाख रुपए थे, जिससे वह एक गाड़ी खरीदने वाला था. लेकिन घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटा. जब काफी खोजबीन के बाद भी राहुल का कुछ पता नहीं चला, तो पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.

आज जब बिहट गांव के ही एक गड्ढे में उसका शव मिला, तो परिजनों का शक यकीन में बदल गया. उनका आरोप है कि राहुल के ही तथाकथित ‘दोस्तों’ ने पैसों के लालच में उसे बुलाया, रकम लूटी और फिर उसकी हत्या कर शव को पानी में फेंक दिया. पुलिस ने इस मामले में एक संदेही को हिरासत में लिया है, जिससे कड़ी पूछताछ की जा रही है.

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छीना मासूम का बचपन

अभी राहुल की हत्या का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि मंसूरचक थाना क्षेत्र से एक और दुखद खबर आ गई. यहां भवानीपुर के पास ईंट से लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 8 साल के मासूम बच्चे, मोहम्मद आदब को कुचल दिया. हादसा इतना भयावह था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

आदब अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया. मासूम की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें- भूपेश बघेल के बयान पर धीरेंद्र शास्त्री का पलटवार, छत्तीसगढ़ में धर्म और सियासत का नया संग्राम

बेगूसराय में बढ़ता क्राइम ग्राफ

जिले के हालात इस वक्त चिंताजनक बने हुए हैं. पिछले 24 घंटे में दो युवकों की हत्या हो चुकी है, जबकि एक अन्य युवक के अपहरण की बात सामने आ रही है. अपहरण के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है. अब देखना यह है कि प्रशासन इन बढ़ती वारदातों पर कैसे लगाम लगाता है और पीड़ित परिवारों को इंसाफ कब तक मिलता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस

Radha Priya

Recent Posts

मणिपुर यौन हिंसा मामला में सुप्रीम कोर्ट ने दिए ट्रायल में तेजी लाने के निर्देश

मणिपुर यौन हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट और CBI को पीड़ित गवाहों…

4 minutes ago

जब ‘शेषन’ से कांपते थे नेता… लिंगदोह की तकरार और अब ज्ञानेश कुमार के दौर की चुनौतियां, जानिए कैसे बदला चुनाव आयोग?

भारत के लोकतंत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त का पद हमेशा से विशेष महत्व रखता रहा…

11 minutes ago

पीएम मोदी पर टिप्पणी मामले में पवन खेड़ा की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने टाली सुनवाई

PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की एफआईआर रद्द करने…

28 minutes ago

पत्नी से नाराज पति ने मायके के बाहर 3 स्कूटियों में लगाई आग, CCTV वीडियो हुआ वायरल

Prayagraj Scooter Fire: प्रयागराज में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर…

30 minutes ago

लखीमपुर खीरी मामला में सुप्रीम कोर्ट सख्त, ट्रायल जज के खिलाफ जांच तेज करने का दिया निर्देश

लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट को ट्रायल जज के खिलाफ…

42 minutes ago

500 करोड़ के ट्रस्ट और पॉक्सो मामले के आरोपों पर घिरे सौरभ भारद्वाज, 10 अक्टूबर को आएगा कोर्ट का निर्णय

AAP नेता सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा दर्ज आपराधिक मानहानि…

56 minutes ago