Rajasthan News: राजस्थान के बीकानेर जिले से भाईदूज के पावन पर्व पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जिस दिन बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र की दुआ मांग रही थीं, उसी दिन एक बहन की जान बचाने के चक्कर में तीन भाइयों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी. एक ही परिवार के चार बच्चों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
बीकानेर के छत्तरगढ़ में भाईदूज के दिन पानी की डिग्गी में पैर फिसलने से डूबी बहन को बचाने के चक्कर में तीन भाइयों की भी डूबने से मौत हो गई. एक ही परिवार के चार बच्चों की इस आकस्मिक और दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
राजस्थान के बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के आवा गांव में बुधवार दोपहर यह हृदयविदारक हादसा हुआ. भाईदूज के त्योहार के दिन जहां एक तरफ जश्न का माहौल होना चाहिए था, वहीं इस दर्दनाक दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. एक साथ चार अर्थियां उठने से पूरा गांव गमगीन हो गया और हर किसी की आंखें नम थीं.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रमेश नायक के खेत में बनी करीब 100×100 फीट की पानी से भरी डिग्गी में उनकी 14 वर्षीय बेटी पूजा नहाने गई थी. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई. बहन को डूबता देख वहां मौजूद उसके भाई उसे बचाने के लिए एक के बाद एक डिग्गी में उतर गए, लेकिन दुर्भाग्य से कोई भी बाहर नहीं निकल सका और चारों पानी में समा गए.
इस दर्दनाक हादसे में नाबालिग बहन पूजा (14), उसके दो सगे भाइयों मुकेश (18), मनोज (16) और उनके चचेरे भाई निर्मल नायक (21) की डूबने से मौत हो गई. इस दिल दहला देने वाली घटना ने दो सगे भाइयों रमेश और कालूराम के परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया है, जिससे दोनों परिवारों में अब केवल एक-एक बेटा ही शेष बचा है.
घटना की सूचना मिलते ही छत्तरगढ़ थानाधिकारी नवनीत धालीवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शवों को बाहर निकाला. गमगीन माहौल के बीच शाम को चारों भाई-बहनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया, जिसे देखकर हर किसी का दिल पसीज गया.
-भारत एक्सप्रेस
दुनिया में पहले से मौजूद 9 परमाणु शक्तियों और उनके बीच बढ़ते तनाव के बीच…
AQI Today: दिवाली के बाद उत्तर भारत के कई शहरों में वायु गुणवत्ता बेहद खतरनाक…
8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट मई 2027 तक सौंपी जानी है. केंद्रीय…
Nvidia के CEO जेंसेन हुआंग ने पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार की है. चीनी…
Chhath Special Trains: छठ पूजा के मद्देनजर दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों से बिहार के लिए…
Gauhati High Court: हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि बिना औपचारिक…