भूटान PM शेरिंग तोबगे ने पीएम मोदी को लेकर हिंदी में लिखा लेख (इमेज-mfa.gov.bt)
Tshering Tobgay On PM Modi: भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ में हिंदी में एक लेख लिखा है. उन्होंने पीएम मोदी को एक ‘असाधारण जनसेवक’ बताते हुए कहा कि भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों में उन्होंने पड़ोसी देशों को हमेशा प्राथमिकता दी है. तोबगे ने अपने लेख में पीएम मोदी के नेतृत्व, विकसित भारत को लेकर उनके विजन और भारत-भूटान संबंधों का विस्तार से जिक्र किया है.
शेरिंग तोबगे ने साल 2019 में प्रधानमंत्री मोदी से हुई मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उस समय वह न प्रधानमंत्री थे और न ही सांसद. वह एक आम नागरिक के तौर पर पीएम मोदी से मिले थे. उन्होंने पीएम मोदी को अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वह उन्हें हमेशा अपने बड़े भाई की तरह मानते हैं.
तोबगे ने लिखा कि उन्होंने उस मुलाकात में मोदी को एक ‘दैवीय अवतार’ के रूप में देखने की बात कही थी. उनके मुताबिक भूटान और आसपास के इलाकों की परंपरा में ज्ञानी और नेक शासकों को इस तरह देखा जाता रहा है.
भूटान के प्रधानमंत्री ने मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर करीब 13 साल के कार्यकाल का भी उल्लेख किया. उन्होंने लिखा कि उन्होंने गुजरात में विकास, बुनियादी ढांचे, निवेश और योजनाओं पर जोर देखा और बाद में इसी महत्वाकांक्षा को मोदी ने राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया.
तोबगे ने विनिर्माण, विदेशी निवेश, वित्तीय समावेशन, स्वच्छता, तकनीक और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए मोदी को अनुशासित, ऊर्जावान और मेहनती जनसेवक बताया. उन्होंने कहा कि मोदी की सबसे खास बात उन्हें देशवासियों की सेवा के प्रति उनका समर्पण लगा.
तोबगे ने भूटान की बौद्ध परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि अच्छे नेतृत्व में ज्ञान, करुणा और साहस जैसे गुण होने चाहिए. उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी के विकसित भारत के विजन में उन्हें इन तीनों गुणों की झलक दिखाई देती है.
उनके मुताबिक 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य एक स्पष्ट विजन, समयसीमा और राष्ट्रीय मिशन के रूप में सामने रखा गया है. उन्होंने सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास का भी उल्लेख किया.
तोबगे ने लिखा कि विकसित भारत का महत्व सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. पीएम मोदी ने भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों में पड़ोसी देशों को हमेशा प्राथमिकता दी है. उन्होंने ‘वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ’ शिखर सम्मेलन और अफ्रीकी यूनियन को जी-20 का स्थायी सदस्य बनाने की पहल का भी उल्लेख किया.
तोबगे ने कहा,
विकसित भारत का मतलब विकसित भूटान भी है.
भूटानी पीएम ने जून 2014 में पीएम मोदी की भूटान यात्रा को भी याद किया. मोदी प्रधानमंत्री बनने के कुछ ही हफ्तों बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर भूटान गए थे. उस समय तोबगे भूटान के प्रधानमंत्री थे.
उन्होंने लिखा कि उस यात्रा में मोदी ने दोनों देशों के रिश्तों को ‘B4B: भारत भूटान के लिए, भूटान भारत के लिए’ के शब्दों में बताया था. तोबगे के मुताबिक, यह बोलना सरल था, लेकिन इसका अर्थ बहुत गहरा था और मोदी ने वर्षों में इसे करके दिखाया.
भारत की विकास साझेदारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की मदद से भूटान की 11वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान बड़े विकास कार्यक्रम पूरे किए गए. इसके बाद 12वीं योजना में भी सहयोग जारी रहा. तोबगे ने कहा कि 2024 में दोबारा सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार की 13वीं पंचवर्षीय योजना के लिए भारत ने मदद बढ़ाकर 10,000 करोड़ रुपये कर दी.
भारत-भूटान की विकास साझेदारी को लेकर दोनों देशों के आधिकारिक बयानों में भी बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, जलविद्युत और आर्थिक विकास में सहयोग को रेखांकित किया गया है.
शेरिंग तोबगे ने अपने लेख में भारतीय कारोबारियों की भूमिका का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि टाटा पावर, अदानी समूह, जेएसडब्ल्यू एनर्जी समेत कई भारतीय कंपनियां भूटान के आर्थिक बदलाव में निवेश कर रही हैं. भूटान की गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के बड़े कारोबारी इस महत्वाकांक्षी परियोजना में संस्थापक सदस्यों के तौर पर शामिल हुए हैं.
तोबगे ने भूटान के सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’ का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भूटान के राजा ने प्रधानमंत्री मोदी के योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया और वह इसे पाने वाले पहले और एकमात्र विदेशी राजनेता हैं.
ये भी पढ़ें- ‘सेवा में निष्ठा ही संसार का श्रेष्ठ पुण्य’ पीएम मोदी ने साझा किया महाभारत का श्लोक, दिया निष्स्वार्थ सेवा का संदेश
भूटानी पीएम तोबगे ने मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत रिश्ते का जिक्र करते हुए उन्हें बड़े भाई और मार्गदर्शक बताया. उन्होंने कहा कि पांच साल पहले मोदी को जिस ‘अवतार’ की संकल्पना में देखा था, उस विचार को लेकर वह खुद को सही मानते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
बॉलीवुड के लोकप्रिय कपल कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर अपनी दूसरी…
गृह मंत्री अमित शाह ने RAF के स्थापना दिवस पर जवानों और अधिकारियों को बधाई…
फुटबॉल के जादूगर लियोनेल मेसी के इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास के बाद उनका विदाई वीडियो…
BrahMos Missile Deal: भारत ने नौसेना के युद्धपोतों के लिए ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम के आधुनिक…
Punjab News: पंजाब में खुद को PCS अफसर और कुंवारी बताकर शादी करने वाली महिला…
PM Modi 25 Years in Public Life: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25…