पिछले हफ्ते महिला सम्मान योजना के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू गई थी.
Mahila Samman Yajana: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका देते हुए उपराज्यपाल वीके सक्सेना (LG VK Saxena) ने शनिवार (28 दिसंबर) को महिला सम्मान योजना के नाम पर रजिस्ट्रेशन कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया. कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित (Sandeep Dikshit) की शिकायत पर यह आदेश पुलिस कमिश्नर को दिया गया.
कैंप लगाकर रजिस्ट्रेशन कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया गया. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित ने बीते 26 दिसंबर को आप की ‘महिला सम्मान योजना’ को लेकर एलजी वीके सक्सेना से शिकायत की और दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी दिल्ली की महिलाओं के साथ धोखाधड़ी कर रही है.
संदीप दीक्षित ने कहा है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी (CM Atishi) और AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने घोषणा की थी कि शहर में ‘महिला सम्मान योजना’ पहले से ही चालू है, जबकि ऐसा नहीं है. अरविंद ने हाल ही में घोषणा की थी कि अगर उनकी पार्टी फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटती है तो यह राशि बढ़ाकर 2,100 रुपये कर दी जाएगी.
दिल्ली के एलजी के प्रधान सचिव ने शनिवार को दिल्ली के मुख्य सचिव और दिल्ली के पुलिस आयुक्त को आप द्वारा की गई घोषणाओं के बारे में पत्र लिखा है. इसमें आप द्वारा दिल्ली की हर महिला (18 वर्ष से अधिक आयु की) को 1000 रुपये प्रतिमाह देने और 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में दोबारा निर्वाचित होने पर इस राशि को बढ़ाकर 2100 रुपये प्रतिमाह करने की बात कही गई है.
पत्र में कहा गया है, ‘एलजी ने मुख्य सचिव से गैर-सरकारी लोगों द्वारा व्यक्तिगत विवरण और फॉर्म एकत्र करने के मामले में संभागीय आयुक्त के माध्यम से जांच कराने को कहा है. इसके अलावा पुलिस आयुक्त फील्ड अधिकारियों को ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दे सकते हैं, जो लाभ देने की आड़ में भोले-भाले नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी एकत्र करके उनकी गोपनीयता का उल्लंघन कर रहे हैं.’
संदीप दीक्षित ने कहा कि बीते बुधवार (25 दिसंबर) को दिल्ली सरकार के एक विभाग ने कहा था कि ऐसी कोई योजना नहीं है. उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए एकत्र किया जा रहा डेटा धोखाधड़ी का मामला है. उन्होंने कहा कि वे महिलाओं से फोन नंबर और पते एकत्र कर रहे हैं.
दीक्षित ने कहा, ‘हम कह रहे हैं कि अगर यह धोखाधड़ी का मामला है, तो इसकी जांच होनी चाहिए और इस धोखाधड़ी को अंजाम देने वाले दो लोगों – आतिशी और केजरीवाल – के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए. सभी आप कार्यकर्ताओं को (सूचना एकत्र करने से) रोका जाना चाहिए और दिल्ली पुलिस को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो.’
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि महिला सम्मान और संजीवनी योजना से भाजपा परेशान है. उन्होंने एलजी की घोषणा के बाद आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘भाजपा दिल्ली चुनाव हार रही है. मैंने कहा था कि चुनाव जीतने के बाद हम महिलाओं को 2100 रुपये देंगे और 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज देंगे. ये दोनों योजनाएं जनता के लिए इतनी फायदेमंद थीं कि लाखों लोगों ने पहले ही इनके लिए पंजीकरण करा लिया था.
उन्होंने कहा, ‘इससे भाजपा घबरा गई, भाजपा के कई नेताओं ने मुझसे कहा कि जीतना तो दूर, कई जगहों पर भाजपा की जमानत जब्त हो जाएगी. पहले उन्होंने अपने गुंडे भेजे, फिर पुलिस भेजकर पंजीकरण कैंप उखाड़ दिया, आज उन्होंने फर्जी जांच के आदेश दे दिए हैं कि जांच होगी. जांच किस बात की होगी? हमने चुनाव में घोषणा की थी कि अगर हम चुनाव जीतेंगे तो इसे लागू करेंगे.’
-भारत एक्सप्रेस
KGMU Love Jihad Case: लखनऊ के KGMU में हिंदू महिला कर्मचारियों को प्रेमजाल में फंसाकर…
हॉन्गकॉन्ग इंटरनेशनल सिक्सेस 2026 के 11वें स्थान के प्लेऑफ मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को…
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की…
Tejashwi Yadav: बिहार में दो निर्दलीय विधान पार्षदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद…
LPG Cylinder Price Hike: तेल कंपनियों ने 1 नवंबर 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल…
रवि पुष्य नक्षत्र और अहोई अष्टमी के संयोग में 1 नवंबर 2026 का दिन ज्योतिषीय…