बिहार MLC चुनाव में अनंत सिंह के बागी तेवर
Bihar MLC Election 2026: बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए के भीतर चल रहा विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है. शुक्रवार को पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में एनडीए की अहम बैठक हुई. उम्मीद थी कि इस बैठक में जेडीयू नेता अनंत सिंह और पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को सुलझा लिया जाएगा. हालांकि, बैठक के बाद अनंत सिंह के तेवर में कोई बदलाव नहीं दिखा. उन्होंने साफ कर दिया कि वह जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह का ही समर्थन करेंगे.
मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में एनडीए के विधायक और सांसद शामिल हुए. बैठक से बाहर आने के बाद जब अनंत सिंह से चुनाव को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि बैठक में कामकाज को लेकर चर्चा हुई है. सभी लोग अपने-अपने काम में लगे रहेंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई.
अनंत सिंह के इस बयान से साफ है कि फिलहाल वह अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. जेडीयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपने मुख्य प्रवक्ता और तीन बार के एमएलसी नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है. इसके बावजूद अनंत सिंह उनके समर्थन में खड़े होने के बजाय डॉ. अनुज कुमार सिंह के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं.
अनंत सिंह का नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर सामने आना जेडीयू के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहा है. वह जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह के समर्थन में रोड शो भी कर रहे हैं. अनंत सिंह इसे अपनी व्यक्तिगत लड़ाई बता चुके हैं. उनका कहना है कि वह नीरज कुमार को हराने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे.
इस मामले ने इसलिए भी राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है, क्योंकि अनंत सिंह जेडीयू के विधायक हैं और पार्टी ने नीरज कुमार को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है. ऐसे में उनका विपक्षी उम्मीदवार के समर्थन में उतरना एनडीए के भीतर मतभेदों को उजागर कर रहा है.
ये भी पढ़ें: ‘राष्ट्रपति की बात को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे राहुल’, बीजेपी का पलटवार, CJP प्रोटेस्ट से क्या है लिंक?
बैठक में शामिल जेडीयू कोटे के मंत्री जमा खान ने विवाद को ज्यादा तूल देने से बचते हुए कहा कि पार्टी में कोई नाराजगी नहीं है. सभी लोग एक परिवार की तरह हैं और मिलकर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट हैं. पार्टी का जो उम्मीदवार है, उसके समर्थन में कार्यकर्ता खड़े हैं. जमा खान ने भरोसा जताया कि एनडीए सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज करेगा.
हालांकि, अनंत सिंह के ताजा बयान के बाद यह देखना अहम होगा कि पार्टी नेतृत्व इस मामले में क्या कदम उठाता है और चुनाव से पहले विवाद सुलझाने के लिए कोई नई पहल होती है या नहीं.
-भारत एक्सप्रेस
Jantar Mantar Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर आ रहे…
बिहार में बैंकिंग धोखाधड़ी के दो मामले सामने आए हैं. गया की SBI शाखा में…
भारतीय शेयर बाजार में लगातार गिरावट और विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली ने निवेशकों की…
Bihar Police Result: बिहार पुलिस कॉन्स्टेबल जीडी परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है.…
Meditation Benefits: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जानिए कैसे नियमित ध्यान आपके मानसिक तनाव को…
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट…