बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर महाविनाशकारी चक्रवाती तूफान दस्तक देने को तैयार है. महज तीन हफ्तों के भीतर इस क्षेत्र में बनने वाले तीसरे चक्रवात का नाम Cyclone Akvan रखा गया है. ईरान द्वारा दिए गए इस नाम का अर्थ ‘दुष्ट मन’ या ‘बुरी मानसिकता’ होता है, जो इसके खतरनाक तेवरों को दर्शाता है.
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक समुद्र के ऊपर बना डिप्रेशन तेजी से ताकत जुटा रहा है और 17 नवंबर यानी मंगलवार तक इसके ‘भीषण चक्रवात’ में बदलने की प्रबल आशंका है. वैश्विक स्तर पर समुद्री तापमान में बदलाव (el nino) से मौसमी पैटर्न के बीच हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी में लगातार बन रहे ये सिस्टम तटीय राज्यों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर रहे हैं.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, Akvan cyclone इस समय दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे बंगाल की खाड़ी में अपनी ताकत बढ़ा रहा है. इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और फिर उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़कर सीधे आंध्र प्रदेश के तट की तरफ जाने का अनुमान है. अमेरिका स्थित ज्वाइंट टाइफून वार्निंग सेंटर (JTWC) के मुताबिक समुद्र की सतह का तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो इस तूफान को और ज्यादा शक्तिशाली बनाने के लिए पूरी तरह अनुकूल माहौल दे रहा है.
तूफान के संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है. राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि सभी जिलों में 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और NDRF व ODRAF की टीमों को तैनात कर दिया गया है.
मौसम विभाग ने गुरुवार को गजपति, गंजाम और पुरी में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. इसके बाद शुक्रवार को रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरी और शनिवार को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा व बरगढ़ में मूसलाधार बारिश के साथ निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन का खतरा जताया गया है.
Cyclone Akvan का असर सिर्फ आंध्र प्रदेश और ओडिशा तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दक्षिण से लेकर पूर्वी भारत तक इसका तांडव दिखेगा. तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों, पुडुचेरी और कराईकल में तेज बारिश की आशंका है. वहीं पश्चिम बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा, मेदिनीपुर के साथ-साथ उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी बादल जमकर बरसेंगे.
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और बचाव दलों को लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा है. मछुआरों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे तुरंत समुद्र से किनारे पर लौट आएं. इसके अलावा किसानों को सलाह दी गई है कि वे 18 और 19 नवंबर को होने वाली संभावित भारी बारिश से पहले अपनी पकी हुई फसलों की कटाई हर हाल में पूरी कर लें, ताकि नुकसान से बचा जा सके.
-भारत एक्सप्रेस
PM Modi: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला,…
PM Modi Philippines Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर…
चार दिवसीय लोकआस्था के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने…
बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर बढ़ रहा…
17 नवंबर 2026, मंगलवार को छठ महापर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य…
17 नवंबर 2026, मंगलवार को धनिष्ठा नक्षत्र और मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि का…