देश

16 साल की नाबालिग से दरिंदगी! 18 घंटे बाद बेसुध हालत में मिली 9वीं की छात्रा, मुख्य आरोपी समेत 4 के खिलाफ केस दर्ज

Dungarpur minor girl gangrape case: राजस्थान के डूंगरपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. ओबरी थाना क्षेत्र में एक 16 साल की नाबालिग छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया. हैवानियत का आलम यह था कि आरोपी मासूम को सुनसान जगह पर बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए.

वहीं करीब 18 घंटे तक लापता रहने के बाद जब वह गांव के पास ही अचेत अवस्था में मिली, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. फिलहाल पीड़िता का डूंगरपुर जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

कैसे वारदात को दिया अंजाम?

सागवाड़ा डीएसपी रूप सिंह ने बताया कि यह खौफनाक वारदात 30 मार्च की रात को हुई. 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग को उसके पिता ने घर के पास ही दुकान से तंबाकू लाने के लिए भेजा था. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. अगले दिन यानी 31 मार्च की शाम करीब 3 बजे, वह गांव के पास एक नाले के पास झाड़ियों में बेहोश मिली. उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और शरीर पर चोट के निशान थे, जिसे देख ग्रामीण और परिजन सन्न रह गए.

मुख्य आरोपी ने दो बार किया दुष्कर्म

होश में आने के बाद नाबालिग ने आपबीती सुनाई तो हर किसी की रूह कांप गई. पीड़िता के अनुसार, जब वह दुकान जा रही थी, तभी गांव का ही मुख्य आरोपी अपने तीन अन्य साथियों के साथ बाइक पर आया. उन्होंने उसे जबरन कुछ सुंघाया, जिससे वह अर्धविक्षिप्त स्थिति में आ गई.

बताते चलें इसके बाद आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर एक सुनसान जगह ले गए, जहां मुख्य आरोपी ने उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और अगले दिन दोपहर को उसे बेसुध छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए.

हालत गंभीर होने पर पीड़िता को किया गया रेफर

परिजनों ने तुरंत पीड़िता को सागवाड़ा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी नाजुक हालत और शरीर पर अंदरूनी चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. अस्पताल में भर्ती छात्रा अभी भी सदमे में है और पुलिस की एक टीम वहां उसकी सुरक्षा और बयान दर्ज करने के लिए तैनात की गई है.

वहीं डीएसपी रूप सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी और उसके तीन सहयोगियों के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म सहित पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.

आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश

बता दें कि इस जघन्य अपराध के बाद पूरे ओबरी थाना क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. वहीं, स्थानीय सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि पीड़िता को उचित मुआवजा दिया जाए और दरिंदों को फांसी जैसी सख्त सजा मिले ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिमाकत न कर सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस

नतांश पटेल

Crime and political journalist with 5+ years of experience, currently serving as Bureau In-Charge, Rajasthan at Bharat Express News Network. Known for leading editorial teams, delivering high-impact interviews, and driving audience growth through sharp content strategy.

Recent Posts