SP Manifesto 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी ने अपने पीडीए प्रणपत्र में महिलाओं के लिए कई बड़े वादे किए हैं. पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि यदि सरकार बनती है तो बेटी के जन्म पर उसके नाम से 10 ग्राम तक सोना दिया जाएगा. इसके साथ ही विधवा, दिव्यांग और अनाथ युवतियों के विवाह पर 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक आवास उपलब्ध कराने का वादा भी किया गया है.
पार्टी ने आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए भी विशेष योजना का जिक्र किया है. प्रणपत्र के मुताबिक बीपीएल परिवारों की महिलाओं को हर वर्ष 40 हजार रुपये पेंशन देने की व्यवस्था की जाएगी. वहीं गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों के लिए पहले चल चुकी ‘हौसला पोषण मिशन’ योजना को दोबारा शुरू करने का भी आश्वासन दिया गया है.
छात्राओं के लिए साइकिल और सोलर लैंप योजना
महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ छात्राओं की शिक्षा पर भी सपा ने जोर दिया है. पार्टी ने वादा किया है कि नौवीं कक्षा और उससे ऊपर पढ़ने वाली सभी छात्राओं को साइकिल और सोलर टेबल लैंप उपलब्ध कराए जाएंगे. इसके लिए विशेष वितरण योजना शुरू करने की बात कही गई है. इसके अलावा बीपीएल परिवारों को लेकर भी बड़ा वादा किया गया है. समाजवादी पार्टी का कहना है कि सरकार बनने के एक साल के अंदर सभी पात्र बीपीएल परिवारों के राशन कार्ड महिलाओं के नाम पर जारी किए जाएंगे. इसका उद्देश्य परिवार में महिलाओं की भागीदारी और अधिकारों को मजबूत करना बताया गया है.
जमीन और संपत्ति में महिलाओं की हिस्सेदारी
पीडीए प्रणपत्र में महिलाओं को संपत्ति संबंधी अधिकार देने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. पार्टी ने पति और पत्नी दोनों के नाम पर संयुक्त भूमि स्वामित्व की व्यवस्था लागू करने का वादा किया है. इसके लिए एक विशेष अभियान चलाए जाने की बात कही गई है. प्रणपत्र में महिला उत्तराधिकारियों के नाम भूमि के म्यूटेशन यानी नामांतरण की प्रक्रिया को भी बढ़ावा देने का उल्लेख है. साथ ही महिलाओं की सहायता और सुरक्षा के लिए प्रत्येक जिले में ‘आशाज्योति केंद्र’ स्थापित करने की योजना का भी ऐलान किया गया है. इस तरह बेटी के जन्म से लेकर शिक्षा, पोषण, पेंशन और संपत्ति अधिकार तक कई वादे शामिल किए गए हैं.
किसानों के लिए कर्जमाफी और पेंशन का भरोसा
समाजवादी पार्टी ने किसानों के लिए भी कई बड़ी घोषणाएं की हैं. पार्टी का दावा है कि सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर प्रदेश के किसानों का 100 प्रतिशत कर्ज माफ किया जाएगा. इसके साथ ही वर्ष 2031 तक प्रदेश के सभी किसानों को पूरी तरह कर्जमुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है. किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए ‘किसान आय एवं कल्याण आयोग’ बनाने का वादा भी किया गया है. यह आयोग हर साल किसानों की आर्थिक स्थिति का आकलन करेगा और आय बढ़ाने के उपाय सुझाएगा. गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले किसानों के लिए ‘लिविंग वेज स्कीम’ लागू करने का भी प्रस्ताव रखा गया है.
आपदा सहायता और बीमा पर भी जोर
किसानों के लिए पेंशन योजना का भी जिक्र प्रणपत्र में किया गया है. इसके तहत बुजुर्ग महिला एवं पुरुष किसानों और दिव्यांग किसानों को सालाना 40 हजार रुपये दिए जाने की बात कही गई है. प्राकृतिक आपदाओं के दौरान किसानों को तुरंत आर्थिक राहत देने के लिए ‘किसान कोष’ स्थापित करने का वादा किया गया है. वहीं फसल नुकसान की स्थिति में किसान बीमा के तहत मिलने वाले मुआवजे की सीमा बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा भी की गई है.
छात्रों को लैपटॉप और मुफ्त शिक्षा का वादा
शिक्षा क्षेत्र के लिए समाजवादी पार्टी ने कई योजनाओं का प्रस्ताव रखा है. पार्टी ने 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की योजना फिर शुरू करने का वादा किया है. इसके अलावा पिछड़े जिलों में ‘ग्रामीण कोचिंग हब’ विकसित करने की घोषणा की गई है. इसका उद्देश्य पीडीए परिवारों के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर कोचिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है. बीपीएल परिवारों के बच्चों को प्राथमिक और माध्यमिक स्तर तक मुफ्त शिक्षा देने का वादा भी घोषणापत्र में शामिल किया गया है.
ये भी पढ़ें-2027 की तैयारी में सपा का बड़ा दांव, ‘जन-मन घोषणापत्र’ जारी कर PDA राजनीति को दी नई धार
मिड-डे मील योजना में बदलाव की तैयारी
प्रणपत्र में स्कूलों की मिड-डे मील व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात भी कही गई है. समाजवादी पार्टी का कहना है कि इस योजना का दायरा बढ़ाया जाएगा और भोजन वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा. इसके लिए सेंट्रलाइज्ड किचन तथा डिलीवरी सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है. साथ ही यह सुनिश्चित करने की बात कही गई है कि बच्चों को पौष्टिक और संतुलित भोजन मिले, जिससे उनकी सेहत और शिक्षा दोनों को लाभ हो सके. कुल मिलाकर पीडीए प्रणपत्र में महिलाओं, किसानों और छात्रों को केंद्र में रखते हुए कई कल्याणकारी योजनाओं और आर्थिक सहायता कार्यक्रमों का वादा किया गया है, जिन्हें समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में अपने प्रमुख एजेंडे के रूप में पेश कर रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




