केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत.
रिपोर्ट- राजीव तिवारी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश एक बार फिर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगने जा रहा है. केंद्र सरकार ने इस साल भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत करने का ऐलान किया है. केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि यह अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान देश के लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों, कार्यालयों, दुकानों और अन्य संस्थानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं और इस राष्ट्रीय उत्सव में हिस्सा लें.
सरकार का कहना है कि ‘हर घर तिरंगा’ अब सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह लोगों की भागीदारी वाला एक बड़ा जन अभियान बन चुका है. इसका मकसद हर भारतीय के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाना है. 15 अगस्त के मौके पर यह अभियान अपने सबसे खास पड़ाव पर पहुंचेगा, जब देशभर में तिरंगे की शान देखने को मिलेगी.
इस बार के अभियान की सबसे बड़ी खासियत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होना है. सरकार इसे आज़ादी के आंदोलन की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ते हुए नई पीढ़ी तक देशभक्ति का संदेश पहुंचाने की कोशिश कर रही है. इसी उद्देश्य से देशभर में 200 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा यात्राएं, साइकिल और बाइक रैलियां जैसी कई गतिविधियां शामिल होंगी.
इन कार्यक्रमों में स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ एनसीसी, एनएसएस और नेहरू युवा केंद्र के युवा भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे. सरकार का मानना है कि युवाओं की भागीदारी इस अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाएगी.
इस बार अभियान में डिजिटल भागीदारी को भी खास महत्व दिया गया है. देशवासी तिरंगे के साथ ‘वंदे मातरम्’ गाते हुए अपनी सेल्फी harghartiranga.com पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे. इस बार एक नया फीचर भी जोड़ा गया है. जैसे ही कोई व्यक्ति अपनी फोटो अपलोड करेगा, उस तस्वीर पर अपने आप ‘वंदे मातरम्’ के बोल दिखाई देने लगेंगे. इससे लोगों को अभियान से जुड़ने का एक अलग और यादगार अनुभव मिलेगा.
पिछले साल सरकार के अनुसार देशभर में 23 करोड़ से अधिक घरों पर तिरंगा फहराया गया था. इस बार लक्ष्य इससे भी बड़ी जनभागीदारी हासिल करने का है, ताकि अभियान नए रिकॉर्ड बना सके.
सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए तिरंगे की उपलब्धता भी सुनिश्चित की है. राष्ट्रीय ध्वज डाक विभाग, स्वयं सहायता समूहों, खादी संस्थानों और अधिकृत विक्रय केंद्रों पर आसानी से मिल सकेगा. साथ ही सभी नागरिकों से भारतीय ध्वज संहिता का पालन करने की अपील की गई है.
संशोधित फ्लैग कोड के तहत अब नागरिक दिन और रात, दोनों समय अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहरा सकते हैं. सरकार का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, इसलिए इसे फहराते समय सभी नियमों और गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: झारखंड प्रोटेस्ट पर क्यों चुप हैं धोनी? लेफ्टिनेंट कर्नल का बोझ या फिर छवि बचाने के लिए बनाई दूरी
भारत एक्सप्रेस
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में बीजेपी और आरएसएस…
India Mobile Congress 2026: इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी…
रांची के हरमू स्थित जनरल ए.एस. वैद्य चौक का नाम बदलने को लेकर बीजेपी और…
उत्तराखंड में अब हर महीने की 9 तारीख को सुबह 11 बजे भूकंप का सायरन…
Navratri Vrat Rules: शारदीय नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक माता की पूजा-अर्चना और व्रत…
Pakistan Court Incident: पाकिस्तान के सिंध हाईकोर्ट की हैदराबाद सर्किट बेंच में 11 महीने से…