राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), डॉलीगंज, श्री विजयपुरम में पाँचवें कौशल दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया. समारोह में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर उन्होंने शिल्प प्रशिक्षक प्रशिक्षण योजना और शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, टॉपर्स एवं पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
साथ ही उपराज्यपाल ने 22 व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के प्रशिक्षार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लखनऊ में देश के युवाओं को दिए जा रहे संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया.
अपने संबोधन में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक सफलता इस बात में निहित है कि उसके युवा रोजगार से जुड़ें. उन्होंने जानकारी दी कि आईटीआई डॉलीगंज में सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, जो यहां दिए जा रहे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का प्रमाण है. द्वीपसमूह में लगभग 22 व्यवसायों में युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम के तहत प्रशिक्षण क्षमता 200 से बढ़कर 1,416 सीटों तक पहुंच गई है.
उपराज्यपाल ने दीक्षांत समारोह को शिक्षा का अंत नहीं बल्कि नए व्यावसायिक जीवन की शुरुआत बताते हुए प्रशिक्षुओं से श्रम की गरिमा, अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण को अपनाने का आह्वान किया. उन्होंने यह भी बताया कि इंडिया स्किल प्रतियोगिता में द्वीपसमूह के युवाओं ने क्षेत्रीय स्तर पर 13 और राष्ट्रीय स्तर पर 4 पदक जीतकर नाम रोशन किया है.
उपराज्यपाल ने कहा कि आने वाले समय में द्वीपसमूह में पर्यटन, आतिथ्य, परिवहन, निर्माण और तकनीकी सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा के युग में युवाओं को निरंतर अपने कौशल को उन्नत करना होगा. डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि चेन्नई के साथ-साथ ओडिशा के पुरी से भी वैकल्पिक सबमरीन केबल कनेक्टिविटी पर कार्य चल रहा है.
इसके अतिरिक्त कार निकोबार, ग्रेट निकोबार, कैंपबेल बे एवं अन्य क्षेत्रों में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर मिलेंगे. उन्होंने सांसद विष्णु पद राय द्वारा द्वीपसमूह के विकास और जनसुविधाओं के मुद्दों को निरंतर उठाने के प्रयासों की भी सराहना की.
ये भी पढ़ें: चुनाव से पहले एक्शन में ओवैसी, सहारनपुर में चंद्रशेखर के साथ क्या गुल खिला? जानें वोटबैंक का गणित
अंत में उपराज्यपाल ने अपने विद्यार्थी जीवन का प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए प्रशिक्षुओं को अपने प्रमाणपत्रों और पुरस्कारों को जीवन भर प्रेरणा के रूप में संजोकर रखने की सलाह दी और विश्वास जताया कि कौशल से सुसज्जित युवा 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे. समारोह में सांसद विष्णु पद राय, श्रम, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग की सचिव वंदना राव, आईटीआई डॉलीगंज के प्रधानाचार्य वेंकटेश सी.एच., दक्षिण अंडमान की उपायुक्त पूर्वा गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्वेता सुगन्धन सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षु और अभिभावक उपस्थित रहे.
लखनऊ में कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि…
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में ऑलराउंडर निखिल चौधरी के दमदार प्रदर्शन…
अरुणाचल प्रदेश दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक…
अरुणाचल प्रदेश के बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने…
लखनऊ में कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने देशवासियों से अगले…
Ujjain Railway Station Mystery News: उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर 4 दिन…