Asaduddin Owaisi Chandrashekhar Azad Saharanpur: सहारनपुर/श्वेतांक: उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों की आहट के बीच सियासी बिसात पर नए समीकरण बनने शुरू हो गए हैं. इसी कड़ी में शनिवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की सहारनपुर में हुई मुलाकात ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मस्जिद ध्वस्तीकरण के मुद्दे पर दोनों नेताओं का एक साथ कलेक्ट्रेट पहुंचना और प्रशासन को घेरना सीधे तौर पर पश्चिमी यूपी के मुस्लिम और दलित वोटबैंक को साधने तथा एक मजबूत वैकल्पिक गठबंधन खड़ा करने की रणनीति का हिस्सा है.
मस्जिद ध्वस्तीकरण का विरोध
शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे असदुद्दीन ओवैसी सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंचे, जहां चंद्रशेखर आजाद ने अपने समर्थकों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इसके बाद दोनों नेता एक साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण के मामले में एडीएम लवी त्रिपाठी से मुलाकात कर एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में दोनों नेताओं ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कई प्रमुख बिंदु रखे.
दस्तावेजों की अनदेखी का आरोप: नेताओं का कहना है कि ऐतिहासिक, राजस्व और नगरपालिका के अभिलेखों की अनदेखी करते हुए 5 सितंबर 2026 को जल्दबाजी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई, जबकि मामला न्यायालय में विचाराधीन था.
निजी भूमि और वक्फ पंजीकरण का दावा: ज्ञापन में दावा किया गया है कि विवादित संपत्ति (खसरा संख्या-539) राजस्व अभिलेखों में निजी खातेदारों के नाम दर्ज है और यह सरकारी संपत्ति नहीं रही है. साथ ही मस्जिद का निर्माण वर्ष 1911 से पहले का बताते हुए इसे यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड में (वक्फ संख्या-451) पंजीकृत बताया गया है.
उच्चस्तरीय जांच और नोटिसों पर रोक की मांग: दोनों नेताओं ने इस कार्रवाई को संविधान के अनुच्छेद 14, 21 और 25 के विपरीत बताते हुए उच्चस्तरीय जांच टीम गठित करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की. इसके अलावा जिले की अन्य मस्जिदों व मदरसों को जारी नोटिसों के आधार पर हो रही दंडात्मक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग उठाई गई.
26 नवंबर की लखनऊ महारैली की तैयारी
सहारनपुर का यह दौरा केवल एक प्रशासनिक ज्ञापन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके गहरे चुनावी संदेश भी निकाले जा रहे हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं. मस्जिद और मदरसों के मुद्दे पर मुखर होकर ओवैसी और चंद्रशेखर इस वर्ग के बीच अपनी स्वीकार्यता और विश्वास मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: जल बिन कुंभ स्नान कैसे संभव? उज्जैन में अवैध मजारों पर एक्शन के बीच उठा सवाल
कलेक्ट्रेट के कार्यक्रम के बाद ओवैसी का छुटमलपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद के आवास पर जाने और साथ में लंच करने का कार्यक्रम तय हुआ, जहां आगामी चुनावी रणनीति और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर अहम चर्चा होने की बात सामने आई है. आगामी 26 नवंबर को लखनऊ में दोनों दलों की संयुक्त महारैली प्रस्तावित है. ऐसे में सहारनपुर में दोनों नेताओं की एकजुटता को गठबंधन की ताकत दिखाने और जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के कदम के रूप में देखा जा रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




