Crocodile in Kota Hostel Mess: राजस्थान के कोचिंग हब कोटा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के बोरखेड़ा इलाके में स्थित एक बॉयज हॉस्टल की मेस में शुक्रवार दोपहर करीब 4 से 5 फीट लंबा मगरमच्छ घुस गया. मेस के बेसमेंट में मगरमच्छ को देखते ही वहां खाना बना रहे स्टाफ और छात्रों के होश उड़ गए. पूरी घटना हॉस्टल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है.
यह पूरी घटना बोरखेड़ा इलाके के कोरल पार्क में स्थित एक बॉयज हॉस्टल की है. शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे, जब हॉस्टल के बेसमेंट में स्थित मेस में रोजाना की तरह खाना पकाया जा रहा था, तभी अचानक एक विशालकाय मगरमच्छ सीढ़ियों से उतरकर अंदर दाखिल हो गया. मेस में मौजूद कुक और अन्य कर्मचारियों की नजर जैसे ही रेंगते हुए मगरमच्छ पर पड़ी, वे अपनी जान बचाकर बाहर की तरफ भागे. देखते ही देखते यह खबर पूरे हॉस्टल में फैल गई और छात्रों के बीच दहशत का माहौल बन गया.
मगरमच्छ के हॉस्टल में घुसने की लाइव तस्वीरें मेस में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुईं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मगरमच्छ किस तरह आराम से सीढ़ियां उतरकर मेस तक पहुंंचता है. हॉस्टल में रहने वाले कुछ उत्साही कोचिंग छात्रों ने शुरुआत में खुद ही मगरमच्छ को काबू करने की कोशिश की. हालांकि, छात्रों की इस कोशिश से मगरमच्छ और ज्यादा डर गया और मेस के अंदर ही इधर-उधर भागने लगा, जिससे अफरा-तफरी और ज्यादा बढ़ गई.
माना जा रहा है कि हॉस्टल के पास से गुजरने वाले एक बड़े नाले से निकलकर यह मगरमच्छ हॉस्टल परिसर में दाखिल हुआ था. हालात बिगड़ते देख हॉस्टल प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी. वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद इस 5 फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया. वनकर्मी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मगरमच्छ को बिना कोई नुकसान पहुंचाए पकड़कर चंबल नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया है, जिसके बाद हॉस्टल के स्टाफ और छात्रों ने राहत की सांस ली.
यह भी पढ़ें: नदी में बार-बार उछाला, पटका और फिर… सरयू किनारे खूंखार मगरमच्छ का खौफनाक हमला, देखें VIDEO
-भारत एक्सप्रेस
Gold on Dhanteras: धनतेरस से पहले सोने की कीमतों में फिर तेजी आने लगी है.…
Aaj Ka Panchang 6 November 2026: 6 नवंबर को धनतेरस के साथ शुक्र प्रदोष व्रत…
Aaj Ka Rashifal 6 November 2026: 6 नवंबर को चंद्रमा और शुक्र कन्या राशि में…
Dhanteras 2026: धन का धर्म और मर्म. धनतेरस पर भगवान धन्वन्तरि, श्री लक्ष्मी-विष्णु और कुबेर…
Dhanteras Yamraj deepdan south direction diya vidhi: धनतेरस पर यमराज के लिए दीपदान से अकाल…
Dhanteras kab hai: धनतेरस न केवल भौतिक वस्तुओं की खरीदारी का, बल्कि आरोग्य और सुरक्षा…