Bharat Express DD Free Dish

हॉस्टल में जब अचानक हो गई खूंखार शिकारी ‘मगरमच्छ’ की एंट्री, खाना छोड़ जान बचाकर भागे कर्मचारी, देखें VIDEO

Crocodile in Kota Hostel Mess: कोटा के बोरखेड़ा इलाके में एक बॉयज हॉस्टल के बेसमेंट स्थित मेस में अचानक 5 फीट लंबा मगरमच्छ घुस आया. खाना बना रहे कर्मचारियों और कोचिंग छात्रों में अफरा-तफरी मच गई. वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया.

Kota crocodile case

Crocodile in Kota Hostel Mess: राजस्थान के कोचिंग हब कोटा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के बोरखेड़ा इलाके में स्थित एक बॉयज हॉस्टल की मेस में शुक्रवार दोपहर करीब 4 से 5 फीट लंबा मगरमच्छ घुस गया. मेस के बेसमेंट में मगरमच्छ को देखते ही वहां खाना बना रहे स्टाफ और छात्रों के होश उड़ गए. पूरी घटना हॉस्टल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है.

क्या है पूरा मामला? (Crocodile in hostel mess)

यह पूरी घटना बोरखेड़ा इलाके के कोरल पार्क में स्थित एक बॉयज हॉस्टल की है. शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे, जब हॉस्टल के बेसमेंट में स्थित मेस में रोजाना की तरह खाना पकाया जा रहा था, तभी अचानक एक विशालकाय मगरमच्छ सीढ़ियों से उतरकर अंदर दाखिल हो गया. मेस में मौजूद कुक और अन्य कर्मचारियों की नजर जैसे ही रेंगते हुए मगरमच्छ पर पड़ी, वे अपनी जान बचाकर बाहर की तरफ भागे. देखते ही देखते यह खबर पूरे हॉस्टल में फैल गई और छात्रों के बीच दहशत का माहौल बन गया.

घटना CCTV में कैद (Crocodile caught on CCTV)

मगरमच्छ के हॉस्टल में घुसने की लाइव तस्वीरें मेस में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुईं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मगरमच्छ किस तरह आराम से सीढ़ियां उतरकर मेस तक पहुंंचता है. हॉस्टल में रहने वाले कुछ उत्साही कोचिंग छात्रों ने शुरुआत में खुद ही मगरमच्छ को काबू करने की कोशिश की. हालांकि, छात्रों की इस कोशिश से मगरमच्छ और ज्यादा डर गया और मेस के अंदर ही इधर-उधर भागने लगा, जिससे अफरा-तफरी और ज्यादा बढ़ गई.

नाले से निकलकर हॉस्टल में दाखिल (Chambal River Crocodile)

माना जा रहा है कि हॉस्टल के पास से गुजरने वाले एक बड़े नाले से निकलकर यह मगरमच्छ हॉस्टल परिसर में दाखिल हुआ था. हालात बिगड़ते देख हॉस्टल प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी. वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद इस 5 फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया. वनकर्मी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मगरमच्छ को बिना कोई नुकसान पहुंचाए पकड़कर चंबल नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया है, जिसके बाद हॉस्टल के स्टाफ और छात्रों ने राहत की सांस ली.

यह भी पढ़ें: नदी में बार-बार उछाला, पटका और फिर… सरयू किनारे खूंखार मगरमच्छ का खौफनाक हमला, देखें VIDEO

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read