देश

50 किलो जहर और बड़ी साजिश… जानिए क्या था मुंबई में पकड़े गए फैयाज का खतरनाक प्लान?

मुंबई में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मुंबई पुलिस ने दावा किया है कि समय रहते कार्रवाई करते हुए एक ऐसी कथित साजिश को नाकाम कर दिया गया, जिसमें जुलूस में शामिल लोगों तक ज़हरीले कैप्सूल पहुंचाने की योजना बनाई गई थी. इस मामले में पुलिस ने पुणे निवासी फैयाज प्रेमजी नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह बिना किसी वैध अनुमति के लोगों को “दर्द से राहत” के नाम पर कैप्सूल बांट रहा था और कुछ लोगों को बेच भी रहा था.

पेट्रोलिंग के दौरान हुआ शक

पुलिस के अनुसार, मुहर्रम का जुलूस जब जेजे और भायखला इलाके से गुजर रहा था, उसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद पेट्रोलिंग टीम की नजर एक व्यक्ति पर पड़ी, जो भीड़ में लोगों को कैप्सूल दे रहा था. उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके पास मौजूद कैप्सूल अपने कब्जे में ले लिए. बाद में जांच में मामला काफी गंभीर निकला.

डीसीपी (सेंट्रल रीजन, जोन-1) जयंत मीणा ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां दी हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने खासतौर पर मुहर्रम के जुलूस को निशाना बनाया था और उसका उद्देश्य इसमें शामिल लोगों को नुकसान पहुंचाना था. हालांकि, इन दावों की आगे जांच की जा रही है.

हजारों कैप्सूल और जहरीला केमिकल बरामद

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से करीब 14,900 कथित तौर पर जहरीले कैप्सूल मिले. पुलिस के मुताबिक, हर कैप्सूल में लगभग एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड भरा गया था, जिसे आमतौर पर चूहे मारने के लिए इस्तेमाल किया जाता है और यह बेहद जहरीला रसायन माना जाता है.

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने करीब 30 हजार खाली कैप्सूल और लगभग 50 किलो जिंक फॉस्फाइड मंगवाया था. पुलिस का दावा है कि उसने कई दिनों तक अपने ठिकाने पर बैठकर इन कैप्सूलों में यह रसायन भरा.

पुलिस ने बताया कि सलमान सैयद नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर ऐसा कैप्सूल खा लिया था, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उसे पेट दर्द और लगातार उल्टियों की शिकायत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसी घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया.

गिरफ्तार फैयाज प्रेमजी पुणे के विमान नगर इलाके का रहने वाला है. वह पेंट का कारोबार करता है और बीबीए की पढ़ाई कर चुका है. मुंबई आने के दौरान वह डोंगरी इलाके के एक गेस्ट हाउस और डॉर्मिटरी में ठहरा हुआ था.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2019 से 2025 के बीच उसने कई बार ईरान और इराक की यात्रा की. अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक साल में ही वह 19 बार इन दोनों देशों की यात्रा कर चुका था. उसकी बहन ईरान में फिजियोथेरेपिस्ट के तौर पर काम करती हैं, जबकि उसकी मां भी वहीं रहती हैं. उसकी पत्नी से तलाक हो चुका है.

हर पहलू से जांच जारी

फिलहाल पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आरोपी की विदेश यात्राओं का उद्देश्य क्या था और क्या वह किसी के प्रभाव में काम कर रहा था या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ था. हालांकि, अभी तक किसी आतंकी संगठन से उसके संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

जांच एजेंसियां आरोपी के मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड, बैंकिंग और वित्तीय लेनदेन, कॉल डिटेल्स और अन्य संपर्कों की गहराई से जांच कर रही हैं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे मामले में कोई और व्यक्ति या संगठन शामिल था या नहीं.

इस मामले में फैयाज प्रेमजी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 110 और 123 के तहत जहर देने और हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की असली तस्वीर सामने आ सकेगी.

ये भी पढ़ें: तेलंगाना दौरे पर BJP अध्यक्ष; 3 दिन, 10 जिला कार्यालय और महामंथन… जानिए क्या है भाजपा का पूरा प्लान?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस

Shreyansh Choubey

Recent Posts

राम भक्तों के लिए खुशखबरी! रामलला के दर्शन हुए और आसान, मुफ्त पास की बढ़ाई गई सीमा

अयोध्या राम मंदिर में रामलला के दर्शन अब और आसान हो गए हैं. ट्रस्ट ने…

5 hours ago

पीएम मोदी के विजन को मिली बड़ी रफ्तार: नमो भारत ने पूरे किए परिचालन के 3 सफल साल

पीएम मोदी द्वारा शुरू की गई नमो भारत रैपिड रेल ने 3 सफल साल पूरे…

6 hours ago

अमित शाह का पंजाब सरकार पर हमला, बोले- नशे के खिलाफ आवाज दबाने वालों को नहीं छोड़ेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर आम…

6 hours ago

राष्ट्र को अस्थिर करने वाली राजनीति से बचें; संविधान का सम्मान सर्वोपरि: इंद्रेश कुमार

लखनऊ में आयोजित मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ता सम्मेलन में डॉ. इंद्रेश कुमार ने देश…

7 hours ago

IP Extension दशहरा समारोह में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी, केवल पास धारकों को मिलेगी एंट्री

प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन में दशहरा समारोह में शामिल हो सकते हैं.…

7 hours ago