उत्तर भारत इस वक्त भीषण सर्दी की चपेट में है. उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार, तीनों ही राज्यों में ठंड, घना कोहरा और कोल्ड डे ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. धूप निकलने के बावजूद गलन कम नहीं हो रही, और सुबह-शाम की ठंड हड्डियों तक चुभ रही है. मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल राहत के आसार कम है.
उत्तर प्रदेश में सर्दी अपने चरम पर है. कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है. पश्चिमी और पूर्वी यूपी, दोनों हिस्सों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रह रहा है, जिससे विजिबिलिटी 300 से 800 मीटर तक सिमट जा रही है. मुरादाबाद में हालात सबसे ज्यादा चौंकाने वाले हैं, जहां तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो हाल के वर्षों में सबसे कम है और नैनीताल से भी ठंडा माना जा रहा है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट हो सकती है. पश्चिमी यूपी के कई जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात बने रहेंगे. लखनऊ में हल्का कोहरा रहेगा, दिन में धूप निकलेगी, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा. नोएडा और आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां पूरे दिन ठिठुरन महसूस होगी.
दिल्ली में भी ठंड लोगों की कड़ी परीक्षा ले रही है. सुबह-सुबह तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन में भी शीतलहर जैसा अहसास हो रहा है. रात के समय तापमान 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है. कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो सकती है, ऐसे में वाहन चालकों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के बाद ही ठंड से कुछ राहत मिल सकती है.
वहीं, बिहार में भी हालात आसान नहीं हैं. राज्य के कई जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे का अलर्ट जारी है. सुबह धूप निकलने के बावजूद सर्द हवाएं गलन बढ़ा रही हैं. पटना समेत कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, लेकिन बच्चों को ठंड में घर से निकलना पड़ रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि 15 जनवरी तक ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है, हालांकि 16 जनवरी के बाद थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं के रुख में बदलाव के चलते कुछ दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद फिर गिरावट के आसार हैं. यानी अगले कुछ दिन उत्तर भारत के लोगों को ठंड, कोहरा और गलन के साथ ही गुजारने होंगे.
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट: सीमा पर देखे गए पाकिस्तानी ड्रोन, देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन
-भारत एक्सप्रेस
भोपाल के बीएचईएल मैदान में 3 से 7 अक्टूबर तक नवीन न्याय संहिताओं पर प्रदर्शनी…
India vs Brazil Football Match Kolkata: कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में भारत और ब्राजील…
Premanand Maharaj Ashram: वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज के श्री राधा केली कुंज आश्रम से…
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी दो साल का समय बाकी है, लेकिन बीजेपी और…
Sherlyn Chopra CJP Protest: एक्ट्रेस और मॉडल शर्लिन चोपड़ा ने मुंबई में आयोजित कॉकरोच जनता…
Vladimir Putin Nuclear Warning: यूक्रेन जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक…