गुजरात के बनासकांठा में शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचते ही माहौल उत्साह से भर गया. पीएम मोदी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे जमा हुए थे. प्रधानमंत्री ने यहां रोड शो किया, इस दौरान लोगों ने हाथ हिलाकर और फूल बरसाकर उनका स्वागत किया. सड़क के दोनों ओर उमड़ी भीड़ के बीच प्रधानमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया.
बनासकांठा के इस दौरे पर प्रधानमंत्री के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे. यहां पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ के पशु फार्म का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने पशुपालन और देसी नस्लों को बेहतर बनाने से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
प्रधानमंत्री के गुजरात दौरे का सबसे अहम कार्यक्रम भिलड़ी में बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन और इसे राष्ट्र को समर्पित करना है. करीब 127 एकड़ में फैले इस केंद्र को आधुनिक पशु प्रजनन और नस्ल सुधार के लिए तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य देश में पशुपालन को ज्यादा वैज्ञानिक और उन्नत बनाना है.
खास बात यह है कि यह कांकरेज गाय की नस्ल के संरक्षण और विकास के लिए अपनी तरह का पहला केंद्र होगा. प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यहां आधुनिक तकनीकों की मदद से नस्ल सुधार की प्रक्रिया 10 से 20 गुना तक तेज हो सकती है.
पीएम मोदी ने उद्घाटन से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस केंद्र के महत्व को बताया था. उनके मुताबिक, इससे गायों की नस्ल की गुणवत्ता बेहतर करने, प्रति पशु दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की कमाई में इजाफा करने में मदद मिलेगी. साथ ही देशी पशु नस्लों को सुरक्षित रखने की दिशा में भी यह केंद्र अहम भूमिका निभा सकता है.
पशुपालन के साथ-साथ गुजरात में गोबर के बेहतर इस्तेमाल पर भी जोर दिया जा रहा है. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री बनास डेयरी के दो बायो सीएनजी प्लांट की आधारशिला रखेंगे. ये प्लांट थराद और राधनपुर में बनाए जाएंगे.
इनमें से एक प्लांट प्रतिदिन 75 मीट्रिक टन और दूसरा 100 मीट्रिक टन गोबर का प्रसंस्करण कर सकेगा. इससे गोबर को उपयोगी ऊर्जा में बदलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
प्रधानमंत्री के दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान राज्य को 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने वाली है. इनमें अहमदाबाद मेट्रो का विस्तार भी शामिल है. मेट्रो को एयरपोर्ट और गिफ्ट सिटी की ओर आगे बढ़ाने की योजना है, जिससे यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी.
इसके अलावा अहमदाबाद-मेहसाणा सड़क को मौजूदा चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन करने का काम भी कार्यक्रम में शामिल है. इस परियोजना पर करीब 2,600 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. बच्चों की बेहतर देखभाल और शुरुआती शिक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य में 4,030 नए चाइल्ड फ्रेंडली आंगनवाड़ी केंद्र भी विकसित किए जाएंगे.
इस दौरे का एक बड़ा आकर्षण प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करना भी है. इसके तहत देशभर के पात्र किसानों के लिए करीब 19,000 करोड़ रुपये की राशि जारी की जाएगी. इस योजना के जरिए किसानों को आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि खेती से जुड़े खर्चों में उन्हें कुछ राहत मिल सके.
इसके अलावा कृषि इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत पूरी हो चुकी 521 परियोजनाएं भी देश को समर्पित की जाएंगी. इन परियोजनाओं पर लगभग 4,950 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं.
रेल यात्रियों के लिए भी अच्छी खबर है. प्रधानमंत्री अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचाराजी-साबरमती मेमू ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. इससे संबंधित रेल मार्गों पर यातायात और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
गुजरात दौरे के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नर्मदा जिले के एकता नगर पहुंचेंगे. यहां वे ‘भारत पर्व 2026’ का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों के तहत आयोजित ‘एकता प्रकाश पर्व’ में भी शामिल होंगे.
ये भी पढ़ें – PM Kisan 24th Installment: किसानों की दिवाली होगी रोशन, आज पीएम मोदी भेजेंगे 24वीं किस्त के 2000 रुपये
-भारत एक्सप्रेस
Indian Navy: सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) ने 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक…
दिल्ली हाई कोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) को निर्देश दिया है कि वह पहलवान…
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा…
Anant Singh Bail Cancelled: बिहार में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव…
IRCTC scam case: IRCTC होटल घोटाले मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी…
Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को आर्थिक मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क के खिलाफ पुलिस…