देश

प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर के रेन फॉरेस्ट और स्काईवॉक का अनुभव लेने का किया आह्वान

गुजरात के नर्मदा जिले में स्थित एकता नगर अब सिर्फ स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिए ही नहीं, बल्कि अपने नए पर्यटन आकर्षणों के लिए भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. यहां विकसित किया गया रेन फॉरेस्ट पर्यटकों को प्रकृति के करीब जाने का एक अलग ही अनुभव देने के लिए तैयार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इस खूबसूरत पर्यटन स्थल की झलक सोशल मीडिया पर साझा की और लोगों से यहां आकर घूमने की अपील की.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में एकता नगर के रेन फॉरेस्ट की तारीफ करते हुए कहा कि यहां आने वाले लोगों को शानदार अनुभव मिलेगा. उन्होंने पर्यटकों को यहां की हरियाली के बीच समय बिताने और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए प्रोत्साहित किया. प्रधानमंत्री ने खास तौर पर यहां बने स्काईवॉक का जिक्र किया. इस स्काईवॉक से न सिर्फ नीचे फैले हरे-भरे जंगल का नजारा दिखाई देता है, बल्कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को भी एक अलग नजरिए से देखा जा सकता है.

12 एकड़ में फैला है खूबसूरत रेन फॉरेस्ट

एकता नगर में तैयार किया गया यह रेन फॉरेस्ट करीब 12 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है. इसकी सबसे खास बात यह है कि यहां सालभर बारिश जैसा माहौल बनाया जाता है. इसके लिए 20 रेन गन टावर लगाए गए हैं, जिनकी मदद से कृत्रिम बारिश होती रहती है. इसके अलावा परिसर में खूबसूरत झरने, बबल फाउंटेन और तरह-तरह के पेड़-पौधे लगाए गए हैं.

इस जगह को इस तरह विकसित किया गया है कि यहां पहुंचने वाले लोगों को किसी प्राकृतिक वर्षावन में घूमने जैसा एहसास हो. भारत के अलग-अलग हिस्सों में पाए जाने वाले पेड़-पौधों को भी यहां जगह दी गई है. इससे पर्यटकों को एक ही परिसर में देश की अलग-अलग वनस्पतियों और जैव विविधता को करीब से देखने का मौका मिलता है.

कांच का स्काईवॉक है सबसे बड़ा आकर्षण

रेन फॉरेस्ट में आने वाले पर्यटकों के लिए स्काईवॉक खास आकर्षण का केंद्र है. यह गोल आकार का कांच से बना रास्ता है, जिस पर चलते हुए नीचे फैले जंगल को देखा जा सकता है. इसे 35 एमएम मोटाई वाले कांच के 132 पैनलों की मदद से तैयार किया गया है.

इस पर चलना अपने आप में एक अलग अनुभव हो सकता है. चारों तरफ हरियाली और नीचे दिखाई देता वन क्षेत्र इस जगह को खास बनाते हैं. साथ ही यहां से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का खूबसूरत नजारा भी देखने को मिलता है. गुजरात सरकार की परियोजना सूची के मुताबिक, इस रेन फॉरेस्ट को विकसित करने पर करीब 14.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं.

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 426 करोड़ की परियोजनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह जानकारी राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर साझा की. इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के कार्यक्रम एकता नगर में आयोजित किए जा रहे हैं. इससे पहले पीएम मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की.

इसके बाद उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़ी कुल 426.71 करोड़ रुपये की 31 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इनमें 307.83 करोड़ रुपये की 23 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 118.88 करोड़ रुपये की आठ नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई.

उद्घाटन की गई प्रमुख परियोजनाओं में 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आईआरसीटीसी होटल, 16 करोड़ रुपये का एकता क्रूज और 3.67 करोड़ रुपये की इको ट्रेल शामिल हैं. वहीं, जिन परियोजनाओं की शुरुआत के लिए आधारशिला रखी गई, उनमें गोरा-भनद्रा रोड, स्मार्ट जीरो-वेस्ट इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना, खलवानी इको-टूरिज्म और एकीकृत कैक्टस एवं बटरफ्लाई गार्डन शामिल हैं.

पीएम मोदी ने इस दौरान एकता नगर के पर्यटन सर्किट में शामिल वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा किया. इन सभी परियोजनाओं का मकसद स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने आने वाले पर्यटकों को आसपास भी घूमने-फिरने के नए विकल्प देना है, ताकि वे यहां ज्यादा समय बिता सकें और क्षेत्र के दूसरे आकर्षणों का भी आनंद उठा सकें.

शाम को होगी राष्ट्रीय एकता परेड, 5 हजार कलाकार दिखाएंगे हुनर

राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों के तहत शनिवार शाम करीब 5:30 बजे एक विशेष समारोह आयोजित किया जाना है. इसमें प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल होंगे. समारोह का मुख्य आकर्षण एकता परेड होगी, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस बलों और विभिन्न केंद्रीय पुलिस संगठनों की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी.

इसके अलावा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से ‘नक्सल मुक्त भारत’ विषय पर एक नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी. इस कार्यक्रम में वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार अपनी भागीदारी निभाएंगे.

समारोह में ‘वंदे मातरम’ की थीम पर आधारित झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखने को मिलेंगे. इनमें देश के अलग-अलग हिस्सों से आए करीब 5,000 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे.

Shreyansh Choubey

Recent Posts

जिन्ना के रास्ते पर चलने वाले नहीं हो सकते सरदार पटेल के सिपाही…राष्ट्रीय एकता दिवस पर बरसे सीएम योगी

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन्ना को…

15 minutes ago

वकीलों की बढ़ी मुश्किलें! दिल्ली में Non BS6 Vehicle पर लगा बैन, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने मांगी राहत

दिल्ली में 1 नवंबर से गैर-BS6 वाहनों पर लगने वाले प्रतिबंधों को लेकर सुप्रीम कोर्ट…

36 minutes ago

CJI सूर्यकांत पर टिप्पणी केरल कांग्रेस को पड़ेगी भारी! सुप्रीम कोर्ट ने वकील के पत्र को बनाया रिट याचिका

सुप्रीम कोर्ट ने सीजेआई सूर्यकांत के खिलाफ केरल कांग्रेस की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर…

49 minutes ago

रिश्ता टूटने पर सहमति से बने यौन संबंध रेप नहीं: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए कहा कि बालिगों के बीच सहमति से बने…

50 minutes ago

साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ 2018 से लंबित आपराधिक मानहानि के मामले में नया समन जारी किया

साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ 2018 से लंबित आपराधिक मानहानि मामले में…

54 minutes ago

जिंदा है सरदार पटेल की सोच या बिखर रही है एकता? जानिए आज के भारत की हकीकत

सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रभक्ति और अदम्य साहस की मिसाल है. स्वतंत्रता…

60 minutes ago