नई दिल्ली में चल रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच यह बैठक सम्मेलन से इतर हुई, जिसमें भारत और कजाकिस्तान से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की गई.
बैठक में भारत की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. मुलाकात से पहले प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति टोकायेव ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया. पीएम मोदी ने टोकायेव के साथ आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से भी मुलाकात की.
भारत इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और इसी के तहत नई दिल्ली में दो दिवसीय 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. सम्मेलन में ब्रिक्स के सदस्य देशों के अलावा सहयोगी देशों और आउटरीच कार्यक्रम के लिए आमंत्रित देशों के नेता भी हिस्सा ले रहे हैं.
रविवार की बैठक से पहले प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति टोकायेव ने भारत मंडपम में अन्य नेताओं के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई. इस ‘फैमिली फोटो’ में ब्रिक्स सदस्य देशों, सहयोगी देशों, आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख शामिल हुए.
कजाकिस्तान के राष्ट्रपति शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे थे. एयरपोर्ट पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने शनिवार शाम भारत मंडपम में प्रधानमंत्री मोदी की ओर से आयोजित विशेष रात्रिभोज में हिस्सा लिया.
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत ब्रिक्स के मंच के जरिए वैश्विक सहयोग को मजबूत करने और सदस्य देशों के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर दे रहा है.
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान शनिवार को 11 सदस्य देशों के नेताओं ने सर्वसम्मति से ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ को मंजूरी दी. घोषणापत्र में भारत की अध्यक्षता और आउटरीच/ब्रिक्स प्लस डायलॉग सत्र के आयोजन की सराहना की गई.
घोषणापत्र में कहा गया कि भारत की अध्यक्षता ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग और एकजुटता को बढ़ाने की दिशा में नई गति दी है. सदस्य देशों ने ब्रिक्स की भावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई. इसमें आपसी सम्मान, संप्रभु समानता, एकजुटता, लोकतंत्र, खुलेपन, समावेशिता, सहयोग और आम सहमति जैसे सिद्धांत शामिल हैं.
फिलहाल ब्रिक्स में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात सदस्य देश हैं. वहीं बेलारूस, क्यूबा, बोलीविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम ब्रिक्स के सहयोगी देशों में शामिल हैं.
यह भी पढ़ें-सूर्य नमस्कार से सिर्फ वजन ही नहीं, तनाव भी होगा कम; जानिए 12 आसनों का साइंस और सही तरीका
-भारत एक्सप्रेस
UP Voter List: उत्तर प्रदेश में 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होगी. 16…
Ola Cabs CCPA Fine: ओला कैब्स की मूल कंपनी ANI Technologies पर ग्राहकों को जल्दी…
दिल्ली हाई कोर्ट ने यूजीसी-नेट जून 2026 की आंसर-की में कथित गड़बड़ी के मामले में…
महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में CBI ने छह राज्यों के 33 ठिकानों पर एक…
उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के दौरान करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के…
Rakesh Asthana Statement: 2002 के गोधरा साबरमती ट्रेन अग्निकांड पर SIT के तत्कालीन प्रमुख राकेश…