Saudi Bus Accident: सऊदी अरब के मदीना में सोमवार (17 नवंबर) लको एक सड़क दुर्घटना में 42 भारतीय तीर्थयात्री मारे गए. जानकारी के अनुसार, इनमें एक ही परिवार के नौ बच्चों सहित अठारह सदस्य भी शामिल थे. हैदराबाद में रहने वाले इस परिवार को शनिवार को लौटना था.
परिवार के रिश्तेदार मोहम्मद आसिफ ने कहा, “मेरी भाभी, देवर, उनका बेटा, तीन बेटियां और उनके बच्चे उमराह के लिए गए थे. वे आठ दिन पहले निकले थे. उमराह पूरा हो चुका था और वे मदीना लौट रहे थे. रात करीब डेढ़ बजे यह दुर्घटना हुई और बस आग में जलकर खाक हो गई. उन्हें शनिवार को लौटना था.”
आसिफ ने कहा कि इस त्रासदी से पहले वे अपने रिश्तेदारों के लगातार संपर्क में थे. उन्होंने कहा, “एक ही परिवार के अठारह सदस्य – नौ वयस्क और नौ बच्चे – मारे गए हैं. यह हमारे लिए एक भयानक त्रासदी है.” आसिफ ने अपने कुछ रिश्तेदारों की पहचान नसीरुद्दीन (70), उनकी पत्नी अख्तर बेगम (62), बेटे सलाउद्दीन (42), बेटियों अमीना (44), रिजवाना (38) और शबाना (40) और उनके बच्चों के रूप में की.
आसिफ ने कहा, “हम इस बात की उचित जांच की मांग करते हैं कि यह कैसे हुआ. दोषी लोगों को जल्द से जल्द सज़ा मिलनी चाहिए.”
मृतक नसीरुद्दीन की बहन और उनके रामनगर स्थित घर में जैसे ही दाखिल हुईं वह ज़ोर-ज़ोर से रोते हुए चिल्लाने लगी, “मेरे भाई का पूरा परिवार खत्म हो गया.” कल तक यह उनके भाई का घर था. इस परिवार का एक सदस्य अमेरिका में रहता है.
दुर्घटनाग्रस्त होने वाली बस में सवार अपने रिश्तेदारों के साथ हैदराबाद के कई लोगों को दुर्घटनास्थल से विचलित करने वाली फोटो मिली है. मोहम्मद सलमान, जिनके परिवार के छह सदस्य बस में सवार थे, ने कहा कि उनके साथ हुई आखिरी बातचीत से पता चला कि वे मदीना से लगभग दो घंटे की दूरी पर थे, उसके बाद अचानक कॉन्टैक्ट बंद हो गया.
एक अन्य निवासी मोहम्मद बुरहान ने बताया, “शोएब खिड़की तोड़कर भागने में कामयाब रहा. अगर वह कूदा नहीं होता, तो वह भी फंस जाता.”
हैदराबाद पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कम से कम 45 भारतीय, जिनमें से अधिकतर हैदराबाद के थे, मारे गए हैं. सऊदी अधिकारियों ने अभी तक हताहतों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है, क्योंकि गंभीर रूप से जलने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है. वहीं तेलंगाना हज कमेटी के अनुसार, मृतकों में 10 बच्चे भी शामिल हैं.
ज्वाइंट पुलिस कमीश्नर तफ़सीर इकबाल ने बताया कि 43 पीड़ित हैदराबाद के, दो साइबराबाद के और एक कर्नाटक के हुबली का था. बस में 18 पुरुष, 18 महिलाएं और 10 बच्चे सवार थे.
54 तीर्थयात्रियों का यह जत्था 9 नवंबर को हैदराबाद से जेद्दा के लिए रवाना हुआ था और 23 नवंबर को लौटने वाला था. उनमें से 46 लोग बस में सवार हुए, चार अलग-अलग कारों से गए और चार मक्का में ही रुक गए.
सड़क दुर्घटना (Umrah Bus Accident) में मारे गए 45 लोगों में से ज़्यादातर हैदराबाद के थे. रिपोर्टों के अनुसार, जिस बस में वे यात्रा कर रहे थे, वह मदीना से लगभग 30 किलोमीटर दूर एक डीजल टैंकर से टकरा गई. दुर्घटना देर रात हुई जब ज्यादातर यात्री सो रहे थे. इसलिए वे समय पर बच नहीं सके क्योंकि दुर्घटना के बाद बस में आग लग गई.
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, “मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. रियाद स्थित हमारा दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं. हमारे अधिकारी सऊदी अरब के अधिकारियों के साथ भी निरंतर संपर्क में हैं.”
घटना के बाद भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक कंट्रोल रूम और एक हेल्पलाइन स्थापित की है. वाणिज्य दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, “सऊदी अरब के मदीना के पास भारतीय उमराह तीर्थयात्रियों से जुड़ी एक दुखद बस दुर्घटना को देखते हुए, जेद्दा स्थित इंडियन कॉन्स्यूलेट में एक 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. हेल्पलाइन का टोल-फ्री नंबर – 8002440003.”
इंडियन कॉन्स्यूलेट ने घटनास्थल पर अधिकारियों को तैनात किया है. अधिकारियों ने कहा कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
इसके अलावा तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और राज्य के शीर्ष अधिकारियों से भारतीय वाणिज्य दूतावास के संपर्क में रहने और आवश्यक सहायता प्रदान करने को कहा है. उन्होंने कहा, “सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है. मैं प्रार्थना करता हूं कि वे मज़बूत रहें.” तेलंगाना सरकार ने सभी म-तकों के परिजनों को 5-5 लाख मुआवजा देने का ऐलान किया है.
ये भी पढ़ें: सऊदी अरब के मदीना में बड़ा सड़क हादसा, उमराह करने गए 42 भारतीयों की मौत, विदेश मंत्री ने दुख जताया
-भारत एक्सप्रेस
PIYUSH GOYAL AT PHDCCI 121ST ANNUAL SESSION: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने…
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार, आरएसएस और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए कहा…
कड़कड़डूमा कोर्ट ने दिल्ली दंगों से जुड़े दयालपुर इलाके के एक मामले में 'आप' के…
Nana Patekar Postmortem Report: गोवा मेडिकल कॉलेज की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में नाना पाटेकर की मौत…
Adani Defence SIDM Champion Award 2026: अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस को रक्षा और एयरोस्पेस निर्यात…
UP News: अयोध्या से चुनाव लड़ने की अखिलेश यादव की सलाह पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ…