देश

मुंबई के सड़कों पर उतरीं शर्लिन चोपड़ा! CJP को दिया समर्थन, SIR विवाद पर चुनाव आयोग को घेरा

Sherlyn Chopra CJP Protest: एक्ट्रेस और मॉडल शर्लिन चोपड़ा ने मुंबई में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रोटेस्ट में हिस्सा लेते हुए मतदान के अधिकार को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि वोट देने का अधिकार हर भारतीय नागरिक का बुनियादी और मौलिक अधिकार है और इसे किसी भी स्थिति में छीना नहीं जाना चाहिए. शर्लिन ने एसआईआर के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठाते हुए संबंधित लोगों की नागरिकता साबित करने की मांग की.

प्रदर्शन के दौरान शर्लिन चोपड़ा ने कहा कि वोट देने का अधिकार हमारा अधिकार है, यह हमारा मौलिक अधिकार है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी भारतीय नागरिक को अपने देश में मतदान का अधिकार नहीं मिलेगा, तो वह किस देश में जाकर मतदान करेगा. उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के चलते बड़ी संख्या में भारतीयों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और सवाल किया कि क्या यह साबित किया जा सकता है कि हटाए गए लोग भारतीय नागरिक नहीं हैं.

मोदी का करती हैं सम्मान

शर्लिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि वह उनका सम्मान करती हैं और उन्हें पिता समान मानती हैं. लेकिन, सम्मान के साथ अपनी असहमति शांतिपूर्ण तरीके से व्यक्त करना भी मेरा अधिकार है. उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों के अधिकारों, खास तौर पर वोट देने के अधिकार, को नहीं छीना जाना चाहिए.

प्रदर्शन को लेकर भाजपा की ओर से उठाई गई आपत्तियों पर शर्लिन चोपड़ा ने कहा कि अगर इस प्रदर्शन को बेबुनियाद बताया जा रहा है तो उन लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए, जिनके नाम एसआईआर के तहत मतदाता सूची से हटाए गए हैं. यदि संबंधित एजेंसियों या अधिकारियों के पास यह प्रमाण है कि ये लोग भारतीय नागरिक नहीं हैं, तो उन्हें सामने रखा जाना चाहिए. शर्लिन ने आगे कहा कि इस प्रदर्शन का उद्देश्य अपने अधिकारों को लेकर सवाल उठाना है.

शर्लिन चोपड़ा ने मांगा ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के संबंध में पूछे गए सवाल पर शर्लिन चोपड़ा ने उनके इस्तीफे की मांग की. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने गंभीर गलती की है और उन्हें तत्काल पद से इस्तीफा देना चाहिए. इस पद की जिम्मेदारी किसी योग्य व्यक्ति को दी जानी चाहिए, जो चुनाव आयुक्त के कर्तव्यों का निष्पक्ष तरीके से निर्वहन करे.

ये भी पढ़ें- कुशीनगर: ‘मैं आपकी बेटी जैसी हूं…’ कहती रही टीचर, पर बदनीयती में नहीं आई कमी

प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके से मुलाकात के सवाल पर शर्लिन चोपड़ा ने कहा कि दोनों के बीच दूर से इशारों में केवल हैलो-हाय हुआ था. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें अभिजीत दीपके से बैठकर मिलने या बातचीत करने का मौका नहीं मिला. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं और कई लोग आंदोलन का समर्थन करने के लिए यहां मौजूद हैं. उन्होंने इसे लोगों के देश के प्रति लगाव से जोड़ते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी उनके अनुसार देश और भारत माता के प्रति भावना को दर्शाती है.

-भारत एक्सप्रेस

Govind Kumar Singh

मैं गोविंद सिंह हूं और मूल रूप से बिहार के कैमूर की पहाड़ियों वाले इलाके से आता हूं। मेरी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज से हुई। इसके बाद मैंने पटना कॉलेज, पटना से मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद मैंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की और अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए खबरों की दुनिया को करीब से समझा। अपने पेशेवर सफर में मुझे ईटीवी भारत, इनशॉर्ट्स और श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन जैसे संस्थानों के साथ काम करने का अवसर मिला। इन जगहों पर काम करते हुए मैंने रिपोर्टिंग, कंटेंट लेखन, रिसर्च और समाचारों की प्रस्तुति से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें सीखीं। फिलहाल मैं भारत एक्सप्रेस में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हूं। यहां मेरी मुख्य रुचि विदेश, राजनीति और बिहार से जुड़ी खबरों को कवर करने में है।

Recent Posts

मेष राशि वाले कामकाज में जल्दबाजी से बचें, बढ़ सकते हैं खर्च; जानें करियर, प्रेम और सेहत का हाल

Aaj Ka Rashifal Mesh Rashi: आज मेष राशि के जातकों को करियर में नई जिम्मेदारियां मिल…

16 minutes ago