Bharat Express DD Free Dish

कुशीनगर: ‘मैं आपकी बेटी जैसी हूं…’ कहती रही टीचर, पर बदनीयती में नहीं आई कमी

कुशीनगर में निजी स्कूल मैनेजर दिनेश राय को महिला टीचर से अभद्रता और यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. घटना का 5 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

Kushinagar School Manager Dinesh Rai Arrested Female Teacher Harassment Case

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से कार्यस्थल पर महिला सुरक्षा को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां के एक निजी स्कूल मैनेजर पर अपनी ही महिला टीचर से आपत्तिजनक बातें करने और उस पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का गंभीर आरोप लगा है.

इस शर्मनाक घटना का करीब 5 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी स्कूल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है.

वायरल वीडियो से खुला घिनौना सच

मामला रवींद्रनगर धूस थाना क्षेत्र स्थित ‘द रैंबो लोरेटो अकादमी’ स्कूल का है. आरोपी मैनेजर की पहचान मोतीछपरा निवासी दिनेश राय के रूप में हुई है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आरोपी की करतूत साफ नजर आ रही है.

वीडियो में जब महिला शिक्षिका उसे मर्यादा याद दिलाते हुए पत्नी के पास जाने को कहती है, तो आरोपी संवेदनहीनता की हदें पार करते हुए कहता है कि उसकी पत्नी की तबीयत ठीक नहीं रहती, इसलिए वह काम चला दे.

टीचर के बार-बार मना करने और दूर हटने के बावजूद आरोपी उसे गलत नीयत से छूने का प्रयास करता रहता है.

‘मैं आपकी बेटी जैसी हूं’

वीडियो में पीड़िता आरोपी को समझाते हुए यह भी कहती सुनाई देती है कि वह उम्र में उसकी बेटी जैसी है. इसके बावजूद मैनेजर दिनेश राय की बदनीयती में कोई कमी नहीं आती. वह उल्टा यह तर्क देता नजर आता है कि बाहर ऐसा करने पर बदनामी का डर रहेगा, इसलिए स्कूल परिसर में ही मामला चल सकता है.

पुलिस ने दर्ज की FIR

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मामले का त्वरित संज्ञान लिया. रवींद्रनगर धूस थाने में आरोपी दिनेश राय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 115(2) और 351(3) के तहत यौन उत्पीड़न व धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया.

एसएचओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस घटना के बाद से निजी शिक्षण संस्थानों में महिला कर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

यह भी पढ़ें: ‘IAS का अनुभव + राजा भैया की जमीनी पकड़’ क्या दिव्या मित्तल को मिलेगा जनसत्ता दल का साथ? कितना पड़ेगा असर, पढ़िये-EXPLAINER

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read