Weather Update: दिसंबर की शुरुआत के साथ ही पूरे देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में शीतलहर, बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है. उत्तर से लेकर दक्षिण तक लोग कड़ाके की ठंड का असर महसूस कर रहे हैं.
IMD के मुताबिक, 7 और 8 दिसंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में ठंडी हवाएं तेज होंगी. वहीं 10 और 11 दिसंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है. तापमान में लगातार गिरावट और सूखी हवाएं लोगों को इस दौरान परेशान कर सकती हैं.
इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में 7 और 8 दिसंबर को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की उम्मीद जताई गई है. हिमाचल प्रदेश में भी आज यानी 7 दिसंबर को मौसम बदला-बदला दिखेगा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोग आज ठंड का और तीखा अहसास कर सकते हैं. मौसम विभाग ने बताया कि 7 दिसंबर को तापमान और गिर सकता है. सुबह-सुबह दफ्तर या स्कूल जाने वालों को तेज़ सर्द हवाओं और कोहरे का सामना करना पड़ेगा.
अधिकतम तापमान करीब 25°C और न्यूनतम 8°C तक रह सकता है. दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि घना कोहरा दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ा सकता है.
उत्तर प्रदेश के कई शहरों- जैसे लखनऊ, कानपुर, आगरा, बाराबंकी, बरेली, मुजफ्फरनगर और गौतम बुद्ध नगर—में घना कोहरा छा गया है. दृश्यता कम होने के कारण सुबह के समय यातायात प्रभावित हो सकता है. इसके साथ ही 15–20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं ठंड को और बढ़ाएंगी.
ये भी पढ़ें- उत्तर भारत में ठंड ने बढ़ाई परेशानी, दिल्ली से लेकर बिहार तक गिरे तापमान; कई जगह कोहरा छाया
बिहार में भी मौसम अचानक करवट बदल रहा है. IMD ने बताया कि अधिकतम तापमान में 3–4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है. न्यूनतम तापमान 8°C से नीचे जाने का अनुमान है. पटना, भोजपुर, गोपालगंज, बक्सर, चंपारण, समस्तीपुर और दरभंगा में कोहरा और ठिठुरन लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर सकते हैं.
उत्तराखंड में अगले 36 घंटों में तापमान गिरने की पूरी संभावना है. नैनीताल का अधिकतम तापमान 21°C और न्यूनतम 7°C के आसपास रहेगा. सुबह के समय कोहरा परेशानी बढ़ाएगा, लेकिन पर्यटकों के लिए यह मौसम आकर्षक माना जा रहा है, खासतौर पर उन लोगों के लिए जो बर्फबारी का आनंद लेना चाहते हैं.
कश्मीर घाटी में तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया है. कुछ हिस्सों में कोहरे की मोटी परत देखी गई. 7 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि 8 दिसंबर को उत्तरी और मध्य कश्मीर की पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी संभव है.
झारखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी है. गुमला में तापमान केवल 3°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम है. गढ़वा, पलामू, चतरा, रांची, बोकारो और खूंटी सहित कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी है.
राजस्थान में भी शीतलहर असर दिखा रही है, खासकर शेखावाटी में. मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक शुष्क मौसम रहने की बात कही है.
देश के दक्षिणी राज्यों में मौसम थोड़ा अलग है. तमिलनाडु में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. अंडमान और निकोबार में भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है.
पश्चिम बंगाल में तापमान इस सीजन के सबसे निचले स्तर पर आ गया है. कोलकाता सहित राज्य के कई जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. अगले सात दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
Premanand Maharaj Ashram Case: शिष्य दीपक लोधी की मौत के 9 दिन बाद प्रेमानंद महाराज…
Captain Smit Machchhar: नेतन्याहू ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ कर उन्हें…
Saudi Riyadh Missile Attack: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अरामको की सुविधा को बैलिस्टिक…
Aaj Ka Panchang: जानें आश्विन कृष्ण नवमी तिथि, पुनर्वसु नक्षत्र, शुभ मुहूर्त, अभिजीत मुहूर्त, राहुकाल,…
Aaj Ka Rashifal 4 October 2026: रविवार का दिन मेष से मीन तक सभी राशियों…
Aaj Ka Rashifal Mesh Rashi: मेष राशि वालों के लिए आज नए लोगों से संपर्क…