Mukul Chaudhary With Rishabh pant
Mukul Chaudhary IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 15वें मुकाबले में कोलकाता के ईडन गार्डेंस मैदान पर इतिहास रचता हुआ एक नजारा देखने को मिला, जब राजस्थान से आया एक युवा खिलाड़ी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की जर्सी में केकेआर (KKR) के गेंदबाजा पर जमकर गरजते नजर आया.
एक समय ऐसा लग रहा था कि 182 रनों का लक्ष्य लखनऊ के लिए किसी पहाड़ से कम नहीं है. जहां एक से एक धुरंधर बल्लेबाज कोलकाता के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते दिख रहे थे, वहीं 15 नंबर की LSG जर्सी पहने एक खिलाड़ी 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आता है और अपनी तूफानी बल्लेबाजी से 27 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिला देता है. आइए जानते हैं, कौन है राजस्थान से निकला वह खिलाड़ी जो लखनऊ के लिए तुरुप का इक्का साबित हुआ.
21 वर्षीय मुकुल चौधरी फिलहाल लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में खेलते हैं. राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छोटे से गांव खेडारो की ढाणी से आने वाले मुकुल अब IPL 2026 के उभरते सितारे बन चुके हैं.
मुकुल चौधरी की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं लगती. 21 वर्षीय इस खिलाड़ी की क्रिकेट यात्रा उनके जन्म से पहले ही शुरू हो गई थी, जब उनके पिता ने यह सपना देख लिया था कि उनका बेटा क्रिकेटर बनेगा. साल 2004 में मुकुल का जन्म हुआ. बेटे के जन्म के साथ ही पिता दलीप चौधरी का सपना भी जन्मा. एक तरफ वे स्थायी आमदनी के लिए संघर्ष कर रहे थे, तो दूसरी तरफ बेटे को क्रिकेटर बनाने का सपना भी उतनी ही मजबूती से कायम था.
दलीप ने छह साल तक राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) की तैयारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने रियल एस्टेट में हाथ आजमाया, लेकिन वहां भी असफलता मिली. इन नाकामियों के बावजूद उनका सपना कभी नहीं बदला.
साल 2016 में मुकुल की जिंदगी में क्रिकेट करियर की ऑफिशल शुरुआत हुई, जब उनके पिता ने उन्हें सीकर की एक क्रिकेट अकादमी में दाखिला दिलाया. दाखिले के साथ ही आर्थिक परेशानियां सामने आने लगीं. नियमित आय न होने के कारण उनके पिता ने बड़ा फैसला लेते हुए अपना घर तक बेच दिया. बेटे का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने करीब 21 लाख रुपये तक खर्च कर दिए.
पिता दलीप ने बाद में होटल का काम शुरू किया और इसके लिए उन्होंने कर्ज लिया, लेकिन समय पर किस्तें नहीं चुका पाए. हालात इतने खराब हो गए कि उन्हें जेल भी जाना पड़ा. दलीप का कहना है, “मैंने कभी किसी के साथ धोखा नहीं किया, बस किस्मत ने साथ नहीं दिया.” इस मुश्किल दौर में रिश्तेदारों ने भी उनका साथ छोड़ दिया और उन्हें ताने सुनने पड़े. लोगों ने यहां तक कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी खराब कर ली है और अब बेटे को भी इससे दूर रखें. लेकिन इन सब बातों ने दलीप को और मजबूत बना दिया.
मुकुल ने बचपन से ही अपने पिता की ये परेशानियां देखीं. जब लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें IPL ऑक्शन 2026 में 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा(Mukul Chaudhary LSG), तो उन्होंने सबसे पहले अपने पिता का कर्ज चुकाने का फैसला किया.
ये भी पढ़ें: बाबर आजम ने अपने नाम किया ‘महा-रिकॉर्ड’, गेल और कोहली को पीछे छोड़ बने सबसे तेज 12 हजारी
अगर मुकुल के प्रदर्शन की बात करें, तो टी20 क्रिकेट में वह काफी प्रभावी नजर आते हैं. उन्होंने घरेलू टी20 के 9 मैचों में लगभग 158 के स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाए हैं. भले ही लिस्ट-ए क्रिकेट में उनका प्रदर्शन अभी साधारण है, लेकिन छोटे फॉर्मेट में वह तेजी से उभरते खिलाड़ी हैं. केकेआर के खिलाफ उनकी पारी ने उन्हें अचानक चर्चा में ला दिया. दबाव में शांत रहकर खेलने की उनकी क्षमता उन्हें एक बेहतरीन फिनिशर बनाती है.
IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में मुकुल ने 27 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए. नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 7 छक्के लगाए, जो एक खास उपलब्धि है. यह पारी सिर्फ एक मैच जिताने वाली नहीं थी, बल्कि उनके संघर्ष और उनके पिता के सपनों का नतीजा थी. उस दिन मुकुल ने सिर्फ जीत ही नहीं दिलाई, बल्कि अपने परिवार के लिए गर्व का पल भी बनाया. अब देखना होगा कि वह आगे भी ऐसा ही प्रदर्शन जारी रख पाते हैं या नहीं.
-भारत एक्सप्रेस
केंद्र सरकार ने 5 अक्टूबर 2026 को दिल्ली, गुजरात और तेलंगाना हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य…
ग्वालियर में 20 रुपये के मोमोज की संख्या कम होने पर सवाल पूछना एक छात्र…
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल से पहले सस्ती बसों, ऐप टैक्सियों और फ्री…
उमेश पाल ट्रिपल मर्डर केस के 5 लाख के इनामी आरोपी अरमान बिहारी को प्रयागराज…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन को भारत की समृद्ध विरासत और…
सोशल मीडिया पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के नाम से एक…