महाकुंभ की घटना पर विपक्षी नेताओं ने जताया दुख.
Stampede In Mahakumbh: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को महाकुंभ मेला क्षेत्र में मची भगदड़ पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बीएसपी सुप्रीमो मायावती और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दुख जताया है.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि महाकुंभ के दौरान, तीर्थराज संगम के तट पर हुई भगदड़ से कई लोगों की जान गई है और अनेकों लोगों के घायल होने का समाचार बेहद हृदयविदारक है. श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएँ और घायलों की शीघ्रातिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ की हम कामना करते हैं.
अखिलेश यादव ने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट किया. इसमें उन्होंने कहा कि महाकुंभ में अव्यवस्थाजन्य हादसे में श्रद्धालुओं के हताहत होने का समाचार बेहद दुखद है. श्रद्धांजलि! इसके साथ ही उन्होंने सरकार से भी अपील की. उन्होंने कहा, “गंभीर रूप से घायलों को एअर एंबुलेंस की मदद से निकटतम सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों तक पहुंचाकर तुरंत चिकित्सा व्यवस्था की जाए. मृतकों के शवों को चिन्हित करके उनके परिजनों को सौंपने और उन्हें उनके निवास स्थान तक भेजने का प्रबंध किया जाए.”
उन्होंने आगे कहा, “जो लोग बिछड़ गए हैं, उन्हें मिलाने के लिए त्वरित प्रयास किए जाएं. हेलीकॉप्टर का सदुपयोग करते हुए निगरानी बढ़ाई जाए. सतयुग से चली आ रही ‘शाही स्नान’ की अखंड-अमृत परंपरा को निरंतर रखते हुए, राहत कार्यों के समानांतर सुरक्षित प्रबंधन के बीच ‘मौनी अमावस्या के शाही स्नान’ को संपन्न कराने की व्यवस्था की जाए.”
उन्होंने कहा, “श्रद्धालुओं से भी हमारी अपील है कि वे इस कठिन समय में संयम और धैर्य से काम लें और शांतिपूर्वक अपनी तीर्थयात्रा संपन्न करें. सरकार आज की घटना से सबक लेते हुए श्रद्धालुओं के रुकने, ठहरने, भोजन-पानी व अन्य सुविधाओं के लिए अतिरिक्त प्रबंध करे. हादसे में आहत हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना.”
वहीं, बहुजन समाज पार्टी के प्रमुख मायावती ने प्रयागराज में मची भगदड़ को लेकर दुख जताया. उन्होंने कहा, “प्रयागराज की संगम स्थली पर, महाकुंभ में हुई भगदड़, जिन भी श्रद्धालुओं ने अपनी जान गंवाई है और घायल हुए हैं, यह अति दुखद और चिंतनीय है. ऐसे समय में कुदरत पीड़ितों को इस दुख को सहने की शक्ति दे, पार्टी की यही कामना है.”
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी प्रयागराज में मची भगदड़ को लेकर दुख जताया. उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, “महाकुंभ में हुई भगदड़ की घटना बेहद दुखद है. इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं. ईश्वर उनके परिवारों को यह अपार दुख सहने की शक्ति दें. सभी श्रद्धालुओं से विनम्र अपील है कि धैर्य बनाए रखें और सावधानी बरतें. प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और एक-दूसरे की सुरक्षा का ध्यान रखें.”
-भारत एक्सप्रेस
PM मोदी ने ₹3,470 करोड़ की बेंगलुरु मेट्रो पिंक लाइन और मैसूर के कॉस्मोस तारामंडल…
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता…
लंदन की ब्रिटिश लाइब्रेरी में सुरक्षित करीब 225 साल पुरानी पटना कलम शैली की एक…
मोदी सरकार ने नेपाल के जनकपुर धाम और अयोध्या कैंट के बीच 604 किलोमीटर लंबी…
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बावजूद…
Meerut Mawana saree showroom fire CCTV minor arrested: मेरठ के मवाना में कृष्णा साड़ी शोरूम…