IPL 2025: दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 के लिए अपने नए कप्तान की घोषणा कर दी है. टीम ने स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल को यह जिम्मेदारी सौंपी है. अक्षर पिछले छह सालों से दिल्ली कैपिटल्स के अहम खिलाड़ी रहे हैं और अब उन्हें टीम की कमान सौंप दी गई है.
KL राहुल भी कप्तानी के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे. फ्रेंचाइजी ने उन्हें पिछले साल 14 करोड़ रुपये में खरीदा था. हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल ने बतौर खिलाड़ी टीम में योगदान देने की इच्छा जताई थी, जिसके चलते अक्षर को कप्तान नियुक्त किया गया.
नए कप्तान बनने के बाद अक्षर पटेल ने कहा, “दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है. मैं टीम मालिकों और कोचिंग स्टाफ का आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया.”
उन्होंने आगे कहा, “मैंने इस टीम में एक खिलाड़ी और इंसान के तौर पर काफी कुछ सीखा है. मुझे पूरा विश्वास है कि मैं इस जिम्मेदारी को अच्छे से निभा पाऊंगा. हमारी टीम काफी संतुलित और मजबूत है. हमारे पास कई अनुभवी खिलाड़ी हैं, जो मेरी कप्तानी में मदद करेंगे. मैं इस नए सफर के लिए उत्साहित हूं.”
अक्षर पटेल 2019 में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े थे और तब से वह टीम के लिए लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. दिल्ली के लिए 82 मैच खेल चुके अक्षर ने 967 रन बनाए हैं और 62 विकेट झटके हैं. उनका इकोनॉमी रेट 7.09 का रहा है.
150 आईपीएल मैच खेल चुके अक्षर ने 1653 रन बनाए हैं और 123 विकेट झटके हैं. 2016 में उन्होंने पंजाब टीम के लिए 5 गेंदों में 4 विकेट लेकर हैट्रिक भी पूरी की थी.
दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन किरण कुमार ग्रांधी ने कहा, “हम अक्षर पटेल को कप्तान नियुक्त करके बेहद खुश हैं. वह 2019 से हमारी टीम का अहम हिस्सा रहे हैं और हमेशा जिम्मेदारी के साथ खेले हैं. उप-कप्तान के रूप में उन्होंने शानदार काम किया, और अब कप्तान बनना उनके लिए अगला स्वाभाविक कदम है.”
फ्रेंचाइजी के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने कहा, “अक्षर पटेल का दिल्ली कैपिटल्स के साथ सफर बेहद खास रहा है. 2019 में हमने उन्हें चुना था और तब से उनकी प्रगति को नजदीक से देखा है. वह ड्रेसिंग रूम में काफी पसंद किए जाते हैं और एक प्रेरणादायक खिलाड़ी हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “अक्षर न सिर्फ एक बेहतरीन गेंदबाज हैं, बल्कि अब वह एक परिपक्व ऑलराउंडर भी बन चुके हैं. उन्होंने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी में भी शानदार प्रदर्शन किया. KL राहुल, फाफ डु प्लेसिस और मिचेल स्टार्क जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी हमारे लीडरशिप ग्रुप में शामिल हैं, जिससे टीम को काफी फायदा होगा.”
अक्षर पटेल को इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ का पूरा समर्थन मिलेगा. सपोर्ट स्टाफ में शामिल हैं:
डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट: वेणुगोपाल राव
मेंटॉर: केविन पीटरसन
हेड कोच: हेमांग बदानी
असिस्टेंट कोच: मैथ्यू मॉट
बॉलिंग कोच: मुनाफ पटेल
दिल्ली कैपिटल्स अपना पहला मुकाबला 24 मार्च को विशाखापट्टनम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलेगी. टीम के नए कप्तान अक्षर पटेल पर सभी की नजरें होंगी.
ये भी पढ़ें- WPL 2025: एलिमिनेटर में Mumbai Indians ने धमाकेदार जीत के साथ खेली रिकॉर्ड्स की ‘होली’
-भारत एक्सप्रेस
यूनिवर्सिटी एल्युमनाई की तर्ज़ पर अब गांव के बाशिंदे भी महानगरों में मनाएं अपनी मिट्टी…
मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग के श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा 102 छात्र-छात्राओं को 'भगवान श्रीकृष्ण मेधावी…
राजनीतिक बयानबाजी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता दामोदरदास मूलचंद मोदी चर्चा में…
1 नवंबर से अयोध्या के राम मंदिर में श्रीरामलला की पूजा, आरती और दर्शन का…
NCB ने मिजोरम पुलिस और ED के साथ मिलकर 'ऑपरेशन ट्राइडेंट' लॉन्च किया. असम, मिजोरम…
इलाहाबाद हाई कोर्ट की सख्ती के बाद मेडिको-लीगल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब सीधे CCTNS पोर्टल…