Train Diversion
Train Diversion: बिहार के मोकामा के पास गंगा नदी पर बने नए रेल पुल को चालू करने की दिशा में रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में राजेंद्र पुल के समानांतर बने नए रेलवे पुल पर इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा. इसके चलते 20 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक रेल परिचालन में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं. इस अवधि में 384 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि 67 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी. इसके अलावा 56 ट्रेनों का आंशिक समापन और 67 ट्रेनों का आंशिक प्रारंभ किया जाएगा.
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि इंटरलॉकिंग कार्य के कारण अलग-अलग तारीखों पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा. सबसे अधिक असर 3 अक्टूबर को देखने को मिलेगा, जब अकेले 36 ट्रेनें रद्द रहेंगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
मोकामा और बरौनी के बीच गंगा नदी पर स्थित 1.9 किलोमीटर लंबा राजेंद्र रेल-सह-सड़क पुल वर्ष 1959 में बनाया गया था. इस पुल पर केवल सिंगल रेल लाइन है और तकनीकी कारणों से इसका दोहरीकरण संभव नहीं था. बीते छह दशकों में ट्रेनों की संख्या कई गुना बढ़ने से इस पुल पर भारी दबाव बन गया था. अक्सर लंबी दूरी की ट्रेनों को बरौनी पहुंचने से पहले छोटे स्टेशनों पर रोकना पड़ता था, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता था.
रेल यात्रियों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने मोकामा में राजेंद्र पुल के समानांतर नया रेल पुल बनाने की मंजूरी दी थी. वर्ष 2015-16 के रेल बजट में करीब 1491.47 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को स्वीकृति मिली थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 मार्च 2016 को इस पुल का शिलान्यास किया था.
यह भी पढ़ें: पूर्व राज्यपाल डॉ. डीवाई पाटिल के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने जताया शोक
नया पुल मौजूदा पुल से लगभग 50 मीटर की दूरी पर बनाया गया है और इसमें दोहरी रेल लाइन की सुविधा है. मुख्य पुल की लंबाई करीब 1.9 किलोमीटर है, जबकि एप्रोच लाइन सहित पूरी परियोजना लगभग 14 किलोमीटर लंबी है. परियोजना के तहत 9 छोटे पुल, 2 सड़क ओवरब्रिज और 3 रेल ओवरब्रिज भी बनाए गए हैं.
इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस, हावड़ा-जयनगर एक्सप्रेस, मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस, मालदा टाउन-पटना एक्सप्रेस, जयनगर-पटना एक्सप्रेस, पटना-जयनगर एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे ने विस्तृत सूची जारी कर दी है, जिसमें अलग-अलग तारीखों पर रद्द, डायवर्ट और आंशिक रूप से संचालित होने वाली ट्रेनों की जानकारी दी गई है.
भारत एक्सप्रेस
अलीगढ़ में तीन तलाक के बाद महिला से दो देवरों द्वारा जबरन हलाला कराने का…
केंद्र सरकार ने 5 अक्टूबर 2026 को दिल्ली, गुजरात और तेलंगाना हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य…
ग्वालियर में 20 रुपये के मोमोज की संख्या कम होने पर सवाल पूछना एक छात्र…
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विंटर शेड्यूल से पहले सस्ती बसों, ऐप टैक्सियों और फ्री…
उमेश पाल ट्रिपल मर्डर केस के 5 लाख के इनामी आरोपी अरमान बिहारी को प्रयागराज…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन को भारत की समृद्ध विरासत और…