काशी के अर्धचंद्राकार घाटों पर मंगलवार को होने वाली भव्य देव दीपावली-2026 के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं. इस वर्ष देश-विदेश से 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने का अनुमान है, जबकि प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए गंगा घाट क्षेत्र को 20 सेक्टरों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र को 14 सेक्टरों में बांटा गया है. पूरे शहर में 11 लाख से अधिक दीप (जिनमें करीब 10 लाख मिट्टी के और 1 लाख गोबर से बने दीप शामिल हैं) प्रज्ज्वलित किए जाएंगे.
घाटों और गंगा पार रेतीले क्षेत्र में शाम 5:15 से 5:45 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन होगा, जिसके बाद शाम 6 से 7 बजे तक प्रमुख घाटों पर मां गंगा की भव्य आरती होगी. चेत सिंह घाट पर शाम 7:20 से 7:45 बजे तक 25 मिनट का 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो होगा. गंगा पार रेतीले क्षेत्र में रात 8 से 8:10 बजे तक 2100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य जीवंत होंगे, और रात 8:30 से 8:40 बजे तक ललिता घाट के सामने गंगा पार रेत पर हरित आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा.
काशी विश्वनाथ धाम को सुगंधित फूलों, पुष्प रंगोलियों और विद्युत झालरों से सजाया जा रहा है तथा ललिता घाट पर भी दीपदान होगा. वहीं, दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र के अनुसार घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं और 51 हजार दीपों से सजाकर कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित महाआरती होगी, जिसमें अमर जवान ज्योति की अनुकृति पर रीथ लेइंग और 21 अर्चकों व 42 देव कन्याओं द्वारा आरती की जाएगी (जिसका सीधा प्रसारण गंगा सेवा निधि के यूट्यूब चैनल पर होगा).
प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे ‘बाबू महाराज’ के संयोजन में 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक, 500 किलोग्राम फूलों की सजावट और 108 किलोग्राम की अष्टधातु प्रतिमा के समक्ष आरती होगी. पुष्कर तालाब पर संयोजक रामयश मिश्र के नेतृत्व में भारतरत्न पं. मदन मोहन मालवीय, पद्मभूषण स्व. गिरिजा देवी, स्व. वीरभद्र मिश्र, पं. किशन महाराज, बिस्मिल्लाह खां, पं. छन्नूलाल मिश्रा, स्व. पं. जगन्नाथ त्रिपाठी, स्व. पं. शारदा प्रसाद मिश्र, पं. त्रिभुवन नाथ मिश्र और स्व. वागीश दत्त मिश्र सहित काशी की महान विभूतियों की स्मृति में 2100 दीप जलाए जाएंगे.
ज्योतिषाचार्य पंडित ऋषि द्विवेदी के अनुसार, दीपावली के 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा को मनाई जाने वाली देव दीपावली का उल्लेख शिव पुराण में मिलता है. पौराणिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी, जिसकी खुशी में देवताओं ने स्वर्ग से उतरकर काशी के गंगा घाटों पर दीपोत्सव मनाया था. एक अन्य मान्यता के अनुसार, काशी नरेश ने युद्ध में शहीद सैनिकों की स्मृति में गंगा घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित करने की परंपरा शुरू की थी, जो पंचगंगा घाट से आरंभ होकर आज संपूर्ण काशी में विस्तारित हो चुकी है.
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में रिपीट होगा बिहार? धीरेंद्र शास्त्री के स्ट्राइक रेट ने बढ़ाई विपक्ष की टेंशन; जानें पूरा गणित
आस्था, राष्ट्रीयता और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम बनी काशी की देव दीपावली-2026 न केवल भारतीय सनातन संस्कृति की भव्यता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित कर रही है, बल्कि सुव्यवस्थित प्रशासनिक इंतजामों और जनसहभागिता के माध्यम से लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव भी सुनिश्चित कर रही है.
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पूर्वांचल के सियासी समीकरण साधने के लिए केंद्रीय गृह…
यूरोपीय संघ (EU) की संभावित सदस्यता के लिए ब्रिटेन के हर हफ्ते £750 मिलियन (करीब…
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना…
भारतीय कला, साहित्य, संगीत, नृत्य, नाट्य एवं लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के संकल्प…
प्रयागराज के रसूलाबाद इलाके से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाली खबर सामने आई…
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को शुभकामनाएं…