KBC के पहले करोड़पति भूषण ठाकरे की कहानी
Bhushan Thakre KBC: किसी के लिए एक करोड़ रुपये जीतना बहुत बड़ी बात हो सकती है, लेकिन महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले भूषण ठाकरे के लिए यह सिर्फ पैसों की जीत नहीं है. यह उस परिवार के सालों के संघर्ष का नतीजा है जिसने बेटे की पढ़ाई के लिए अपने गहने तक बेच दिए. कभी भूषण मुंबई सिर्फ 24 रुपये लेकर पहुंचे थे. अब ‘कौन बनेगा करोड़पति’ यानी KBC के मंच से एक करोड़ रुपये जीतकर लौटे हैं.
KBC के 18वें सीजन को अपना पहला करोड़पति मिल गया है. भूषण ठाकरे ने अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर एक करोड़ रुपये जीत लिए हैं. अब सबकी नजर सात करोड़ रुपये के सवाल पर है. हालांकि, भूषण ने सात करोड़ के सवाल का जवाब देने के बजाय एक करोड़ रुपये लेकर खेल छोड़ने का फैसला किया.
बाद में उन्हें पता चला कि सात करोड़ रुपये के सवाल को लेकर उनका अंदाजा सही था. लेकिन उन्हें अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है. उनका कहना है कि एक करोड़ रुपये की रकम उनके और उनके परिवार के लिए बहुत मायने रखती है. इससे उनकी जिंदगी बदल सकती है.
महाराष्ट्र के बालवाड़ी निवासी भूषण ठाकरे, KBC सीज़न 18 के पहले करोड़पति बने हैं।
दिहाड़ी मजदूर पिता के संघर्ष,आर्थिक तंगी और 2016 से जारी अथक प्रयासों से उन्होंने यह मुकाम पाया।
उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता और डॉ. बाबा साहब अंबेडकर को दिया। https://t.co/hJHCtJ0uQ2
— Jr.KanshiRam (@JrKanshiRam) November 27, 2026
भूषण ठाकरे महाराष्ट्र के जलगांव जिले के बालवाड़ी गांव के रहने वाले हैं. उनका गांव करीब दो हजार की आबादी वाला है. जब KBC की टीम ने उन्हें फोन करके मुंबई बुलाया, तब उनकी जेब में सिर्फ 24 रुपये थे.
शो में आने-जाने और ठहरने का खर्च KBC की टीम उठाती है, इसलिए उन्हें मुंबई पहुंचने की चिंता नहीं थी. लेकिन उनके लिए यह सफर किसी सपने से कम नहीं था.
भूषण कहते हैं,
जब मैं मुंबई गया तो मेरी जेब में 24 रुपये थे और जब मैं मुंबई से आया तब मेरी जेब में एक करोड़ 24 रुपये थे.
भूषण के परिवार में चार लोग हैं. उनके माता-पिता, वह खुद और उनका छोटा भाई कुलदीप. परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी. पिता मजदूरी करके घर चलाते थे. वह बचपन से ही मेहनत-मजदूरी कर रहे हैं. भूषण बताते हैं कि उनके पिता ने महज पांच साल की उम्र से काम करना शुरू कर दिया था.
मां भी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही हैं. उनकी अब तक करीब आठ से नौ सर्जरी हो चुकी हैं. घर का खर्च, मां का इलाज और बच्चों की पढ़ाई, सबकी जिम्मेदारी पिता के कंधों पर थी.
भूषण बताते हैं कि उनकी मां घर के खर्च से थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाकर सोना खरीदती थीं. कभी एक ग्राम, कभी दो ग्राम तो कभी तीन ग्राम. लेकिन जब भी भूषण को पढ़ाई के लिए पैसों की जरूरत पड़ती, मां अपने गहने बेच देती थीं. वह कहते हैं कि अब समय आ गया है कि मां ने उनके लिए जो कुछ किया, उसका कर्ज लौटाया जाए. वह भी ब्याज समेत.
भूषण ने साल 2016 में पहली बार KBC के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था. तब से वह इस शो में आने का सपना देख रहे थे. करीब दस साल बाद उनका यह सपना पूरा हुआ.
भूषण ने 12वीं तक की पढ़ाई अपने गांव के सरकारी स्कूल से की. इसके बाद जलगांव के सरकारी संस्थान से आगे की पढ़ाई पूरी की. उन्होंने इतिहास में एमए किया है और फिलहाल राजनीति विज्ञान में एमए की पढ़ाई के साथ UPSC की तैयारी भी कर रहे हैं.
उनका परिवार चाहता था कि वह पढ़-लिखकर कुछ बनें और मजदूरी की जिंदगी से बाहर निकलें. लेकिन आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई का सफर आसान नहीं रहा. कई बार पैसों की कमी के चलते पढ़ाई में रुकावट आई. भूषण को लगता था कि वह परिवार पर निर्भर होते जा रहे हैं. इसी वजह से उन्होंने घर से दूर रहकर अपनी तैयारी जारी रखने का फैसला किया.
ये भी पढ़ें- भगवा कुर्ता, सिर पर पगड़ी और रात के अंधेरे में नंगे पांव…अनंत अंबानी की ब्रज यात्रा, लगाई गोवर्धन परिक्रमा
भूषण कहते हैं कि अब वह अपने माता-पिता को मेहनत-मजदूरी नहीं करने देना चाहते. एक करोड़ रुपये जीतने के बाद उनकी पहली कोशिश परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की होगी. इसके साथ ही वह अपनी UPSC की तैयारी भी जारी रखना चाहते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
Biodrone Pigeon Russia: रूसी टेक कंपनी Neiry ने दिमाग में इलेक्ट्रोड, पीठ पर कंट्रोल बैग…
समाज सुधारक और क्रांतिकारी दूरदर्शी महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित…
देश की बड़ी बोतलबंद पानी कंपनी बिसलेरी को एक और झटका लगा है. पश्चिम बंगाल…
Jagannath Temple News:पुरी जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार की गिनती 103 घंटे पार कर चुकी…
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने मथुरा के गोवर्धन में रात के समय…
Suspected Jaish-e-Mohammed Operative: खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली में जैश-ए-मोहम्मद के एक संदिग्ध सदस्य को पकड़कर…