Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

भगवा कुर्ता, सिर पर पगड़ी और रात के अंधेरे में नंगे पांव…अनंत अंबानी की ब्रज यात्रा, लगाई गोवर्धन परिक्रमा

रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने मथुरा के गोवर्धन में रात के समय पैदल गिरिराज महाराज की पूरी परिक्रमा की. इस दौरान वे भगवा कुर्ते और पीली पगड़ी में कृष्ण भक्ति में लीन नजर आए.

Anant Ambani Govardhan Parikrama Video: ब्रज की पावन धरती पर रात के अंधेरे में गूंजते ‘राधे-राधे’ के जयकारों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी का एक बेहद सादगी भरा और भक्तिमय अंदाज देखने को मिला. मथुरा-वृंदावन की आध्यात्मिक यात्रा पर पहुंचे अनंत अंबानी ने रात में पैदल चलकर गिरिराज महाराज (गोवर्धन पर्वत) की पूरी परिक्रमा की.

भगवा रंग का कढ़ाईदार कुर्ता-पायजामा और सिर पर पीली पगड़ी बांधे अनंत किसी बड़े उद्योगपति परिवार के सदस्य के बजाय एक आम कृष्ण भक्त की तरह श्रद्धालुओं के बीच घुलते-मिलते, तालियां बजाते और कीर्तन की धुन पर झूमते नजर आए.

गिरिराज जी की श्रृंगार आरती के बाद रात में शुरू की परिक्रमा

गोवर्धन पहुंचने पर अनंत अंबानी ने सबसे पहले जतीपुरा स्थित प्रसिद्ध गिरिराज मुखारबिंद मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और श्रृंगार आरती में हिस्सा लिया. इसके बाद वे मदन मोहन जी मंदिर पहुंचे, जहां सेवायत ने उन्हें आशीर्वाद दिया.

पूजा के उपरांत रात में उन्होंने निजी सुरक्षाकर्मियों और पुलिस घेरे के बीच पैदल परिक्रमा शुरू की. रास्ते भर उनकी झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और अनंत भी आम भक्तों के साथ हाथ उठाकर ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ के जयकारे लगाते दिखाई दिए.

 

दादा-दादी को याद कर कही दिल की बात

परिक्रमा पूरी करने के बाद अनंत अंबानी ने बताया कि बचपन से ही उनकी इच्छा थी कि वे गिरिराज जी की पूरी परिक्रमा करें और भगवान के चरणों में दंडवत हों. ब्रज की दिव्य ऊर्जा को अद्भुत बताते हुए उन्होंने अपने दादा धीरूभाई अंबानी और दादी कोकिलाबेन अंबानी को भी याद किया.

अनंत ने कहा कि वे आज जो कुछ भी हैं, अपने दादा-दादी के आशीर्वाद और मार्गदर्शन की वजह से हैं; यात्रा पर आने से पहले जब उन्होंने दादी कोकिलाबेन को पूरी परिक्रमा करने की बात बताई तो वे बेहद खुश हुईं, और उन्होंने दादी की ओर से भी भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की है.

ये भी पढ़ें- मोदी सरकार परिसीमन को तैयार… 815 सांसद होंगे तो कितना बढ़ेगा खर्च? जानें सैलरी, भत्ते, घर सबका हिसाब

सुबह बांके बिहारी जी के दर्शन के बाद आगरा होंगे रवाना

गौरतलब है कि हिंदू मान्यताओं के अनुसार द्वापर युग में मूसलाधार बारिश से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाया था, तभी से इसकी परिक्रमा का विशेष पुण्य माना जाता है. रात्रि विश्राम के बाद आज सुबह अनंत अंबानी का वृंदावन स्थित प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी जी मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम है, जिसके बाद वे आगरा के लिए रवाना होंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism