देश

अहमदाबाद विमान हादसे के बाद DGCA ने शुरू की जांच, 2023 में एयर इंडिया ने 13 ऑडिट रिपोर्ट्स में किए थे झूठे दावे, अब जांच के दायरे में आएंगी वो खामियां

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में एयर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान के दर्दनाक हादसे में 241 लोगों की मौत के बाद, भारत के विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने एयरलाइन की पूर्व सुरक्षा प्रक्रियाओं को लेकर गंभीर चिंता जताई है. DGCA ने बताया कि 2023 में की गई एक निरीक्षण जांच में एयर इंडिया की आंतरिक सुरक्षा ऑडिट प्रक्रियाओं में गंभीर खामियां पाई गई थीं, जो अब इस दुर्घटना की जांच के दायरे में शामिल कर ली गई हैं.

DGCA को सौंपे 13 फर्जी ऑडिट दस्तावेज़

DGCA के अनुसार, दो सदस्यीय निरीक्षण टीम ने पाया कि एयर इंडिया ने कम से कम 13 ऑडिट रिपोर्ट्स में झूठे दावे किए. ये ऑडिट रिपोर्ट्स मुंबई, गोवा और दिल्ली में कैबिन निगरानी, रैम्प सेवा, कार्गो और लोड जांच जैसे प्रमुख क्षेत्रों से संबंधित थीं. हालांकि, जब इन दावों को CCTV फुटेज, शिफ्ट लॉग्स और उड़ान दस्तावेजों से सत्यापित किया गया, तो यह स्पष्ट हो गया कि ऐसे कोई ऑडिट कभी हुए ही नहीं.

जाली दस्तावेज़

सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि इन रिपोर्ट्स में अधिकृत उड़ान सुरक्षा प्रमुख के हस्ताक्षर नहीं थे, जो कि वैधानिक रूप से अनिवार्य है. इसके बजाय, इन्हें गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली (QMS) विभाग के एक ऑडिटर ने हस्ताक्षरित किया, जिसकी योग्यता भारतीय उड़ान सुरक्षा नियमों के अंतर्गत मान्य नहीं है. DGCA की रिपोर्ट में कहा गया, “जब हमने पूछा कि इस हस्ताक्षर के लिए अधिकृत प्रतिनिधित्व कहां है, तो हमें न कोई लिखित आदेश मिला, न कोई ईमेल – केवल मौखिक आश्वासन दिया गया.”

इसके अलावा, DGCA ने पाया कि पायलटों के लिए आवश्यक प्री-फ्लाइट अल्कोहल परीक्षण की ऑडिट रिपोर्ट भी गैर-मौजूद निरीक्षण के आधार पर तैयार की गई थी. ऑडिटर ने कभी भी संबंधित स्थल का दौरा नहीं किया, जांच यंत्रों की रीडिंग नहीं दर्ज की और बिना किसी सत्यापन के सभी जांच बिंदुओं को ‘संतोषजनक’ घोषित कर दिया.

रैंप सेवाओं और केबिन निगरानी में झूठे अधिकारी

रैंप सेवा रिपोर्ट्स में ऐसे ड्यूटी अधिकारी दर्शाए गए जो उस समय मौजूद ही नहीं थे. वहीं, 16 जुलाई 2023 को दर्शाई गई केबिन ऑडिट रिपोर्ट पूरी तरह फर्जी पाई गई, क्योंकि उस दिन रिपोर्ट में दर्शाए गए ऑडिटर स्वयं एक यात्री के रूप में परिवार के साथ उड़ान में यात्रा कर रहे थे. जब DGCA ने अधिकृत ऑडिटरों की सूची मांगी, तो एयर इंडिया ने जानबूझकर देरी की और अंततः जो सूची दी गई, उसमें ऐसे QMS कर्मी शामिल थे जिनकी योग्यता नियामक मानकों के अनुरूप नहीं थी. तत्कालीन DGCA महानिदेशक विक्रम देव दत्त ने कहा था कि ये विस्तारित जांच का मामला है.

एयर इंडिया का जवाब

एयर इंडिया ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, “सभी विमानन कंपनियां, जिनमें एयर इंडिया भी शामिल है, नियमित रूप से भारत और विदेशों में नियामकों द्वारा ऑडिट की जाती हैं. हम इन प्रक्रियाओं में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं और किसी भी मुद्दे को संबंधित प्राधिकरण के साथ सीधे हल करते हैं.” DGCA की जांच के परिणामों के आधार पर, एयर इंडिया पर आपराधिक मुकदमे, आर्थिक दंड, परिचालन पर प्रतिबंध या तीसरे पक्ष द्वारा निगरानी जैसी सख्त कार्रवाइयां संभव हैं.

यह भी पढ़ें- “तबाही का मंजर दुखद है…”, पीएम मोदी ने क्रैश साइट का किया दौरा, बोले- दिल दहला देने वाली मौत को शब्दों में बयां करना मुश्किल

वर्तमान DGCA के महानिदेशक फैज अहमद किदवई ने हादसे की जांच के आदेश देते हुए कहा कि इस मामले की गहनता से जांच की जाएगी. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि इससे पहले डीजीसीए की कमान विक्रम देव दत्त के हाथों में थी.

-भारत एक्सप्रेस

Shailendra Verma

Recent Posts

एयरपोर्ट पर सिम खोजने का झंझट खत्म! एयर इंडिया का EasyRoam करेगा काम आसान

Air India EasyRoam SIM: विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एयर इंडिया ने EasyRoam…

14 seconds ago

अडानी एंटरप्राइजेज की लॉन्ग-टर्म रेटिंग में बड़ा सुधार: CARE Ratings से मिली अब तक की सबसे हाई ‘CARE AA’ रेटिंग

Adani Enterprises Credit Rating: CareEdge ने अडानी एंटरप्राइजेज की लॉन्ग-टर्म क्रेडिट रेटिंग बढ़ाकर CARE AA…

35 minutes ago

डॉक्टरों को महंगे गिफ्ट और विदेश यात्रा! सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगी रिपोर्ट, बनाई जाएगी खास कमेटी

सुप्रीम कोर्ट ने दवा कंपनियों द्वारा डॉक्टरों को महंगे गिफ्ट, विदेश यात्राएं, कैश और अन्य…

44 minutes ago

‘थप्पड़, छीना फोन और फिर…’: मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ हाईकोर्ट सख्त, दिल्ली पुलिस को स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश

दिल्ली सरकार में मंत्री और भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के खिलाफ एक आम आदमी पार्टी…

49 minutes ago

सऊदी के समर में PAK एयरफोर्स की एंट्री: क्या यमन के दलदल और गृहयुद्ध में फंसने जा रहा है पाकिस्तान?

Saudi-Yemen War Pak Entry: सऊदी अरब के समर्थन में पाकिस्तान ने यमन के हूती विद्रोहियों…

59 minutes ago