अहमदाबाद विमान हादसे में दिवंगत मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के गुजरात संयोजक एवं पूर्व कोषाध्यक्ष बदरुद्दीन हलाली तथा गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को विनम्र श्रद्धांजलि.
अहमदाबाद/नई दिल्ली, 12 जून. गुजरात की धरती गहरे शोक में है. एयर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट AI-171 के भयावह हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के गुजरात प्रदेश संयोजक बदरुद्दीन हलानी का असमय निधन हो गया. यह त्रासदी राष्ट्रीय स्तर की क्षति है. मुस्लिम राष्ट्रीय मंच इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोनों दिवंगत आत्माओं के साथ साथ हादसे के शिकार सभी 242 यात्रियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है.
गुजरात की धरती शोकाकुल है. गुरुवार 12 जून 2025 को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे राष्ट्र को स्तब्ध कर दिया. एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, उड़ान भरने के महज दो मिनट बाद ही भीषण हादसे का शिकार हो गई. यह हादसा दोपहर 1:40 बजे एयरपोर्ट की परिधि में हुआ, जब बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अचानक आग का गोला बन गया और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस से टकरा गया.
इसके बाद विमान पास की रिहायशी बिल्डिंग पर जा गिरा, जहां अहमदाबाद सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स निवास करते थे. इस हादसे में 15 डॉक्टर घायल हुए हैं और कई की हालत गंभीर है. विमान में 242 यात्री सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे. अब तक 100 से अधिक शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश की पहचान डीएनए जांच से ही संभव है, क्योंकि शवों की हालत अत्यंत जली हुई और पहचान के परे है.
इस भीषण हादसे में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के गुजरात प्रदेश संयोजक बदरुद्दीन हलानी का निधन मंच और राष्ट्रवादी मुस्लिम समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है. श्री हलानी अपनी धर्मपत्नी, भाभी और भतीजी के साथ लंदन की यात्रा पर थे, परंतु नियति को कुछ और ही मंज़ूर था. चारों ने एक साथ अंतिम साँस ली और संगठन ने एक समर्पित सेवक, कुशल संगठनकर्ता और सच्चे राष्ट्रवादी को खो दिया. मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस त्रासदी पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा है कि बदरुद्दीन भाई का जाना संगठन के लिए वैसा ही है जैसे शरीर से आत्मा का बिछुड़ जाना. वे हमेशा भारतीय संस्कृति, समरसता और अखंड राष्ट्रवाद के प्रचारक रहे. उनका जीवन साधना, सेवा और समर्पण का आदर्श उदाहरण था. संगठन उनके कार्यों को हमेशा स्मरण रखेगा.
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विजय रूपाणी भी इस विमान में सवार थे. उनके निधन से गुजरात की राजनीति, शासन व्यवस्था और जनकल्याण के क्षेत्र में एक गहरा शून्य उत्पन्न हो गया है. मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने उनके निधन को भी देश के लिए एक गहरा झटका बताते हुए कहा कि श्री रूपाणी सामाजिक समरसता, सुशासन और राष्ट्रीय एकता के प्रतिबद्ध प्रहरी थे. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सेवा और सरलता को सर्वोपरि रखा. रूपाणी जी का जाना केवल गुजरात ही नहीं, पूरे देश के लिए एक सार्वजनिक क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में असंभव है. मंच ने उनके योगदानों को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है.
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने इस त्रासदी को एक राष्ट्रीय शोक की संज्ञा दी है और निर्णय लिया है कि आगामी दिनों में एक ऑनलाइन श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा. इसमें मंच के राष्ट्रीय संयोजक, सभी प्रदेश प्रमुख, महिला एवं युवा इकाइयों के पदाधिकारी, वरिष्ठ स्वयंसेवक तथा अन्य राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. यह सभा न केवल दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करेगी, बल्कि यह भी दर्शाएगी कि विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की स्मृति किस तरह संगठन के हृदय में जीवित रहती है. मंच के वक्तव्य में कहा गया है कि विजय रूपाणी और बदरुद्दीन हलानी जैसे महान लोग युगों में एक बार जन्म लेते हैं. वे देश की मिट्टी, संस्कृति और राष्ट्रचेतना के प्रति पूर्ण समर्पित थे. उनका जीवन प्रेरणा है और उनकी स्मृति संगठन की ऊर्जा बनेगी.
हादसे के कारणों की अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक संकेत तकनीकी खामी, विशेषकर विमान की बैटरी और उड़ान नियंत्रण प्रणाली में गड़बड़ी की ओर इशारा कर रहे हैं. बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान को पहले भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से संदिग्ध माना गया है. इसकी उड़ानों पर विश्व स्तर पर अस्थायी रोक भी लगाई जा चुकी है. यह घटना भारत की एविएशन प्रणाली के लिए चेतावनी है कि तकनीकी मामलों में लापरवाही अब और बर्दाश्त नहीं की जा सकती. एयरपोर्ट की सुरक्षा दीवार, कस्टम ऑफिस और रिहायशी इलाकों के इतने निकट उड़ान भरना – इन सभी पहलुओं की गहन जांच अपेक्षित है. देश की जनता और दिवंगतों के परिजन यह जानने के हकदार हैं कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई.
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच उन सभी दिवंगत आत्माओं को नमन करता है जो इस विमान हादसे में असमय काल के गाल में समा गए. विशेष रूप से मंच के कर्मठ सिपाही बदरुद्दीन हलानी और जनसेवक विजय रूपाणी की स्मृति सदैव जीवित रहेगी. उनके विचार, उनका समर्पण और उनकी सेवा – यह सब आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे. मंच की ओर से दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि, और उनके परिजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त की जाती है.
सुप्रीम कोर्ट में जगतार सिंह हवारा की जेल ट्रांसफर याचिका पर IB ने रिपोर्ट सौंपी…
Tripura BSF Attack: त्रिपुरा के बॉक्सानगर में कथित तस्करों और स्थानीय लोगों के हमले में…
दिल्ली पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन और वकीलों के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में दिल्ली…
सुप्रीम कोर्ट वक्फ अधिनियम की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर दिसंबर के…
Arvind Rajbhar: अरविंद राजभर ने बीजेपी को तीखे तेवरों में याद दिलाया कि बिहार में…
Sudhakar Singh Corruption Allegations On Kundan Krishnan: RJD सांसद सुधाकर सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस…