West Bengal Election 2026 Phase 2: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और निर्णायक चरण की वोटिंग के बीच सियासी पारा अपने चरम पर है. जैसे-जैसे पोलिंग बूथों पर कतारें लंबी हो रही हैं, वैसे-वैसे बयानों के तीर भी तेज हो गए हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज बंगाल के मतदाताओं, खासकर महिलाओं और युवाओं से एक भावुक और रणनीतिक अपील की है. शाह ने साफ शब्दों में कहा कि ये चुनाव सिर्फ प्रतिनिधि चुनने का नहीं, बल्कि बंगाल को ‘भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार’ के साये से बाहर निकालने का सुनहरा मौका है.
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मोर्चा संभालते हुए बंगाल के गौरव की बात की. उन्होंने लिखा, ‘मैं दूसरे और अंतिम चरण के सभी मतदाताओं, विशेषकर माताओं, बहनों और युवाओं से अपील करता हूं कि आप अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें. आपका एक वोट बंगाल के खोये हुए गौरव को वापस लाएगा.’
अमित शाह ने अपने संदेश में ‘सुरक्षा’ और ‘विकास’ को मुख्य मुद्दा बनाया. उन्होंने कहा कि बंगाल के युवाओं के सपने तभी पूरे हो सकते हैं जब सरकार के पास विकास का विजन हो और घुसपैठियों को बाहर निकालने की मजबूत इच्छाशक्ति हो. उन्होंने मतदाताओं को याद दिलाया कि उनका एक वोट महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का सबसे बड़ा माध्यम बनेगा.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बंगाल की जनता को लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया. पीएम ने न केवल रिकॉर्ड वोटिंग की अपील की, बल्कि एक ‘संस्कृत सुभाषितम्’ के जरिए जनप्रतिनिधियों के कर्तव्यों का भी बोध कराया.
प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए श्लोक- “राज्ञो हि व्रतमुत्थानं यज्ञः कार्यानुशासनम्…” का अर्थ समझाते हुए उन्होंने बताया कि जनता का निरंतर उत्थान करना, निष्ठापूर्वक कर्तव्य निभाना और सभी के साथ समान व्यवहार करना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि का असली संकल्प है.
पीएम मोदी ने जोर दिया कि युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ही भारत के नवनिर्माण और एक समर्थ राष्ट्र की नींव को मजबूत करेगी.
पश्चिम बंगाल की 142 सीटों पर आज सुबह 7 बजे से ही मतदान जारी है. ये चरण कई मायनों में ऐतिहासिक है क्योंकि इसमें 3.12 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. चुनावी मैदान में 1,448 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें कई दिग्गज चेहरे शामिल हैं.
वहीं, सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हो रही इस वोटिंग को लेकर चुनाव आयोग भी पूरी तरह सतर्क है.
-भारत एक्सप्रेस
मिडिल ईस्ट फोरम के विशेषज्ञों के अनुसार, चीन की घटती आबादी और जनसांख्यिकीय संकट भारत…
Hormuz Strait Tanker Explosion: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बारूदी सुरंग से टकराकर एक विशाल तेल…
भारत अपनी सैन्य ताकत को अंतरिक्ष तक बढ़ा रहा है. रक्षा मंत्रालय ने 2,563 करोड़…
नवरात्रि के अवसर पर गौतम अदाणी ने दक्षिण गुजरात के श्रीमद राजचंद्र मिशन धरमपुर का…
UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पोस्टर वार तेज हो…
18 अक्टूबर 1969 को हैदराबाद के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट के दौरान…