Bharat Express DD Free Dish

‘भय और भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिए करें वोट’: अमित शाह ने बंगाल के मतदाताओं को दिया ‘सोनार बांग्ला’ का मंत्र

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान गृह मंत्री अमित शाह और पीएम मोदी ने मतदाताओं से रिकॉर्ड वोटिंग की अपील की है. शाह ने ‘भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार’ मुक्त बंगाल बनाने के लिए महिलाओं और युवाओं को आगे आने को कहा है.

amit-shah-pm-modi-appeal-west-bengal-election-phase-2-voting

West Bengal Election 2026 Phase 2: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और निर्णायक चरण की वोटिंग के बीच सियासी पारा अपने चरम पर है. जैसे-जैसे पोलिंग बूथों पर कतारें लंबी हो रही हैं, वैसे-वैसे बयानों के तीर भी तेज हो गए हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज बंगाल के मतदाताओं, खासकर महिलाओं और युवाओं से एक भावुक और रणनीतिक अपील की है. शाह ने साफ शब्दों में कहा कि ये चुनाव सिर्फ प्रतिनिधि चुनने का नहीं, बल्कि बंगाल को ‘भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार’ के साये से बाहर निकालने का सुनहरा मौका है.

अधिक से अधिक संख्या में करें मतदान

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मोर्चा संभालते हुए बंगाल के गौरव की बात की. उन्होंने लिखा, ‘मैं दूसरे और अंतिम चरण के सभी मतदाताओं, विशेषकर माताओं, बहनों और युवाओं से अपील करता हूं कि आप अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें. आपका एक वोट बंगाल के खोये हुए गौरव को वापस लाएगा.’

अमित शाह ने अपने संदेश में ‘सुरक्षा’ और ‘विकास’ को मुख्य मुद्दा बनाया. उन्होंने कहा कि बंगाल के युवाओं के सपने तभी पूरे हो सकते हैं जब सरकार के पास विकास का विजन हो और घुसपैठियों को बाहर निकालने की मजबूत इच्छाशक्ति हो. उन्होंने मतदाताओं को याद दिलाया कि उनका एक वोट महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का सबसे बड़ा माध्यम बनेगा.

पीएम मोदी ने भी की अपील

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बंगाल की जनता को लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया. पीएम ने न केवल रिकॉर्ड वोटिंग की अपील की, बल्कि एक ‘संस्कृत सुभाषितम्’ के जरिए जनप्रतिनिधियों के कर्तव्यों का भी बोध कराया.

प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए श्लोक- “राज्ञो हि व्रतमुत्थानं यज्ञः कार्यानुशासनम्…” का अर्थ समझाते हुए उन्होंने बताया कि जनता का निरंतर उत्थान करना, निष्ठापूर्वक कर्तव्य निभाना और सभी के साथ समान व्यवहार करना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि का असली संकल्प है.

पीएम मोदी ने जोर दिया कि युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ही भारत के नवनिर्माण और एक समर्थ राष्ट्र की नींव को मजबूत करेगी.

3.12 करोड़ वोटर तय करेंगे भविष्य

पश्चिम बंगाल की 142 सीटों पर आज सुबह 7 बजे से ही मतदान जारी है. ये चरण कई मायनों में ऐतिहासिक है क्योंकि इसमें 3.12 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. चुनावी मैदान में 1,448 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें कई दिग्गज चेहरे शामिल हैं.

वहीं, सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हो रही इस वोटिंग को लेकर चुनाव आयोग भी पूरी तरह सतर्क है.

ये भी पढ़ें: भवानीपुर में दीदी-दादा की जंग! दूसरे चरण की 142 सीटों पर वोटिंग शुरू, पीएम मोदी ने युवाओं और महिलाओं से की रिकॉर्डतोड़ मतदान की अपील

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read