बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. सोमवार को नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने पूरे जोश और शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना पर्चा दाखिल किया. नामांकन से पहले भाजपा कार्यालय से पटना समाहरणालय तक एक बड़ा रोड शो निकाला गया, जिसमें एनडीए के कई बड़े नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.
इस रोड शो में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता नीरज कुमार सिन्हा के साथ मौजूद रहे. इसके अलावा सांसद रविशंकर प्रसाद, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार भी इस दौरान नजर आए.
भाजपा उम्मीदवार के नामांकन से पहले निकाले गए रोड शो का सबसे बड़ा आकर्षण एक खास तौर पर सजाया गया रथ रहा. इस रथ पर नीरज कुमार सिन्हा के साथ एनडीए के प्रमुख नेता सवार थे. रथ को भाजपा के कमल निशान, पार्टी के झंडों और फूलों से सजाया गया था. पूरे रास्ते में नेताओं ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की.
रोड शो भाजपा कार्यालय से शुरू हुआ और डाकबंगला चौराहा, एसपी वर्मा रोड, यूथ हॉस्टल, बिस्कोमान, कारगिल चौक और गांधी मैदान होते हुए पटना समाहरणालय पहुंचा. इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक पैदल और मोटरसाइकिलों के साथ यात्रा में शामिल हुए. जगह-जगह कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला.
नामांकन भरने से पहले नीरज कुमार सिन्हा ने राजवंशी नगर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान का आशीर्वाद लिया. इसके बाद वह नवीन सिन्हा पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय नवीन सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद समर्थकों के साथ वह नामांकन यात्रा में शामिल हुए.
पटना समाहरणालय पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और एनडीए के अन्य नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने चुनाव अधिकारी के सामने अपना नामांकन पत्र जमा किया. समाहरणालय परिसर के बाहर भी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और पार्टी के समर्थन में नारे लगाते दिखे.
बांकीपुर उपचुनाव के लिए भाजपा ने शुरुआत में अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन बाद में उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया. इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा.
टिकट मिलने के बाद नीरज सिन्हा लगातार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी.
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव भाजपा नेता नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद हो रहा है. नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी.
निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक, बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा. 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 16 जुलाई तय की गई है. चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: टिकट कटने के बाद मंच पर अचानक रो पड़े नरोत्तम मिश्रा, हाथ जोड़कर दतिया की जनता से कर दी ये अपील
-भारत एक्सप्रेस
साल 2026 का मेडिसिन नोबेल पुरस्कार कार्ल डाइसरोथ, पीटर हेगमैन और जॉर्ज नागेल को ऑप्टोजेनेटिक्स…
Rajpal Yadav: चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट ने आखिरी मौका दिया…
Jantar Mantar Knife Attack: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैरामिलिट्री जवान पर चाकू…
India Switzerland Partnership: पीएम मोदी ने स्विस राष्ट्रपति गाय परमेलिन से मुलाकात में भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों…
BJP Rajya Sabha Candidates: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 16 अक्टूबर को होने…
Share Market: भारतीय शेयर बाजार में लगातार आठ हफ्तों से दबाव बना हुआ है. FIIs…