देश

तेलंगाना दौरे पर BJP अध्यक्ष; 3 दिन, 10 जिला कार्यालय और महामंथन… जानिए क्या है भाजपा का पूरा प्लान?

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 से 30 जून 2026 तक तेलंगाना के तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे. इस दौरे को पार्टी संगठन को और मजबूत करने, जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बढ़ाने और आने वाले समय की राजनीतिक रणनीति को धार देने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.

28 जून को नितिन नवीन दोपहर करीब 3:15 बजे हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे. यहां पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा. इसके बाद उनका कार्यक्रम सीधे संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ जाएगा.

शाम की शुरुआत में वे रंगारेड्डी ग्रामीण जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे. खास बात यह है कि इस दौरान वे तेलंगाना के अन्य नौ नवनिर्मित जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे. इसके बाद वे नामपल्ली स्थित भाजपा राज्य कार्यालय जाएंगे, जहां संगठन के अलग-अलग स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात का कार्यक्रम तय है.

इसी दिन वे ग्रेटर हैदराबाद, साइबराबाद और मलकाजगिरी जैसे अहम नगर निकायों के बूथ अध्यक्षों से भी संवाद करेंगे. शाम होते-होते सांसदों, विधायकों और एमएलसी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें संगठन की मौजूदा स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.

युवाओं और आदिवासी नेतृत्व से संवाद

29 जून का दिन युवाओं और सामाजिक संवाद के नाम रहेगा. सुबह 10:30 बजे वे घाटकेसर स्थित विज्ञान भारती प्रौद्योगिकी संस्थान में ‘विकसित भारत छात्र सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे. यहां वे छात्रों से सीधा संवाद कर उन्हें देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगे.

इसके बाद वे भोंगीर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और फिर हनमकोंडा में आदिवासी समुदाय के नेताओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. दोपहर बाद वे आर्ट्स कॉलेज ग्राउंड में संगठनात्मक बैठक करेंगे, जिसमें बूथ स्तर से लेकर जिला पदाधिकारियों तक की भागीदारी होगी.

शाम का कार्यक्रम थोड़ा आध्यात्मिक रहेगा, जहां वे भद्रकाली माता मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद वे हैदराबाद लौटकर राज्य पदाधिकारियों के साथ एक अहम रणनीतिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे.

30 जून को उनका अंतिम कार्यक्रम घाटकेसर के रॉक एन्क्लेव कन्वेंशन सेंटर में होगा, जहां वे तेलंगाना भाजपा की राज्य कार्यकारिणी बैठक का औपचारिक उद्घाटन करेंगे. यहां वे संगठन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर अपना मुख्य संबोधन देंगे और कार्यकर्ताओं को नई दिशा प्रदान करेंगे.

इसके बाद वे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे और इसी के साथ उनका यह तीन दिवसीय तेलंगाना दौरा समाप्त हो जाएगा. यह दौरा पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: शादी से बचने की साजिश या कुछ और? 5 दिन में बनी हत्या की स्क्रिप्ट, पुलिस को मिला बड़ा सुराग

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस

Shreyansh Choubey

Recent Posts

दिवाली पर दिल्ली-NCR की हवा हुई जहरीली, AQI 400 के करीब; 10 नवंबर से पहाड़ों में बदलेगा मौसम

Diwali Weather Delhi: दिवाली पर दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर खतरनाक बना हुआ है. कई…

1 hour ago

दीपावली पर करें मां लक्ष्मी के इन 4 प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन, घर में कभी नहीं होगी धन-दौलत की कमी

दीपावली पर मां लक्ष्मी के प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन से सुख-समृद्धि मिलती है. जानिए कोल्हापुर,…

2 hours ago