Chhath Puja 2026: लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को ‘नहाय-खाय’ के पवित्र अनुष्ठान के साथ शुरू हो गया है. 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होने वाले इस महापर्व को लेकर पूरे बिहार में उत्सव और भक्ति का अद्भुत माहौल है. एक अनुमान के मुताबिक, देश के अलग-अलग राज्यों से करीब 40 लाख प्रवासी बिहारी अपने गांव-घर लौट चुके हैं, जिससे पटना जंक्शन समेत राज्य के तमाम रेलवे स्टेशनों पर पिछले पांच दिनों से भारी चहल-पहल देखी गई.
छठ महापर्व की आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गुजरात के सूरत से महज दो दिनों के भीतर 60 हजार से अधिक लोग अपने गृहनगर के लिए रवाना हुए. यात्रियों की सुविधा के लिए गुजरात से 43 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. उधना रेलवे स्टेशन और हरियाणा के अंबाला कैंट स्टेशन पर भी यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों का सैलाब नजर आया.
बिहारवासियों के लिए छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, परिवार और जन्मभूमि से जुड़ने का सबसे बड़ा माध्यम है. साल भर रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से दूर रहने वाले लोग दिवाली पर भले ही घर न आ पाएं, लेकिन छठी मैया के बुलावे पर हर हाल में अपने आंगन पहुंचते हैं. राज्य के गंगा घाटों से लेकर गांवों के तालाबों तक को दुल्हन की तरह सजाया गया है.
राजधानी दिल्ली में भी छठ की भव्य तैयारी की गई है. दिल्ली को इस बार मूनक नहर के दोनों किनारों पर विकसित 11 किलोमीटर लंबा विशाल छठ घाट मिला है, जिसका उद्घाटन गुरुवार को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने किया.
सार्वजनिक अवकाश: दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) और उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद 16 नवंबर (सोमवार) को सभी सरकारी दफ्तरों व संस्थानों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. शिक्षा निदेशालय ने भी सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 16 नवंबर को बंद रखने का निर्देश जारी किया है.
घाटों पर कड़ी सुरक्षा रहेगी: यमुना घाटों और जलाशयों पर 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, विशेषकर पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और शाहदरा जिलों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
यूपी में कैसी व्यवस्था: उत्तर प्रदेश सरकार ने 15 और 16 नवंबर को ऐच्छिक अवकाश घोषित किया है, जबकि सुगम यातायात के लिए ट्रैफिक कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं.
यह भी पढ़ें: नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व, जानिए आज की तिथि, शुभ मुहूर्त और राहुकाल का पूरा विवरण
-भारत एक्सप्रेस
Chhath Puja 2026 Rituals Prasad Thekua Importance: छठ महापर्व प्रकृति, स्वच्छता और अटूट लोक आस्था…
Kamini Kaushal Biography: हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री कामिनी कौशल ने अपने करियर की शुरुआत…
हर साल 13 नवंबर को दुनिया भर में 'विश्व दयालुता दिवस' मनाया जाता है. समाज…
NPCIL Apprentice Recruitment 2026: न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) ने ट्रेड, डिप्लोमा और…
Munakka Benefits: - मुनक्का फाइबर, आयरन, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है. इसका नियमित…
Baloch Liberation Army Mastung military camp suicide attack 2026: बलूचिस्तान के मस्तुंग में पाक सैन्य…