मकोका मामले में जेल में बंद आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बलियान के मामले में गिरफ्तार कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के दो कथित सहयोगियों साहिल और विजय को राऊज एवेन्यु कोर्ट ने 7 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. दिल्ली पुलिस ने दोनों की 10 दिन की पुलिस कस्टडी की मांग की है. मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की ओर से पेश वकील ने कहा कि इन दोनों के संबंध नंदू गैंग से है. नंदू गैंग के कहने पर दोनों गोली चलाते थे. पिछले दिनों कोर्ट ने दोनों से पूछताछ की अनुमति दे दी थी. दोनों से जेल में पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस के अनुसार दोनों कथित तौर पर वे पंचकुला के तिहरे हत्याकांड में भी शामिल हैं.
नंदू, लंदन से करवा रहा है आपराधिक वारदातें
पुलिस के मुताबिक नंदू, लंदन में रहकर दिल्ली समेत पड़ोसी राज्यों में रंगदारी रैकेट चलाने के अलावा अन्य तरह के आपराधिक वारदातें करवा रहा है. संगठित अपराध करने के कारण उसके खिलाफ क्राइम ब्रांच ने कई साल पहले पूरे सिंडिकेट पर मकोका लगा दिया था. पिछले साल नंदू व बलियान के बीच 40 बार बातचीत के सबूत मिले है. दोनों पर तिलक नगर और काकरोला में फायरिंग, पंचकूला, हरियाणा में तीन हत्याओं के मामले में वांटेड थे.
दिल्ली पुलिस ने दोनों को कर्नाटक के बेंगलुरू से गिरफ्तार किया गया था. दोनों के पास से तीन मोबाइल और 2 लाख रुपए कैश भी बरामद किया था. दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में छापेमारी की थी. दोनों आरोपियों पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट जबरन वसूली, मकोका और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मुकदमें दर्ज है. स्पेशल सेल ने कई महीनों से इन दोनों आरोपियों पर टेक्निकल सर्विलांस के जरिए नजर रखे हुए थी.
नजफगढ़ में डकैती मामले में गिरफ्तार
साहिल को पहली बार 2018 में नजफगढ़ में डकैती के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और जेल में रहने के दौरान वह नंदू गिरोह के प्रमुख गुर्गे सचिन छिकारा के संपर्क में आया. साहिल रिहाई के बाद गिरोह के निर्देशों के तहत और भी अपराध किए, जिसमें नजफगढ़ में रोशन उर्फ छोटा की हत्या भी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक नंदू गैंग का करीबी सहयोगी गहलोत उसके सबसे भरोसेमंद गुर्गों में से एक है. विजय गहलोत दिल्ली के ककरोला थाना पुलिस का एक सक्रिय अपराधी है. कई मामलों में अदालतों द्वारा उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए हैं. यह हत्या के मामले में शामिल रहा है.
-भारत एक्सप्रेस