देश

दिल्ली-NCR में प्रदूषण की मार, GRAP-3 लागू; 400 पार AQI, इन गाड़ियों पर लगा बैन

Delhi AQI Today: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है. राजधानी की हवा में घुला जहर अब लोगों की परेशानी बढ़ाने लगा है. शनिवार सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 366 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है. वहीं, 15 से ज्यादा इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच चुका है. बिगड़ते हालात को देखते हुए शुक्रवार को पूरे दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू कर दिया गया. इसके साथ ही कई तरह की पाबंदियां भी लगा दी गई हैं.

प्रदूषण के साथ मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. सुबह और शाम के समय कोहरा और स्मॉग छाने लगा है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रह सकता है.

आज दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार 7 नवंबर को दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के साथ कोहरा और स्मॉग छाया रह सकता है. हालांकि, दिन में धूप खिलने की संभावना है.

इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.

इससे पहले शुक्रवार, 6 नवंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले दिन के मुकाबले 0.9 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा है. पालम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शहर में नमी का स्तर 56 से 98 प्रतिशत के बीच रहा.

दिल्ली के किन इलाकों में AQI 400 पार?

CPCB के रियल टाइम आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत AQI 366 दर्ज किया गया. कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है.

सबसे ज्यादा AQI वाले इलाकों की स्थिति इस तरह है:

  • IIT दिल्ली: 442
  • पंजाबी बाग: 433
  • विवेक विहार: 427
  • जहांगीरपुरी: 421

इसके अलावा DU नॉर्थ कैंपस, द्वारका सेक्टर-8, सिरी फोर्ट, आरके पुरम, रोहिणी, सोनिया विहार, बवाना, नरेला, पटपड़गंज, ओखला फेज-2, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नजफगढ़, मूंडका, DTU और डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में भी AQI 400 के पार दर्ज किया गया है.

GRAP-3 लागू होने के बाद क्या-क्या पाबंदियां लगीं?

दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू होने के बाद प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कई सख्त कदम उठाए गए हैं. इनमें प्रमुख पाबंदियां इस प्रकार हैं:

गाड़ियों पर रोक: BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल कारों के चलने पर प्रतिबंध लगाया गया है.

स्कूलों पर असर: कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन मोड में कराने का प्रावधान लागू किया गया है.

वर्क फ्रॉम होम: 50 फीसदी कर्मचारियों को घर से काम कराने की व्यवस्था की गई है.

निर्माण कार्यों पर रोक: निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली-NCR की हवा हुई और जहरीली, GRAP-3 लागू; निर्माण कार्यों और पुरानी गाड़ियों पर सख्ती

प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए लोगों को बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है. दिल्ली-NCR में आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता और मौसम पर सभी की नजर रहेगी.

-भारत एक्सप्रेस

Govind Kumar Singh

गोविंद सिंह बिहार के कैमूर जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज से हासिल की और पटना कॉलेज, पटना से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और ईटीवी भारत, इनशॉर्ट्स और श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन जैसे संस्थानों में काम करते हुए समाचार लेखन, कंटेंट एडिटिंग, रिसर्च और न्यूज प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया। फिलहाल वह भारत एक्सप्रेस में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्रकारिता का प्रमुख फोकस विदेश नीति, राष्ट्रीय राजनीति और बिहार से जुड़े मुद्दों पर है।

Recent Posts

आज का पंचांग 7 नवंबर 2026: काली चौदस आज रात, जानें पूजा का मुहूर्त, राहुकाल और भद्रा

Aaj Ka Panchang 7 November 2026: आज 7 नवंबर को काली चौदस और मासिक शिवरात्रि…

49 minutes ago

मेरठ में मिठाइयों के नाम पर बड़ा खेल! गुप्त तहखाने में चल रही थी नकली चांदी के वर्क की फैक्टरी

Meerut Fake Silver Foil Factory: मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव में खाद्य…

10 hours ago