सांकेतिक फोटो.
दिल्ली और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (National Centre for Seismology) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई, और इसका केंद्र दिल्ली के निकट, जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई में था. झटके इतने तेज थे कि कई सेकंड तक धरती डोलती रही, जिससे लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए.
एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप का केंद्र धौला कुआं के पास स्थित दुर्गाबाई देशमुख कॉलेज ऑफ स्पेशल एजुकेशन के नजदीक था. इस क्षेत्र में पहले भी हल्के भूकंप आ चुके हैं. 2015 में यहां 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था.
सोमवार सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर आए इस भूकंप के झटके दिल्ली-एनसीआर सहित पड़ोसी राज्यों में भी महसूस किए गए. झटकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घरों में पंखे, बेड और खिड़कियां तक हिलने लगीं. हालांकि, फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लोगों से शांति बनाए रखने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने की अपील की. उन्होंने लिखा-
“दिल्ली और आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. सभी से अनुरोध है कि वे शांत रहें और सुरक्षा नियमों का पालन करें. अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं.”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी X पर लिखा-
“मैं सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं.”
AAP नेता आतिशी ने पोस्ट करते हुए कहा-
“अभी-अभी दिल्ली में जोरदार भूकंप आया है. मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि सभी लोग सुरक्षित हों.”
दिल्ली पुलिस ने भी अपने आधिकारिक X हैंडल से पोस्ट किया—
“हम आशा करते हैं कि आप सभी सुरक्षित होंगे. किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल 112 पर कॉल करें.”
दिल्ली-एनसीआर भूकंपीय क्षेत्र IV में आता है, जो मध्यम से तीव्र भूकंपों के लिए संवेदनशील माना जाता है. समय-समय पर यहां हल्के भूकंप महसूस किए जाते हैं, लेकिन इस बार झटके काफी तेज थे.
गौरतलब है कि 7 जनवरी 2024 को भी दिल्ली में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जब तिब्बत में आए 6.8 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी.
-भारत एक्सप्रेस
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को 'रिफाइनिंग महाशक्ति' बताते हुए ऊर्जा क्षेत्र में…
Khargone Jail Escape Accused Arrested: खरगोन जिला जेल से फरार हुए पॉक्सो एक्ट के सजायाफ्ता…
BJP Yuva Morcha: भारतीय जनता पार्टी ने युवा मोर्चा की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा…
नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने करियर की शुरुआत ‘स्ट्रोकलेस वंडर’ की छवि के साथ की…
Dussehra 2026: दिल्ली के दशहरा समारोह में पीएम मोदी ने देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं…
Jaanta Raja Ghaziabad 2026: गाजियाबाद के सनसिटी में 22 से 28 अक्टूबर तक 'जाणता राजा'…