Greater Noida 5 Dead Case: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित रबूपुरा इलाके में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की संदिग्ध मौत के मामले में जांच अब दो अलग-अलग और बेहद गंभीर मोड़ों पर आ टिकी है. शुरुआती दौर में जहां यह अफवाह तेजी से फैली थी कि परिवार की जान रात में खाई गई मैगी-नूडल्स या चाय से गई है. वहीं अब पुलिस जांच और मिले साक्ष्यों ने यह साफ कर दिया है कि मौत की वजह कोई सामान्य नूडल्स नहीं, बल्कि इसके पीछे कुछ और खेल था.
फिलहाल पुलिस के सामने मामले की दो प्रमुख थ्योरी (Greater Noida Family Death Mystery) सामने आई हैं. पहला मृतका ललिता के भाई द्वारा लगाया गया ‘जहर देकर हत्या’ का आरोप, और दूसरा मृतक महेश के मोबाइल फोन से मिला वह सनसनीखेज ‘ऑडियो क्लिप’, जिसने हत्या के साथ-साथ प्रताड़ना से तंग आकर उठाए गए ‘सामूहिक कदम’ की आशंका को मजबूत कर दिया है.
मामले में मृतका ललिता के भाई और मृतक महेश के साले आकाश ने रबूपुरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. आकाश का कहना है कि महेश की बहनों और जीजा की नजर परिवार की कीमती संपत्ति पर थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार को जमीन अधिग्रहण के बदले एक मोटी मुआवजा राशि मिली थी, जिसके बंटवारे को लेकर घर में लगातार कलह चल रही थी.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महेश की बहनों और जीजा ने मां को भड़काकर संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाया और दंपती को लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया. आकाश ने अपनी शिकायत में यह आशंका भी जताई कि साजिश के तहत नूडल्स में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पूरे परिवार को खिला दिया गया. हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह शिकायतकर्ता की आशंका है और मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह पुष्ट होगी.
जांच के दौरान पुलिस के हाथ महेश का मोबाइल फोन लगा, जिसमें मौजूद एक कथित ऑडियो क्लिप ने पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है. ऑडियो में महेश ने अपनी और अपने परिवार की इस स्थिति के लिए कुछ बेहद करीबी रिश्तेदारों और परिचितों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है. इस ऑडियो के सामने आने के बाद जांच एजेंसियों को संदेह है कि लगातार हो रहे टॉर्चर और संपत्ति विवाद से तंग आकर परिवार ने कोई अति आत्मघाती कदम उठाया हो सकता है.
पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर ऑडियो का टाइमस्टैम्प और आवाज का मिलान शुरू कर दिया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह रिकॉर्डिंग घटना से कितनी देर पहले की गई थी. जांच में यह खौफनाक तथ्य भी सामने आया है कि वर्ष 2019 में महेश के बड़े भाई राहुल ने भी पारिवारिक कलह से तंग आकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी. पुलिस अब पुराने केस की फाइलों से भी मौजूदा कड़ियों को जोड़ रही है.
ये भी पढ़ें: क्या अमेरिका का कुत्ता बन गया पाकिस्तान? मौलाना के इस बयान से शहबाज-मुनीर की उड़ी रातों की नींद
ललिता के भाई आकाश की शिकायत और प्रथम दृष्टया मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने व प्रताड़ना की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. रबूपुरा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतक महेश की दो बहनों सुनीता और सपना, तथा एक रिश्तेदार (जीजा/नंदोई) शेखर को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों से गहन पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि विसरा और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम तौर पर यह साबित होगा कि यह सोची-समझी हत्या थी या फिर प्रताड़ना से टूटकर उठाया गया खौफनाक कदम.
France Protests: फ्रांस में स्कूलों की बदहाल व्यवस्था और महंगाई के खिलाफ शुरू हुआ आंदोलन…
Anant Singh Barh Roadshow: बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव से पहले जनता दल (यूनाइटेड) यानी…
PM VBRY Scheme: केंद्र सरकार की 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' (PM-VBRY) के तहत पहली…
Kolkata Chorbagan Stampede: चोरबागान दुर्गा पूजा मंडप में हुई दर्दनाक भगदड़ के बाद कोलकाता पुलिस…
Navneet Kumar Murder Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोहम्मदपुर खाजे गांव के रहने वाले…
Winter skincare tips: सर्दियों में रूखी त्वचा और झुर्रियों से हैं परेशान? 40 की उम्र…