तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरमकुंड्रम (Thiruparankundram) पहाड़ी पर मौजूद ‘दीपथुन’ पर दीप जलाने से जुड़े विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने बेहद सख्त रुख अपनाया है. जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने आदेश दिया है कि 28 नवंबर को दीपथुन पर दीप प्रज्वलित किया जाए और सभी भक्तों को दीपक जलाने की अनुमति दी जाए. अदालत ने स्पष्ट किया कि इसके लिए ‘उचि पिल्लैयार मंडपम’ में जलाई गई लौ का उपयोग किया जा सकता है.
तमिल महीने ‘कार्तिगई’ के दौरान जलाए जाने वाले इस दीपक को पहाड़ी की चोटी पर स्थित सिकंदर दरगाह से चारों ओर कम से कम 50 मीटर की दूरी पर जलाया जाना चाहिए. संवेदनशीलता को देखते हुए शीर्ष अदालत ने मंदिर और दरगाह परिसर की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंप दिया है.
अदालत के पिछले आदेश की जानबूझकर अवहेलना किए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के ‘बोर्ड ऑफ ट्रस्टी’ को निलंबित कर दिया है. कोर्ट ने मेघालय हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व जज वी. पार्थिबन को मंदिर का रिसीवर नियुक्त किया है.
सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे प्रकरण पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि तमिलनाडु राज्य में, कम से कम मदुरै जिले में, प्रथम दृष्टया प्रशासनिक अराजकता की स्थिति नजर आती है. पीठ ने इस बात पर गंभीर चिंता व्यक्त की कि ऐसा प्रतीत होता है कि कार्यकारी अधिकारियों ने राजनीतिक नेतृत्व के इशारे पर काम किया है.
अदालत ने कहा कि इस मामले की तह तक जाना आवश्यक है, इसलिए राज्य के मुख्य सचिव घटनाओं के पूरे क्रम को स्पष्ट करते हुए एक विस्तृत हलफनामा दाखिल करें, जिसमें संबंधित आधिकारिक बातचीत और ईमेल का विवरण भी शामिल हो.
कोर्ट ने आदेश की अवहेलना को लेकर मुख्य सचिव एम. साई कुमार, डीजीपी महेश अग्रवाल, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा, जिले के एसपी डी. राजाराम, पुलिस अधीक्षक देवनाथन, HR&CE विभाग के आयुक्त टी.जी. विनय, संयुक्त आयुक्त आर. पोन स्वामीनाथन, अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर की कार्यकारी अधिकारी जी. सेल्वी और मंदिर ट्रस्टियों समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को अवमानना (Contempt) नोटिस जारी किया है. सभी को जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है और 15 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया गया है.
ये भी पढ़ें: सत्येंद्र जैन की बढ़ी मुश्किलें, जमानत रद्द करने की याचिका पर हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस
इससे पहले 20 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने केवल इस वर्ष के लिए एक अस्थायी व्यवस्था के तहत 24 नवंबर को दीपथुन पर दीप जलाने की अनुमति दी थी. हालांकि, अदालत के स्पष्ट निर्देश के बावजूद 24 नवंबर को दीपथुन पर दीप नहीं जलाया गया और परंपरागत रूप से उचि पिल्लैयार मंदिर के पास ही दीप प्रज्वलित किया गया. आदेश का पालन न होने पर मूल याचिकाकर्ता रामा रविकुमार और ‘हिंदू धर्म परिषद’ की ओर से मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती (HR&CE) विभाग के अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिकाएं दाखिल की गई थीं.
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली जल बोर्ड टेंडर घोटाले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की जमानत…
महादेव बेटिंग ऐप मामले में गिरफ्तार वकील हिमांशु शेखर को सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल राहत…
पश्चिम बंगाल सरकार ने VB-G RAM G परियोजना के संविदाकर्मियों के मासिक मानदेय में 6,000…
Rohit Sharma Returns As MI Captain: मुंबई इंडियंस ने IPL 2027 से पहले रोहित शर्मा…
'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' के सेट पर एक्टर इमरान हाशमी की जुबान फिसल गई और…
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा…