देश

क्या भारत ने निकाल लिया अमेरिका के टैरिफ का तोड़? समझें India-Eu ट्रेड डील की ABCD

आज की दुनिया में ताकत सिर्फ हथियारों से नहीं मापी जाती. असली ताकत होती है-निर्भरता. जब कोई देश, कोई समूह या कोई व्यवस्था इस काबिल हो जाए कि बाकी दुनिया उसके बिना खुद को अधूरा महसूस करने लगे, तब वो ताकत बनता है. इतिहास गवाह है कि जैसे ही ये निर्भरता टूटती है, वैसे ही रिश्तों की नींव हिलने लगती है. और जब भरोसे की दीवारों में दरार आती है, तब देश नए सहारे तलाशते हैं, नए रास्तों की तरफ देखते हैं. आज वैश्विक राजनीति ठीक ऐसे ही एक मोड़ पर खड़ी है, जहां पुराने समीकरण सवालों के घेरे में हैं और नए गठबंधन आकार ले रहे हैं.

यूरोपियन यूनियन के बदलते हालात

बात हो रही है यूरोपियन यूनियन की…27 देशों के उस समूह की, जिसे दुनिया लंबे समय तक एक स्थिर, आत्मनिर्भर और अमेरिका के सबसे भरोसेमंद सहयोगी के रूप में देखती रही है. लेकिन आज हालात बदल रहे हैं. आज यूरोप खुद को ऐसे दौर में पा रहा है, जहां उसे अपने आर्थिक और रणनीतिक भविष्य को लेकर नए सिरे से सोचना पड़ रहा है. और इसी सोच के केंद्र में भारत खड़ा है.

यूरोपियन यूनियन कोई सामान्य संगठन नहीं है. इसकी नींव उस दर्द से निकली है, जिसे यूरोप ने दो विश्व युद्धों के दौरान झेला. लाखों मौतें, तबाह शहर और बिखरी अर्थव्यवस्थाएं. इन सबके बाद यूरोप के देशों को ये एहसास हुआ कि अगर उन्होंने सहयोग का रास्ता नहीं चुना, तो अगली तबाही और भी डरावनी होगी. इसी सोच से 1950 के दशक में बेल्जियम, फ्रांस, जर्मनी, इटली, लक्जमबर्ग और नीदरलैंड ने साथ मिलकर एक साझा व्यवस्था की शुरुआत की.

जर्मनी, फ्रांस और इटली जैसे देश आर्थिक रीढ़

आज यूरोपियन यूनियन में 27 देश शामिल हैं. ये देश सिर्फ एक राजनीतिक मंच साझा नहीं करते, बल्कि एक ऐसा एकल बाजार बनाते हैं जहां सामान, सेवाएं, पूंजी और लोग बिना बड़ी बाधाओं के आवाजाही कर सकते हैं. यूरो जैसी साझा मुद्रा, शेंगेन समझौता और साझा नियम, इन सबने यूरोपियन यूनियन को दुनिया की सबसे संगठित आर्थिक इकाइयों में से एक बना दिया.

आर्थिक ताकत की बात करें तो यूरोपियन यूनियन की GDP करीब 18 ट्रिलियन यूरो है. ये आंकड़ा इसे अमेरिका और चीन के बराबरी की कतार में खड़ा करता है. जर्मनी, फ्रांस और इटली जैसे देश इसकी आर्थिक रीढ़ हैं. यूरोपियन यूनियन की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा सेवाओं से आता है, जबकि उद्योग और मैन्युफैक्चरिंग भी इसकी बड़ी ताकत हैं. यूरोपियन यूनियन के ज्यादातर देश अपना 50 से 80 प्रतिशत व्यापार आपस में ही करते हैं, जो इसके आंतरिक भरोसे और मजबूती को दिखाता है.

संयुक्त सेना नहीं पर ताकतवर

सैन्य रूप से यूरोपियन यूनियन की कोई एक संयुक्त सेना नहीं है, लेकिन इसे कमजोर समझना बड़ी भूल होगी. इसके 27 देशों की संयुक्त सैन्य क्षमता, खासकर NATO के साथ तालमेल, इसे वैश्विक सुरक्षा ढांचे का अहम हिस्सा बनाती है. फ्रांस यूरोपियन यूनियन का एकमात्र देश है जिसके पास परमाणु हथियार हैं, और उसकी नौसेना को “ब्लू-वॉटर नेवी” माना जाता है. यानी यूरोप सिर्फ आर्थिक ताकत नहीं, रणनीतिक ताकत भी है.लेकिन सवाल ये है कि इतनी ताकत होने के बावजूद आज यूरोपियन यूनियन खुद को असहज क्यों महसूस कर रहा है?

इसका जवाब अमेरिका की बदलती भूमिका में छिपा है. डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल में अमेरिका ने खुले तौर पर “अमेरिका फर्स्ट” की नीति अपनाई. इसका असर सीधे तौर पर यूरोप पर पड़ा. यूरोपियन यूनियन पर टैरिफ की धमकियां दी गईं, ट्रेड डील्स को दोबारा लिखने का दबाव बनाया गया और पारंपरिक सहयोग को भी शर्तों के साथ जोड़ दिया गया. यहां तक कि ग्रीनलैंड जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी ऐसे बयान आए, जिन्होंने यूरोप को चौंका दिया.

भारत की भूमिका

यूरोपीय देशों को पहली बार ये एहसास हुआ कि जिस अमेरिका को वो दशकों से सुरक्षा और स्थिरता का आधार मानते आए हैं, वो अब अपने हितों को बिना हिचक प्राथमिकता दे रहा है. और जब ऐसा होता है, तो सहयोगी भी विकल्प तलाशने लगते हैं. यहीं से भारत की भूमिका अहम हो जाती है. भारत आज सिर्फ एक विकासशील देश नहीं है, बल्कि एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति है. तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, विशाल उपभोक्ता बाजार, राजनीतिक स्थिरता और संतुलित विदेश नीति, ये सभी चीजें भारत को यूरोपियन यूनियन के लिए एक स्वाभाविक साझेदार बनाती हैं.

यूरोपियन यूनियन आज भारत का सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर है. वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों के बीच वस्तुओं का व्यापार 136 अरब डॉलर से ज्यादा का रहा. भारत का निर्यात, आयात से अधिक है, जो इस रिश्ते को और मजबूत बनाता है.

वहीं, सिर्फ व्यापार ही नहीं, निवेश भी इस रिश्ते की गहराई दिखाता है. यूरोपियन यूनियन भारत में सबसे बड़ा विदेशी निवेशक है. साल 2000 से अब तक यूरोपियन यूनियन का कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 117 अरब डॉलर से ज्यादा हो चुका है. ये निवेश सिर्फ मुनाफे के लिए नहीं, बल्कि भारत की दीर्घकालिक क्षमता पर भरोसे का संकेत है.

मुक्त व्यापार समझौता

इसी भरोसे के आधार पर अब भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच मुक्त व्यापार समझौते की बात आगे बढ़ी है. ये समझौता सिर्फ टैरिफ घटाने तक सीमित नहीं है. इसका मतलब है बाजारों का खुलना, सप्लाई चेन का मजबूत होना और रणनीतिक साझेदारी का नया अध्याय लिखना. यूरोपीय कारें और वाइन भारतीय बाजार में सस्ती हो सकती हैं, वहीं भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल और अन्य उत्पादों को यूरोप में बेहतर पहुंच मिल सकती है.

ये पूरी प्रक्रिया उस बदलती दुनिया का संकेत है, जहां देश सिर्फ पुराने रिश्तों पर निर्भर नहीं रह सकते. जहां भरोसा, स्थिरता और दीर्घकालिक सोच सबसे बड़ी पूंजी बन जाती है. आज यूरोपियन यूनियन भारत की ओर सिर्फ एक ट्रेड पार्टनर के रूप में नहीं, बल्कि एक संतुलनकारी शक्ति के रूप में देख रहा है.

ये सिर्फ भारत और यूरोपियन यूनियन की डील की ही नहीं, बल्कि उस वैश्विक बदलाव की कहानी है, जहां भारत धीरे-धीरे उस जगह पहुंच रहा है, जहां दुनिया के बड़े खिलाड़ी उसे विकल्प नहीं, जरूरत के रूप में देखने लगे हैं.

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र पुलिस को गणतंत्र दिवस पर मिला बड़ा सम्मान, सीएम फडणवीस ने दी बधाई

-भारत एक्सप्रेस

Vaibhav Gupta

Recent Posts

जानिए कौन थे काशी के अंतिम राजा विभूति नारायण सिंह, जिन्हें भगवान की तरह पूजते थे लोग?

काशी के अंतिम शासक डॉ. विभूति नारायण सिंह ऐसे राजा थे, जिन्होंने राजगद्दी से ज्यादा…

21 minutes ago

24 घंटे में मजिस्ट्रेट के सामने पेशी का वक्त उसकी आधिकारिक गिरफ्तारी से नहीं माना जाएगा: सुप्रीम कोर्ट

Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पुलिस किसी व्यक्ति को हिरासत में…

31 minutes ago

UP Elections 2027: ’27 में कृष्ण आएंगे’… लखनऊ में सपा के नए होर्डिंग से अखिलेश यादव के पक्ष में माहौल बनाने की होड़

Samajwadi Party Lucknow: लखनऊ में समाजवादी पार्टी दफ्तर के बाहर अखिलेश यादव और भगवान श्रीकृष्ण…

39 minutes ago

दिवाली बोनस हो तो ऐसा…! कंपनी ने कर्मचारियों को दिए iPhone 16, VIDEO देख लोग बोले- ‘भाई वैकेंसी है क्या?’

दिल्ली के रोहिणी स्थित फाइनेंस कंपनी 'फाइनेंसरसाब' ने दिवाली बोनस के तौर पर अपने कर्मचारियों…

48 minutes ago

राजस्थान के नागौर में बारूद बनाने वाली इकाई में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत

राजस्थान के नागौर में पटाखों के गोदाम में भीषण आग के बाद हुए जोरदार धमाके…

49 minutes ago

काल बना पहाड़ी सफर! उत्तरकाशी में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर नदी में समाई इनोवा कार, चार की मौत

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी धर्मकुंड के समीप गुरुवार को एक…

56 minutes ago