PM Modi Philippines Visit: भारत और फिलीपींस के बीच कारोबारी रिश्ते बहुत जल्द एक नए मुकाम पर पहुंचते नजर आ रहे हैं. फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स (FICCI) फिलीपींस के अध्यक्ष विशाल विष्णु हथीरामानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित फिलीपींस दौरे को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को जबरदस्त गति देगा. पिछले कुछ सालों में भारत और फिलीपींस का व्यापार दोगुना होकर 4 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है, और अगर यही रफ्तार बनी रही, तो अगले एक दशक में यह आंकड़ा एक बार फिर दोगुना हो सकता है.
कारोबार के साथ-साथ दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग भी लगातार मजबूत हो रहा है. फिलीपींस द्वारा भारत के साथ ब्रह्मोस मिसाइल का ऐतिहासिक सौदा किए जाने के बाद से सैन्य और रक्षा क्षेत्र में साझेदारियों की नई राह खुली है. आने वाले दिनों में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और रक्षा उद्योग से जुड़ी कंपनियों के लिए आपसी सहयोग के द्वार और अधिक चौड़े होने की पूरी उम्मीद है.
इसके अलावा, फिलीपींस को भारत के लिए आसियान (ASEAN) देशों के बाजार तक पहुंचने का एक मजबूत पुल माना जा रहा है. चूंकि दोनों देश बड़े लोकतांत्रिक देश हैं और यहां अंग्रेजी भाषा का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है, इसलिए भारतीय कंपनियों के लिए वहां कारोबार जमाना काफी आसान हो जाता है.
दोनों देशों के निजी निवेशकों को बढ़ावा देने के लिए फिलीपींस के विक्टोरिया में एक विशेष औद्योगिक पार्क बनाने की योजना पर काम चल रहा है. मनीला से महज दो घंटे की दूरी पर बनने वाले इस पार्क का मकसद भारतीय फार्मा, आईटी और बीपीओ कंपनियों को एक बेहतरीन बिजनेस जोन उपलब्ध कराना है. इसके अलावा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वीजा ऑन अराइवल और सीधी उड़ानों जैसी सुविधाएं भी दोनों देशों के रिश्तों को प्रगाढ़ कर रही हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक सप्लाई चेन में चीन पर निर्भरता कम करने के बीच, भारत और आसियान देश मिलकर वैश्विक व्यापार में एक नया विकल्प पेश कर रहे हैं. हाल ही में फिलीपींस पहुंचे भारतीय कारोबारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भी वहां निवेश को लेकर गहरी दिलचस्पी दिखाई है, जिससे आने वाले दिनों में आर्थिक साझेदारी के नए द्वार खुलने तय हैं.
यह भी पढ़ें: हासन से मंगलुरु की खूबसूरत वादियों के बीच दौड़ेगी वंदे भारत: पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी
-भारत एक्सप्रेस
कर्नाटक के कोडागु में एक महिला अपनी 8 महीने की बच्ची को सूटकेस में बंद…
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ED ने गिरफ्तार कर लिया…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु से वर्चुअली और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलुरु जंक्शन…
राहुल गांधी के फोन टैपिंग वाले आरोप पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने…
प्रयागराज में भगवान श्री चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा के दौरान भीड़ में फँसी एक एम्बुलेंस…
Chhath Puja History Mythology Raja Priyavrat Story: पौराणिक मान्यता है कि महाराज मनु के पुत्र…