देश

संसदीय दल की बैठक में PM Modi के समर्थन में Nitish Kumar के अलावा क्या बोले NDA घटक दल के नेता

लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब सरकार बनाने की कवायद चल रही है. इस कड़ी में संसद भवन में एनडीए संसदीय दल की बैठक हुई. इस बैठक में एनडीए के तमाम घटक दल के नेता शामिल हुए और राजनाथ सिंह की ओर से पीएम मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता नामित करने के प्रस्ताव का समर्थन किया गया.

पीएम मोदी के समर्थन में अमित शाह, नितिन गडकरी, अनुप्रिया पटेल, नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी समेत एनडीए में शामिल दलों के नेताओं ने भाषण दिए. आइए देखते हैं, उन्होंने क्या कहा.

अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अभी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा सदन के नेता, भाजपा संसदीय दल के नेता और एनडीए संसदीय दल के नेता के रूप में नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा है, इसका मैं समर्थन करता हूं. यह प्रस्ताव 140 करोड़ की देश की जनता के मन का प्रतिघोष है.

नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जो प्रस्ताव रखा है, उसका मैं अनुमोदन करता हूं. पिछले 10 साल में उनके साथ कार्य करने का सौभाग्य हमें मिला. हमारा देश सुखी हो, संपन्न हो, समृद्ध हो, विश्व की महाशक्ति बने और समाज के सर्वांगीण क्षेत्र में उन्नति और विकास हो, इसके लिए समर्पित भाव से उन्होंने काम किया. मुझे इस बात का भरोसा है कि केवल देश को ही नहीं अपने कार्य से इन्होंने विदेश को भी प्रभावित किया है. 10 साल में जो काम हुआ वो शुरुआत थी, आने वाले पांच सालों में हम विश्व की एक महान ताकत बनेंगे.

नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के नेता नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी पार्टी भाजपा संसदीय दल के नेता नरेंद्र मोदी को भारत के प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन देती है। यह बहुत खुशी की बात है कि 10 साल से ये पीएम हैं और फिर पीएम होने जा रहे हैं. इन्होंने पूरे देश की सेवा की. हमें पूरा भरोसा है कि जो भी बचा हुआ है अगली बार सब पूरा कर देंगे. हम लोग पूरे तौर पर, सब दिन इनके साथ रहेंगे, ये जैसे भी करेंगे, जो करेंगे वह सब बहुत अच्छा है.

उन्होंने कहा कि हमें लगता है कि अगली बार जब आएंगे तो कुछ सीट जो ये (विपक्ष) जीत गए हैं, अगली बार सब हारेंगे. हमें पूरा भरोसा है. विपक्ष बिना मतलब की बात बोलता है. इन लोगों ने कोई काम नहीं किया, देश की कोई सेवा नहीं की, लेकिन आपने इतनी सेवा की है कि इस बार जनता ने आपको फिर मौका दिया है और इस बार जब आप सेवा करेंगे तो फिर अगली बार विपक्ष के पास कुछ नहीं रहेगा.

उन्होंने आगे कि अगले पांच साल में बिहार और देश बहुत आगे बढ़ेगा. बिहार का भी सभी काम हो ही जाएगा. जो बचा हुआ काम है उसे भी पूरा किया जाएगा, इसलिए हम हर काम में आपके साथ रहेंगे, हम लोग मिलकर चलेंगे. मेरा आग्रह है कि आपका शपथ ग्रहण जल्द हो जाए, हम तो चाहते थे कि रविवार के बजाए शपथ ग्रहण आज ही हो जाता तो अच्छा था.

चंद्रबाबू नायडू

एनडीए संसदीय दल की बैठक में टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा. उन्होंने कहा कि हम सभी को बधाई देते हैं, हमने शानदार बहुमत हासिल किया है. मैंने चुनाव प्रचार के दौरान देखा है कि तीन महीने तक पीएम मोदी ने कभी आराम नहीं किया. दिन-रात उन्होंने प्रचार किया. आंध्र प्रदेश में हमने 3 जनसभाएं और 1 बड़ी रैली की और आंध्र प्रदेश में चुनाव जीतने में बहुत बड़ा अंतर पैदा किया.


ये भी पढ़ें: ‘संविधान को नमन कर माथे से लगाया’, PM Modi बोले- हमारा ये अलायंस सच्चे अर्थ में भारत की आत्मा है


पवन कल्याण

जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने राजनाथ सिंह के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आप देश को प्रेरित करते हैं. जब तक आप इस देश के प्रधानमंत्री हैं, कोई भी भारत की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकता. हमारा देश कभी किसी के सामने नहीं झुकेगा.

अनुप्रिया पटेल

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हम सब के समक्ष एक प्रस्ताव रखा है, मैं अपनी पार्टी ‘अपना दल’ की ओर से एनडीए संसदीय दल के नेता के पद पर नरेंद्र मोदी के नाम का पूरे दिल से समर्थन करती हूं.’

जीतन राम मांझी

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (एस) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने पीएम मोदी समेत सभी सांसदों को बधाई और शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि मैं और मेरी पार्टी नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता नामित करने के प्रस्ताव का समर्थन करती है. हम सदन को आश्वस्त करना चाहते हैं कि हम हर हालत में नरेंद्र मोदी और एनडीए के साथ रहेंगे.

चिराग पासवान

लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने सदन में मौजूद तमाम नेताओं का अभिवादन करते हुए कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से जो प्रस्ताव आया है, उस पर मैं अपनी पार्टी की तरफ से एनडीए संसदीय दल के नेता पद पर नरेंद्र मोदी के नाम का समर्थन करता हूं.

उन्होंने कहा कि अंत में मैं इतना जरूर कहूंगा कि मेरे नेता, मेरे पिता रामविलास पासवान ने एक सपना देखा था. उन्होंने कहा था कि मैं उस घर में दिया जलाने चला हूं, जिस घर में सदियों से अंधेरा है. मुझे लगता है उनके इस सपने को उनके इस लक्ष्य को और करोड़ों देशवासियों को अंधकार से निकालने की उम्मीद एक मात्र आप हैं, इसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद.

अजित पवार

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सभी सांसदों का अभिनंदन करते हुए कहा कि आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और नितिन गडकरी ने एक प्रस्ताव रखा है. उस प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए मैं यहां पर खड़ा हूं. मेरी पार्टी एनडीए संसदीय दल के नेता पद पर नरेंद्र मोदी के नाम का समर्थन करती है.

एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और स्वर्णिम है. पीएम नरेंद्र मोदी को एनडीए के संसदीय दल के नेता का राजनाथ सिंह ने जो प्रस्ताव रखा है, उस प्रस्ताव का मैं शिवसेना की तरफ से पूरा समर्थन करता हूं.

-भारत एक्सप्रेस

Bharat Express Desk

Recent Posts

ट्रंप की पार्टी हारी तो चमकने लगा सोना, क्या धनतेरस पर खरीदारी का सही मौका है? समझिए पूरा खेल

Gold on Dhanteras: धनतेरस से पहले सोने की कीमतों में फिर तेजी आने लगी है.…

50 minutes ago

Dhanteras Special: धन का धर्म और मर्म- धन्वन्तरि, लक्ष्मी-नारायण और कुबेर की कथाओं से समझें क्या है असली समृद्धि

Dhanteras 2026: धन का धर्म और मर्म. धनतेरस पर भगवान धन्वन्तरि, श्री लक्ष्मी-विष्णु और कुबेर…

1 hour ago

Dhanteras 2026: धनतेरस पर क्यों खरीदते हैं नई चीजें? जानें खरीदारी का मुहूर्त और ‘यम दीप’ की मान्यता

Dhanteras kab hai: धनतेरस न केवल भौतिक वस्तुओं की खरीदारी का, बल्कि आरोग्य और सुरक्षा…

4 hours ago