महाराष्ट्र के नांदेड़ में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मामले का संज्ञान लिया है. सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने गुरुवार को सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत की और सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली.
बताया जा रहा है कि इस बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने उनकी तबीयत को लेकर चिंता जताई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की. घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार भी तुरंत सक्रिय हो गई और पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच का निर्देश दिया गया है.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात कर सुखबीर सिंह बादल का हाल जाना. शिंदे ने घटना पर चिंता जताते हुए भरोसा दिलाया कि हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने साफ कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
घटना के बाद शिंदे ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से सीधे बात की और मौके की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए. साथ ही यह भी पता लगाने को कहा गया कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को हमले के पीछे की वजह और आरोपी की मंशा का पता लगाने के निर्देश दिए हैं. सरकार की ओर से मामले की हर पहलू से जांच किए जाने की बात कही गई है.
महाराष्ट्र के गृह मंत्री योगेश कदम ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस महानिरीक्षक से बातचीत की है. उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री ने घटना की पूरी जांच के आदेश दिए हैं.
पुलिस के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी में जसपाल सिंह नाम के व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की. हमले के दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे ने उन्हें बचाने की कोशिश की. इस दौरान पुलिसकर्मी भी घायल हो गए.
पुलिस का कहना है कि हमले में सुखबीर सिंह बादल और इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे के हाथों में चोट आई है. दोनों को इलाज के लिए यशो साई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
हमले के बाद पुलिस ने आरोपी जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. गृह मंत्री योगेश कदम के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से गुरुद्वारे में स्वयंसेवक के तौर पर काम कर रहा था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने हमला क्यों किया और इसके पीछे उसकी वास्तविक मंशा क्या थी?
ये भी पढ़ें: जयपुर से कोटा तक बदला चुनावी समीकरण, जानें आपके शहर में किस वर्ग के लिए आरक्षित हुआ मेयर का पद?
-भारत एक्सप्रेस
Onion Price Inflation: प्याज की महंगाई दर 108.09% पहुंच गई है लेकिन दिलचस्प बात यह…
CJP एक्टिविस्ट अभिजीत दिपके का दिल्ली एयरपोर्ट पर विरोध किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया…
IND vs WI: हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को…
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यूएई के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद…
Ankita Bhandari Case: अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर इंडिया गेट पर…
Weather Update Today: IMD ने 22 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी…