देश

केंद्र ने दी 57 केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी, 20 वहां खोले जाएंगे जहां अब तक एक भी नहीं है…परियोजना पर 5,862 करोड़ होंगे खर्च

देश में केंद्रीय विद्यालयों (Kendriya Vidhyalaya-KV) की संख्या में इजाफा होने जा रहा है. बुधवार (1 अक्टूबर) को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देशभर में सिविल सेक्टर के तहत 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने को मंजूरी दी है. इस परियोजना पर 5,862 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे. वर्तमान में 1,288 केंद्रीय विद्यालय हैं, जिनमें से 3 विद्यालय विदेशों में (मॉस्को, काठमांडू और तेहरान) स्थित हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने यह स्वीकृति दी है.

इन विद्यालयों को मुख्यत केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए स्वीकृत किया गया है. हालिया 57 विद्यालयों में से 7 गृह मंत्रालय द्वारा प्रायोजित हैं, जबकि शेष 50 राज्य व केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा प्रायोजित हैं. ये विद्यालय विशेषकर वंचित और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में खोले जाएंगे.

  • 20 विद्यालय उन जिलों में हैं जहां अभी तक कोई केंद्रीय विद्यालय मौजूद नहीं है.
  • 14 केंद्रीय विद्यालय आकांक्षी जिलों में खोले जाने हैं.
  • 4 केंद्रीय विद्यालय वामपंथी उग्रवाद प्रभावित जिलों में शुरू होंगे
  • 5 विद्यालय उत्तर-पूर्वी और पहाड़ी क्षेत्रों में खोले जाएंगे.

इन 57 नए विद्यालयों की स्थापना पर कुल 5862.55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जो वर्ष 2026-27 से अगले नौ वर्षों में खर्च होंगे. इसमें 2585.52 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय और 3277.03 करोड़ रुपये ऑपरेशनल खर्च शामिल हैं.

सभी 57 विद्यालयों में प्री प्राइमरी की व्यवस्था होगी

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत, पहली बार इन सभी 57 विद्यालयों में बालवाटिका (प्री प्राइमरी) की भी व्यवस्था होगी. भारत सरकार ने वर्ष 1962 में केंद्रीय विद्यालय योजना को मंजूरी दी थी ताकि पूरे देश में एक समान मानक की शिक्षा प्रदान की जा सके. विशेषकर ये विद्यालय केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों, रक्षा बलों और अर्धसैनिक बलों के बच्चों के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं. वर्तमान में 1288 केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनमें से 3 विदेशों (मॉस्को, काठमांडू और तेहरान) में स्थित हैं.

केंद्रीय विद्यालयों में 13.62 लाख बच्चे नामांकित

30 जून 2025 तक के आंकड़े बताते हैं कि केवी में लगभग 13.62 लाख छात्रों का नामांकन है. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार इन 57 नए विद्यालयों की स्थापना यह नया प्रस्ताव है. यह प्रस्ताव दिसंबर 2024 में स्वीकृत 85 केंद्रीय विद्यालयों के अतिरिक्त है. इस प्रकार अब 142 नए केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी मिल चुकी है.

एक पूर्ण विकसित केन्द्रीय विद्यालय (बालवाटिका से कक्षा 12 तक) की क्षमता लगभग 1520 छात्रों की होती है. इस प्रकार 57 नए विद्यालयों से लगभग 86,640 छात्रों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. साथ ही, प्रत्येक विद्यालय में लगभग 81 पदों के सृजन के आधार पर कुल 4617 प्रत्यक्ष स्थायी रोजगार अवसर तैयार होंगे.

अब तक 913 केंद्रीय विद्यालय पीएम श्री स्कूल घोषित

निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर से संबंधित गतिविधियों से बड़ी संख्या में कुशल व अकुशल श्रमिकों को भी रोजगार मिलेगा. शिक्षा मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुपालन में अब तक 913 केंद्रीय विद्यालयों को पीएम श्री स्कूल घोषित किया गया है. केंद्रीय विद्यालय अपनी उच्च स्तरीय शिक्षा, आधुनिक शिक्षण-पद्धति और उन्नत अवसंरचना के लिए पहले से ही देशभर में सबसे लोकप्रिय विद्यालयों में गिने जाते हैं.

शिक्षा मंत्रालय का मानना है कि केंद्रीय विद्यालयों की यह नई श्रृंखला शिक्षा की गुणवत्ता को उन राज्यों और जिलों तक पहुंचाएगी, जहां अब तक केंद्रीय विद्यालय नहीं थे या उनकी संख्या कम थी. साथ ही, यह योजना राष्ट्रीय एकीकरण, समावेशन और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी सुदृढ़ करेगी.


ये भी पढ़ें: Hurun India Rich List: हुरुन इंडिया ने जारी की भारत के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट, देश की आधी GDP के बराबर है इनका वेल्थ…मुकेश अंबानी टॉप पर


-भारत एक्सप्रेस

Md Shadan Ayaz

Recent Posts

‘ज़िंदगी के दिन कम बचे हैं…उड़ा देंगे’, कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की धमकी

Acharya Pramod Krishnam: कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की…

3 minutes ago

शराब की दुकान में घुसी बंदरिया, पूरी बोतल पीकर हुई बेसुध; फिर मचाया जमकर उत्पात

Ranchi Monkey Viral News: रांची के ओरमांझी में एक बंदरिया शराब की दुकान में घुस…

44 minutes ago

केदारनाथ में 5 महीने में 50.30 टन कचरा, पिछले तीन साल का रिकॉर्ड टूटा

Kedarnath Waste Crisis 2026: केदारनाथ में अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच 50.30 मीट्रिक टन…

1 hour ago

नागालैंड में जहरीली शराब का तांडव, 2 दिन में 19 लोगों की दर्दनाक मौत

Nagaland Spurious Liquor Deaths: साल 1990 से पूर्ण शराबबंदी वाले राज्य नागालैंड में मिलावटी और…

1 hour ago

पितृ दोष से पाना चाहते हैं हमेशा के लिए मुक्ति? 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या पर कर लें यह अचूक उपाय

Kab Hai Sarva Pitru Amavasya: पितृ पक्ष का समापन सर्वपितृ अमावस्या के साथ होता है.वर्ष…

1 hour ago