Year Ender 2025: साल 2025 अब चंद दिनों का मेहमान है. जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो यह साल सिर्फ कैलेंडर बदलने जैसा नहीं रहा. इस साल ने हमें तकनीक और विकास की नई ऊंचाइयों पर तो पहुंचाया, लेकिन साथ ही समाज के उस काले चेहरे को भी बेनकाब किया जिसे देख रूह कांप जाए. इस एक साल के भीतर बेवफाई, लालच, जलन और शातिर दिमागों ने ऐसी कहानियाँ लिखीं, जिन्हें सुनकर यकीन करना मुश्किल हो जाता है. आइए आज बात करते हैं उन खौफनाक वारदातों की, जिन्होंने 2025 में हेडलाइंस ही नहीं बनाई, बल्कि लोगों के दिलों में एक अनजाना डर भी पैदा कर दिया.
2025 की शुरुआत में ही उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी खबर आई जिसने मानवीय रिश्तों पर से भरोसा डिगा दिया. मर्चेंट नेवी के ऑफिसर सौरभ राजपूत की कहानी किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं थी. सौरभ ने अपनी पसंद से मुस्कान से शादी की थी और अपनी बेटी से बेपनाह प्यार करता था. लेकिन जब वह समंदर की लहरों के बीच अपनी ड्यूटी पर तैनात था, तब घर में बेवफाई की साजिश रची जा रही थी. मुस्कान का दिल सौरभ के ही दोस्त साहिल पर आ गया.
फरवरी में जब सौरभ अपनी बेटी का जन्मदिन मनाने घर लौटा, तो उसे अंदाजा भी नहीं था कि उसकी मौत का वारंट साइन हो चुका है. 4 मार्च की रात, खाने में नींद की गोलियां और फिर मौत. लेकिन हैवानियत यहीं नहीं रुकी. पकड़े जाने के डर से लाश के टुकड़े किए गए, उसे एक नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से पत्थर की तरह जमा दिया गया. सबसे ज्यादा दिल दहलाने वाली बात यह थी कि उनकी मासूम बेटी पड़ोसियों को चीख-चीख कर कहती रही कि पापा ड्रम में हैं, लेकिन किसी ने एक बच्ची की बात पर यकीन नहीं किया. आरोपियों ने सौरभ का फोन लेकर मनाली की यात्रा की और वहां से फोटो पोस्ट किए ताकि दुनिया को लगे कि सौरभ जिंदा है. अगर मुस्कान की अपनी मां ने पुलिस को सच न बताया होता, तो शायद यह कत्ल कभी सामने ही नहीं आता.
कहते हैं शादी के बाद हनीमून सबसे खुशनुमा वक्त होता है, लेकिन राजा रघुवंशी के लिए यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ. इंदौर का रहने वाला राजा अपनी नई दुल्हन सोनम के साथ मेघालय की हसीन वादियों में गया था. कागजों पर यह एक अरेंज मैरिज थी, लेकिन पर्दे के पीछे सोनम अपने पुराने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने का प्लान बना चुकी थी.
शिलांग की ठंडी फिजाओं में सोनम ने तीन बार राजा को मारने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रही. आखिरकार 23 मई को वेई सॉडोंग फॉल्स के पास भाड़े के हत्यारों की मदद से राजा पर चाकुओं से हमला किया गया और उसकी लाश गहरी खाई में फेंक दी गई. बाद में सोनम पकड़ी गई, लेकिन इस केस ने यह सवाल खड़ा कर दिया कि क्या हम अब अपनों के बीच भी सुरक्षित हैं?
साल 2025 में सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक ऐसी महिला का खुलासा हुआ जिसे सुनकर दुनिया दंग रह गई. 56 साल की कुलथुम अकबरी, जिसे ईरानी मीडिया ने ‘ब्लैक विडो’ का नाम दिया. पिछले 22 सालों से यह महिला अकेले और बुजुर्ग पुरुषों को अपना शिकार बना रही थी. वह उनसे शादी करती, उन्हें डायबिटीज या ब्लड प्रेशर की गलत दवाइयां देकर जहर देती और जब वे कमजोर हो जाते, तो तौलिए से उनका दम घोंट देती. कम से कम 11 से 15 हत्याएं करने के बाद जब वह पकड़ी गई, तो उसने बड़े ठंडे दिमाग से कहा- “मुझे खुद याद नहीं मैंने कितनों को मारा.”
हर अपराध खून-खराबे वाला नहीं होता, कुछ चोरियां दिमाग चकरा देने वाली होती हैं. पेरिस के मशहूर लूव्र म्यूजियम में अक्टूबर की एक सुबह सिर्फ चार मिनट के अंदर लुटेरों ने 102 मिलियन डॉलर (करीब 850 करोड़ रुपये) के गहने साफ कर दिए. चोरों ने नकाब पहनकर बालकनी से प्रवेश किया और पावर टूल्स से खिड़की काटकर नेपोलियन के समय के बेशकीमती मुकुट और नीलम के गहने चुरा लिए. पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ा जरूर है, लेकिन वो खजाना आज भी गायब है.
साल के अंत में हरियाणा के पानीपत से जो खबर आई, उसने नफरत की एक नई और डरावनी परिभाषा दी. एक महिला ने अपनी ही छह साल की भतीजी विधि को पानी के टब में डुबोकर मार दिया. वजह? पुलिस के मुताबिक, महिला नहीं चाहती थी कि परिवार की कोई भी लड़की उससे या उसके बच्चों से ज्यादा खूबसूरत दिखे. जांच में पता चला कि वह इससे पहले भी तीन बच्चों को इसी तरह मार चुकी थी.
ये भी पढ़ें- चिता सज चुकी थी, आग लगने ही वाली थी… तभी श्मशान पहुंची पुलिस और उठा ले गई लाश!
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी पेट्रोलियम के आयात पर प्रतिबंध लगाने वाले…
SP BJP Poster War: यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भगवान कृष्ण के नाम…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के खूंटी जिले में एक सड़क दुर्घटना के दौरान सात…
Delhi AQI Today: दिल्ली में प्रदूषण का प्रकोप जारी है और AQI 700 के पार…
CM Yogi: उत्तर प्रदेश में किसानों को फसल नुकसान पर अब 25 से 30 फीसदी…
धनतेरस के पावन अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं की ओर से…