IPL 2025 RCB Vs PBKS: विराट कोहली (नाबाद 73 ) और देवदत्त पडिक्कल (61) के शानदार अर्धशतकों से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पंजाब किंग्स को उसके ही घरेलू मैदान में रविवार को आईपीएल मुकाबले में सात गेंद शेष रहते सात विकेट से हराकर पिछली हार का बदला चुका लिया. आरसीबी ने क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा की शानदार गेंदबाजी के दम पर पंजाब को छह विकेट पर 157 रन पर रोक दिया और फिर 18.5 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाकर एकतरफा जीत हासिल की.
आरसीबी की आठ मैचों में यह पांचवीं जीत है और वह 10 अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गयी है जबकि पंजाब को आठ मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा और वह तालिका में चौथे स्थान पर है. आरसीबी ने इस सीजन घर से बाहर के अपने बेहतरीन रिकॉर्ड को बरकरार रखा है. थोड़ी धीमी पिच पर पहले उनके स्पिनरों, फिर तेज गेंदबाजों और फिर बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, जिसकी वजह से उन्हें यह आसान जीत मिली.
शुक्रवार की रात को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने घर में करारी शिकस्त झेलने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बदला चुका लिया. पंजाब को 157 रन पर रोकने के बाद आरसीबी ने 18.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. रन मशीन विराट कोहली ने 54 गेंदों पर नाबाद 73 रन में सात चौके और एक छक्का लगाया. इसके साथ ही विराट ने 67 बार 50 से ज्यादा का स्कोर आईपीएल में बनाया और उन्होंने डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
फिल साल्ट के पहले ओवर में आउट होने के बाद विराट ने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 103 रन की शतकीय साझेदारी की और आरसीबी को जीत के करीब ला दिया. पडिक्कल 35 गेंदों में पांच चौकों और चार छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर टीम के 109 के स्कोर पर आउट हुए.
विराट ने फिर कप्तान रजत पाटीदार के साथ स्कोर को 143 तक पहुंचाया. पाटीदार 13 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए. जितेश शर्मा ने आठ गेंदों पर नाबाद 11 रन बनाकर मैच समाप्त किया. जितेश ने नेहाल वढेरा के पारी के 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर विजयी छक्का मारा.
इससे पहले आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पंजाब की टीम 42 रन की तेज साझेदारी के बावजूद विकेट गंवाती चली गयी. क्रुणाल ने दोनों ओपनरों को आउट किया. प्रियांश आर्य ने 15 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाये जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 17 गेंदों पर 33 रन में पांच चौके और एक छक्का मारा. कप्तान श्रेयस अय्यर एक बार फिर सस्ते में आउट हुए. उन्होंने 10 गेंदों में छह रन बनाये. नेहाल वढेरा पांच रन बनाकर रन आउट हुए. जोश इंगलिस 17 गेंदों में 29 रन बनाकर 14वें ओवर में सुयश शर्मा का शिकार बने.
सुयश ने इसी ओवर में मार्कस स्टॉयनिस को भी पांचवीं गेंद पर पवेलियन भेजा. मार्को यानसन ने 20 गेंदों पर दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 25 रन ठोके और पंजाब को 157 के स्कोर तक पहुंचाया. यानसन ने पारी की आखिरी गेंद पर जोश हेजलवुड पर छक्का मारा.
पंजाब के बल्लेबाजों ने आखिरी सात ओवरों में सिर्फ 46 रन बनाए, जिसके कारण वह अच्छी शुरूआत के बाद भी सिर्फ 157 रन तक ही पहुंच सके. अपनी आतिशी बल्लेबाजी के लिए माने जाने वाले शशांक सिंह का बल्ला शांत रहा और वह 100 से भी कम स्ट्राइक रेट पर 33 गेंदों पर नाबाद 31 रन ही बना पाए, जिसमें सिर्फ एक चौका शामिल था. आरसीबी के लिए शुरूआती दौर में उनके स्पिनरों क्रुणाल और सुयश ने कमाल किया और दो-दो विकेट झटके. अंतिम ओवरों में भुवनेश्वर और हेजलवुड ने बेहतरीन गेंदबाजी की.
-भारत एक्सप्रेस
E20 Petrol Quality Check: कर्नाटक में पेट्रोल के 14 सैंपल की जांच में 11 में…
Delhi NCR Weather: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर गंभीर होता जा रहा है. शनिवार सुबह…
Aaj Ka Panchang 7 November 2026: आज 7 नवंबर को काली चौदस और मासिक शिवरात्रि…
Aaj Ka Rashifal 7 November 2026: 7 नवंबर 2026 का दिन कन्या और मिथुन समेत…
केंद्र सरकार ने ECMS के तहत 12 नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी. ₹7,500 करोड़ से…
Meerut Fake Silver Foil Factory: मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव में खाद्य…