विराट कोहली.
IPL 2025: रन मशीन के नाम से दुनियाभर में मशहूर विराट कोहली इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में आरसीबी के लिए अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से विरोधी दल के गेंदबाजों को दिन में तारे दिखा रहे हैं. गुरुवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भले ही आरसीबी को हार का सामना करना पड़ा. लेकिन, विराट ने अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज करा लिया है.
विराट कोहली टूर्नामेंट के इतिहास में 1000 चौके-छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के इस दिग्गज खिलाड़ी ने अब तक सभी 18 आईपीएल सीजन खेले हैं, उन्होंने आईपीएल 2025 के 24वें मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की.
कोहली का यह रिकॉर्ड आरसीबी की पारी के चौथे ओवर में आया जब उन्होंने डीसी कप्तान अक्षर पटेल की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर गगनचुंबी छक्का लगाया और इस तरह उन्होंने 1000 चौके-छक्के का आंकड़ा छू लिया जिसमें 721 चौके और 280 छक्के शामिल हैं.
वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा चौके लगाने के मामले में शीर्ष पर बने हुए हैं और छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल (357) और रोहित शर्मा (282) से पीछे हैं.
कोहली की ऐतिहासिक उपलब्धि के बावजूद, केएल राहुल ने 53 गेंदों पर नाबाद 93 रन बनाकर सुर्खियां बटोरी, जिससे दिल्ली कैपिटल्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर छह विकेट से जीत मिली. अपने घर पर केएल राहुल ने अपनी बल्लेबाजी से डीसी को जीत की दहलीज तक पहुंचाया. खासकर तब, जब डीसी 164 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 58 रनों पर 4 विकेट गंवा चुकी थी.
इससे पहले, आरसीबी ने फिल साल्ट और कोहली की शानदार शुरुआत के बाद 163 रन बनाए. लेकिन दिल्ली कैपिटल्स की स्पिन जोड़ी अक्षर और कुलदीप यादव की गेंदबाजी ने बीच के ओवरों में आरसीबी के बल्लेबाजों पर ब्रेक लगा दिया.
यह भी पढ़ें- IPL 2025: दिल्ली कैपिटल्स की लगातार चौथी जीत, केएल राहुल की नाबाद 93 रन की पारी से RCB पस्त
आरसीबी के खिलाफ रन चेज करने के दौरान केएल राहुल को ट्रिस्टन स्टब्स का साथ मिला. ट्रिस्टन स्टब्स ने 23 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाए. राहुल ने पांचवें विकेट के लिए रिकॉर्ड 111 रन की साझेदारी की. जो दिल्ली कैपिटल्स के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है. उनकी पारी में सात चौके और छह छक्के शामिल थे. डीसी ने इस साझेदारी के दम पर 17.5 ओवर में 13 गेंदें शेष रहते हुए जीत हासिल कर ली.
-भारत एक्सप्रेस
E20 Petrol Quality Check: कर्नाटक में पेट्रोल के 14 सैंपल की जांच में 11 में…
Delhi NCR Weather: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर गंभीर होता जा रहा है. शनिवार सुबह…
Aaj Ka Panchang 7 November 2026: आज 7 नवंबर को काली चौदस और मासिक शिवरात्रि…
Aaj Ka Rashifal 7 November 2026: 7 नवंबर 2026 का दिन कन्या और मिथुन समेत…
केंद्र सरकार ने ECMS के तहत 12 नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी. ₹7,500 करोड़ से…
Meerut Fake Silver Foil Factory: मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव में खाद्य…