नवीनतम

PM Modi Gujarat Visit: गुजरात में C-295 विमान निर्माण कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करेंगे पीएम, ₹4900 करोड़ की अन्य परियोजनाएं भी शुरू होंगी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर गुजरात दौरे पर रहेंगे. वे 28 अक्टूबर को यहां अलग-अलग जिलों में कई परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे. पीएमओ की ओर से उनके गुजरात में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई है.

पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी 28 अक्टूबर की सुबह लगभग 10 बजे, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के साथ, संयुक्त रूप से टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल) परिसर में सी-295 विमान के निर्माण हेतु टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद, लगभग 11 बजे वह वडोदरा के लक्ष्मी विलास पैलेस जायेंगे. वडोदरा से प्रधानमंत्री अमरेली जायेंगे जहां दोपहर लगभग 2:45 बजे वह अमरेली के दुधाला में भारत माता सरोवर का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा दोपहर लगभग 3 बजे वह अमरेली के लाठी में 4,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे.

वडोदरा में प्रधानमंत्री का दौरा

प्रधानमंत्री मोदी, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के साथ, संयुक्त रूप से टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल) परिसर में सी-295 विमान के निर्माण हेतु टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करेंगे. सी-295 प्रोग्राम के तहत कुल 56 विमान हैं. इनमें से 16 विमानों की आपूर्ति स्पेन से सीधे एयरबस द्वारा की जा रही है और शेष 40 विमानों का निर्माण भारत में किया जाना है.

भारत में इन 40 विमानों के निर्माण की जिम्मेदारी टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड की है. यह केन्द्र भारत में सैन्य विमानों से संबंधित निजी क्षेत्र की पहली फाइनल असेंबली लाइन (एफएएल) होगी. इसमें विमान के निर्माण से लेकर संयोजन, परीक्षण एवं योग्यता, वितरण और विमान के संपूर्ण जीवनचक्र के रखरखाव तक से संबंधित एक संपूर्ण इकोसिस्टम का पूर्ण विकास शामिल होगा.

इस कार्यक्रम में टाटा के अलावा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और भारत डायनेमिक्स लिमिटेड जैसी रक्षा से संबंधित सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख इकाइयों के साथ-साथ निजी क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम भी योगदान देंगे.

इससे पहले, अक्टूबर 2022 में प्रधानमंत्री ने वडोदरा में फाइनल असेंबली लाइन (एफएएल) का शिलान्यास किया था.

अमरेली में प्रधानमंत्री का दौरा

प्रधानमंत्री अमरेली के दुधाला में भारत माता सरोवर का उद्घाटन करेंगे. यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत गुजरात सरकार और ढोलकिया फाउंडेशन के बीच सहयोग के जरिए विकसित की गई है. ढोलकिया फाउंडेशन ने एक चेक डैम का उन्नयन किया. मूल रूप से, यह बांध 4.5 करोड़ लीटर पानी रोक सकता था. लेकिन इसे गहरा करने, चौड़ा करने और मजबूत करने के बाद, इसकी क्षमता बढ़कर 24.5 करोड़ लीटर हो गई है. इस उन्नयन से आस-पास के कुओं एवं कूपों में जलस्तर बढ़ गया है जिससे स्थानीय गांवों और किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा प्रदान करने में मदद मिलेगी.

एक सार्वजनिक समारोह में, प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के अमरेली में लगभग 4,900 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं से राज्य के अमरेली, जामनगर, मोरबी, देवभूमि द्वारका, जूनागढ़, पोरबंदर, कच्छ और बोटाद जिले के नागरिकों को लाभ होगा.

प्रधानमंत्री मोदी 2,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. उद्घाटन की जाने वाली परियोजनाओं में एनएच 151, एनएच 151ए एवं एनएच 51 और जूनागढ़ बाईपास के विभिन्न खंडों को चार लेन का बनाना शामिल है. जामनगर जिले के ध्रोल बाईपास से मोरबी जिले के अमरान तक के शेष खंड को चार लेन का बनाने वाली परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा.

प्रधानमंत्री मोदी लगभग 1,100 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई भुज-नालिया रेल गेज परिवर्तन परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इस व्यापक परियोजना में 24 बड़े सेतु, 254 छोटे सेतु, 3 रोड ओवरब्रिज और 30 रोड अंडरब्रिज शामिल हैं और यह कच्छ जिले के सामाजिक-आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

प्रधानमंत्री मोदी अमरेली जिले के जल आपूर्ति विभाग की 700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. उद्घाटन की जाने वाली परियोजनाओं में नवदा से चावंड बल्क पाइपलाइन शामिल है जो बोटाद, अमरेली, जूनागढ़, राजकोट और पोरबंदर जिले के 36 शहरों तथा 1,298 गांवों के लगभग 67 लाख लाभार्थियों को अतिरिक्त 28 करोड़ लीटर पानी प्रदान करेगी. भावनगर जिले में पसवी समूह की संवर्धित जल आपूर्ति योजना के दूसरे चरण का शिलान्यास भी किया जायेगा, जिससे भावनगर जिले के महुवा, तलाजा और पालीताना तालुका के 95 गांवों को लाभ होगा.

प्रधानमंत्री मोदी पर्यटन से जुड़ी विभिन्न विकास संबंधी पहलों का शिलान्यास भी करेंगे, जिसमें पोरबंदर जिले के मोकरसागर में करली पुनर्भरण जलाशय को एक विश्वस्तरीय टिकाऊ इको-पर्यटन स्थल में बदलना शामिल है.

– भारत एक्‍सप्रेस

Bharat Express Desk

Recent Posts

‘जो इंद्रियों को वश में रखता है, वही पाता है परम शांति…’ पीएम मोदी के इस सोशल मीडिया पोस्ट ने जीता करोड़ों लोगों का दिल

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता का एक प्रसिद्ध संस्कृत…

2 minutes ago

मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारे में पीएम मोदी ने टेका माथा, रखी पुनर्निर्माण की आधारशिला

पीएम मोदी ने अपने फिलीपींस दौरे के दूसरे दिन मनीला में 100 साल से अधिक…

10 minutes ago

फिरोजाबाद में जमीन विवाद में प्रदीप यादव की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Pradeep Yadav Murder Firozabad: उत्तर प्रदेश के एका थाना क्षेत्र में प्रदीप यादव की हत्या…

11 minutes ago

मनीला में पीएम मोदी का दूसरा दिन, क्वाड नेताओं की मीटिंग समेंत जानें कैसा है शेड्यूल?

PM Modi Philippines Visit: पीएम मोदी अपने फिलीपींस दौरे के दूसरे दिन मनीला में 23वें…

21 minutes ago

ना ठाकुर, ना ब्राह्मण… जिस पर यह समाज मेहरबान, उसी के हाथ आती है यूपी की सत्ता! CM योगी ने किसे किया याद?

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में पासी समाज की आबादी करीब 1.25 करोड़ बताई जाती है.…

36 minutes ago

3 हफ्ते में तीसरा तूफान! 7 राज्यों में ‘अकवान’ का अलर्ट, दिल्ली-यूपी मौसम से रहें सावधान

India Weather Update: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात 'अकवान' से आंध्र, तमिलनाडु और ओडिशा में…

39 minutes ago